App

ENG vs PAK: Joe Root ने रचा इतिहास, रिकी पोंटिंग और स्टीव वॉ को छोड़ा पीछे, अब सचिन तेंदुलकर के वर्ल्ड रिकॉर्ड पर नजर

पाकिस्तान के खिलाफ तीसरे टेस्ट में उतरते ही जो रूट ने टेस्ट क्रिकेट में बड़ा रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया. वह स्टीव वॉ और रिकी पोंटिंग को पीछे छोड़कर सबसे ज्यादा टेस्ट खेलने वाले तीसरे खिलाड़ी बन गए हैं. अब उनकी नजर सचिन तेंदुलकर के वर्ल्ड रिकॉर्ड पर है.

ENG vs PAK: Joe Root ने रचा इतिहास, रिकी पोंटिंग और स्टीव वॉ को छोड़ा पीछे, अब सचिन तेंदुलकर के वर्ल्ड रिकॉर्ड पर नजर
Image Credit: Joe Root Record

इंग्लैंड के धुरंधर बल्लेबाज और कप्तान जो रूट ने टेस्ट क्रिकेट में इतिहास रच दिया है. 35 साल के दिग्गज बल्लेबाज जो रूट ने टेस्ट क्रिकेट में एक और बड़ा मुकाम हासिल कर लिया है. पाकिस्तान के खिलाफ बर्मिंघम के एजबेस्टन मैदान पर बुधवार (9 सितंबर) से शुरू हुए तीसरे टेस्ट में उतरते के साथ ही जो रूट ने ऑस्ट्रेलिया के दिग्गज क्रिकेटर्स स्टीव वॉ और रिकी पोंटिंग के रिकॉर्ड्स तोड़ दिए हैं. जो रूट इसके साथ ही टेस्ट क्रिकेट के इतिहास में सबसे ज्यादा मैच खेलने वाले खिलाड़ियों की लिस्ट में तीसरे नंबर पर आ गए हैं.

भारत के खिलाफ दिसंबर 2012 में नागपुर में टेस्ट डेब्यू करने वाले जो रूट अब अपना 169वां टेस्ट मैच खेल रहे हैं. वहीं, ऑस्ट्रेलिया के स्टीव वॉ और रिकी पोंटिंग ने अपने करियर में 168-168 टेस्ट मैच खेले थे. जो रूट ने 169वें टेस्ट के साथ दोनों ऑस्ट्रेलियाई दिग्गजों को पीछे छोड़ दिया है. टेस्ट क्रिकेट में सबसे ज्यादा मैच खेलने के मामले में अब रूट से आगे सिर्फ सचिन तेंदुलकर और जेम्स एंडरसन हैं. सचिन तेंदुलकर ने भारत के लिए अपने 24 साल लंबे करियर में कुल 200 टेस्ट मैच खेले. वहीं, इंग्लैंड के तेज गेंदबाज जेम्स एंडरसन ने 2003 से 2024 के बीच 188 टेस्ट खेले.

दुनिया में सबसे ज्यादा टेस्ट मैच खेलने वाले क्रिकेटर

1. सचिन तेंदुलकर (भारत) - 200

2. जेम्स एंडरसन (इंग्लैंड) - 188

3. जो रूट (इंग्लैंड) - 169

4. रिकी पोंटिंग (ऑस्ट्रेलिया) - 168

5. स्टीव वॉ (ऑस्ट्रेलिया) - 168

6. स्टुअर्ट ब्रॉड (इंग्लैंड) - 167

सचिन के वर्ल्ड रिकॉर्ड पर रूट की नजर

अपने 169वें टेस्ट में जो रूट की नजर पाकिस्तान के खिलाफ एक और जीत पर होगी. इंग्लैंड ने सीरीज के पहले दोनों मुकाबलों में पाकिस्तान को एकतरफा अंदाज में हराया है. अगर इंग्लैंड तीसरा टेस्ट भी जीतकर 3-0 से सीरीज क्लीन स्वीप करता है, तो कप्तान जो रूट के लिए यह एक बड़ी उपलब्धि होगी. बर्मिंघम टेस्ट में जो रूट के पास एक बड़ा वर्ल्ड रिकॉर्ड अपने नाम करने का मौका है. टेस्ट क्रिकेट में सबसे ज्यादा अर्धशतक लगाने के मामले में फिलहाल सचिन तेंदुलकर और जो रूट 68-68 फिफ्टी के साथ बराबरी पर हैं. अगर जो रूट तीसरे टेस्ट में एक और अर्धशतक लगा देते हैं, तो वह सचिन तेंदुलकर को पीछे छोड़कर टेस्ट क्रिकेट में सबसे ज्यादा अर्धशतक लगाने वाले बल्लेबाज बन जाएंगे.

इंग्लैंड में रूट रच सकते हैं इतिहास

एजबेस्टन टेस्ट जो रूट के लिए एक और वजह से ऐतिहासिक है. यह इंग्लैंड में तीनों फॉर्मेट मिलाकर उनका 200वां इंटरनेशनल मैच है. इंग्लैंड में खेले गए मुकाबलों में जो रूट अब तक 11928 इंटरनेशनल रन बना चुके हैं. यानी उन्हें 12000 रन पूरे करने के लिए सिर्फ 72 रन और चाहिए. अगर जो रूट इस टेस्ट में 72 रन बना लेते हैं, तो वह इंग्लैंड की धरती पर तीनों फॉर्मेट में 12000 इंटरनेशनल रन पूरे करने वाले दुनिया के पहले खिलाड़ी बन जाएंगे. अब तक दुनिया में सिर्फ पांच खिलाड़ी ऐसे रहे हैं, जिन्होंने किसी एक देश में तीनों फॉर्मेट मिलाकर 12,000 या उससे ज्यादा इंटरनेशनल रन बनाए हैं. इस मामले में वर्ल्ड रिकॉर्ड भारत के महान बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर के नाम है. सचिन तेंदुलकर ने 1989 से 2013 के बीच भारत में तीनों फॉर्मेट मिलाकर 258 इंटरनेशनल मैच खेले और कुल 14,192 रन बनाए.

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Tarun Verma

Tarun Verma

तरुण वर्मा ज़ी न्यूज़ हिंदी डिजिटल में स्पोर्ट्स डेस्क में कार्यरत हैं. तरुण वर्मा फरवरी 2021 से ज़ी न्यूज का हिस्सा हैं. तरुण वर्मा किसी भी मैच का बारीकी से विश्‍लेषण करने में माहिर हैं. तरुण वर्मा को क्रिकेट व अन्य खेलों से जुड़ी ख़बरों के विभिन्न एंगल्स पर साइड स्टोरीज़ करने के अलावा खिलाड़ियों पर स्‍पेशल पैकेजेस बनाने में बहुत रुचि है. क्रिकेट व अन्य खेलों से जुड़ी हर छोटी-बड़ी जानकारी ज़ी न्यूज़ के पाठकों तक पहुंचाने की ज़िम्मेदारी तरुण वर्मा बख़ूबी निभाते हैं. तरुण वर्मा को क्रिकेट खेलने, किताबें पढ़ने और घूमने का बहुत शौक है. तरुण वर्मा साल 2016 में गौतम गंभीर के कोच संजय भारद्वाज का इंटरव्यू कर चुके हैं. तरुण वर्मा खेलों के कई बड़े-बड़े इवेंट्स को कवर करने का अनुभव रखते हैं. ज़ी न्यूज़ से जुड़ने से पहले तरुण वर्मा इंडिया टुडे ग्रुप मीडिया (Aajtak.in) संस्थान का भी हिस्सा रह चुके हैं. आप Tarun.Verma@India.com पर सीधे ईमेल कर इनसे जुड़ सकते हैं. तरुण वर्मा एक दशक से पत्रकारिता में सक्रिय हैं.
Read More