SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

बुमराह हैं टीम इंडिया की आधी ताकत: उनके बिना T20I में इस साल कैसा रहा रिकॉर्ड? आंकड़े दे रहे गवाही

जसप्रीत बुमराह टीम इंडिया की आधी ताकत जरूर हैं, लेकिन उनकी गैरमौजूदगी में भारत का रिकॉर्ड अच्छा नहीं रहा है. 2026 के आंकड़े इस बात की गवाही दे रहे हैं. बुमराह के बिना भारत ने 13 मुकाबले खेले हैं और सिर्फ 73 विकेट चटकाए हैं.

Written By Ritesh Kumar
Published: Oct 11, 2026, 04:53 PM IST | Updated: Oct 11, 2026, 05:01 PM IST
Image Credit: AI Graphics
Join

इसमें कहीं से दो राय नहीं है कि जसप्रीत बुमराह मौजूदा समय में सिर्फ भारत के ही नहीं, बल्कि दुनिया के टॉप गेंदबाज हैं. ये कहना गलत नहीं होगा कि वो टीम इंडिया की आधी ताकत हैं. आंकड़े भी इसकी गवाही दे रहे हैं. इस साल T20I में भारतीय टीम 13 मुकाबलों में बुमराह के बिना मैदान पर उतरी है और इन मैचों में गेंदबाजों का हाल बेहाल रहा है. 2026 में T20I में 'फुल मेंबर' टीमों के खिलाफ भारत की बॉलिंग के आंकड़े एक दिलचस्प कहानी बताते हैं.

फर्क साफ दिखता है कि बुमराह की गैरमौजूदगी में भारतीय गेंदबाजों की ताकत आधी हो जाती है. इसका नमूना हमने रांची में भी देखा, जहां भारतीय गेंदबाज 250 रन भी डिफेंड नहीं कर सके. वेस्टइंडीज के खिलाफ इस मैच में अगर बुमराह होते तो शायद कहानी कुछ और हो सकती थी.

बुमराह के बिना कैसा रहा सफर?

इस साल जसप्रीत बुमराह के बिना भारत ने 13 टी20 इंटरनेशनल मुकाबले खेले हैं. इन मैचों में भारतीय गेंदबाजों ने 29.32 की औसत और 9.37 की इकॉनमी रेट से रन लुटाते हुए 73 विकेट चटकाए हैं. इस दौरान भारतीय गेंदबाजों का स्ट्राइक रेट 18.7 का रहा है.

बुमराह के साथ कैसा रहा सफर?

2026 में अब तक के सफर पर नजर डालें तो जसप्रीत बुमराह की उपस्थिति में भारत ने 15 टी20 इंटरनेशनल मैच खेले हैं. इस दौरान भारतीय गेंदबाजों ने 22.18 की औसत और 8.77 की इकॉनमी रेट से रन देते हुए 111 विकेट चटकाए हैं और स्ट्राइक रेट 15.1 का रहा है.

विकेट में जमीन-आसमान का अंतर क्यों?

बड़ा सवाल ये है कि बुमराह की गैरमौजूदगी में टीम इंडिया 13 मैचों में सिर्फ 73 विकेट ही क्यों ले पाई है? जबकि, उनके साथ ये आंकड़ा बढ़कर 111 हो जा रहा है. दरअसल, बुमराह ना सिर्फ खुद विकेट चटकाते हैं, बल्कि साथी बॉलर को भी विकेट लेने में मदद करते हैं. उनका प्रभाव इतना है कि विरोधी टीम के बल्लेबाज उनके खिलाफ ज्यादा रिस्क नहीं लेते हैं. उनका प्लान दूसरे गेंदबाजों पर अटैक करने का होता है और इसी का फायदा बुमराह के साथ गेंदबाजी करने वाले बॉलर्स को मिलता है. दबाव बुमराह बनाते हैं और विकेट किसी और को मिलती है.

वेस्टइंडीज के खिलाफ T20I सीरीज में नहीं हैं बुमराह

वेस्टइंडीज के खिलाफ टी20 सीरीज में बुमराह टीम इंडिया का हिस्सा नहीं हैं. उनकी अनुपस्थिति में भारतीय गेंदबाजी बेहद कमजोर नजर आ रही है. अर्शदीप सिंह भी बुमराह के बिना आधे दिख रहे हैं और काफी रन लुटा रहे हैं. रांची में खेले गए सीरीज के दूसरे मुकाबले में स्कोरबोर्ड पर 249 रन बनाने के बाद भी टीम इंडिया को हार झेलनी पड़ी. 9 गेंद रहते ही वेस्टइंडीज ने बाजी मार ली और T20I इतिहास का दूसरा सबसे सफल रन चेज किया.

फील्डिंग भी बनी टीम इंडिया की मुसीबत

भारत की मुश्किलें सिर्फ उनके बॉलिंग कॉम्बिनेशन तक ही सीमित नहीं हैं. उनकी फील्डिंग भी चिंता का विषय रही है. 2025 की शुरुआत से T20I में 'फुल मेंबर' टीमों के बीच भारत ने सबसे ज्यादा कैच छोड़े हैं, साथ ही उनसे काफी बार मिसफील्डिंग और रन-आउट के मौके चूकने जैसी गलतियां भी हुई हैं.

 

2025 से अब तक हुए T20I की बात करें तो 50 मैचों में भारत ने 79 कैच छोड़े हैं, 4 स्टंपिंग मिस की है और 95 रन आउट मिस किए हैं.

यह भी पढ़ें: वो अलग लेवल का बंदा है: जिस वैभव सूर्यवंशी को गंभीर कर रहे नजरअंदाज, उसके बारे में स्टार खिलाड़ी ने बोल दी बड़ी बात
 

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

रितेश कुमार स्पोर्ट्स न्यूज करने के लिए 24 घंटे तैयार रहते हैं क्योंकि इसी से सबसे ज्यादा प्यार करते हैं. पत्रकारिता में 5 साल का अनुभव. The Lallantop से सफर शुरू हुआ और R Bharat के रास्ते अब Zee News तक पहुंचा है. स्पोर्ट्स क्षेत्र में एक सफल पत्रकार बनने का सपना है. भारतीय क्रिकेटर्स, ओलंपिक और पैरालंपिक मेडलिस्ट का इंटरव्यू करने करने का अनुभव. ट्रेडिंग खबरों में डूबे रहने का शौक है.
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES