भारतीय क्रिकेट टीम 5 मैचों की T20I सीरीज खेलने के लिए न्यूजीलैंड में लैंड कर चुकी है. व्यस्त शेड्यूल के बीच श्रेयस अय्यर एंड कंपनी के सामने कड़ी चुनौती है. ब्लैककैप्स के खिलाफ आगामी शृंखला में टीम इंडिया के स्टार विकेट कीपर बल्लेबाज ईशान किशन इतिहास रचने वाले हैं. न्यूजीलैंड के खिलाफ T20I में सबसे अधिक रन बनाने वाले भारतीयों में फिलहाल सूर्यकुमार यादव सबसे आगे हैं, लेकिन उनका ये रिकॉर्ड कुछ दिनों का मेहमान है.
न्यूजीलैंड के खिलाफ सूर्यकुमार यादव का रिकॉर्ड शानदार रहा है. सूर्या ने अपनी बैटिंग की चमक से कीवी गेंदबाजों को खूब परेशान किया है. 2021 से 2026 के बीच उन्होंने न्यूजीलैंड के खिलाफ 14 मैचों में 52.60 की औसत और 170.22 के स्ट्राइक रेट से 526 रन बनाए हैं, जिसमें एक शतक और चार अर्धशतक शामिल हैं.
साल 2026 में ईशान किशन शानदार फॉर्म में चल रहे हैं. इस कैलेंडर ईयर में टी20 इंटरनेशनल मैचों में उनसे अधिक रन किसी भारतीय बल्लेबाज ने नहीं बनाया है. आईसीसी की टी20 रैंकिंग में भी ईशान शिखर पर हैं. ऐसे में उनसे न्यूजीलैंड के खिलाफ आगामी सीरीज में भी अच्छे प्रदर्शन की पूरी उम्मीद की जा सकती है. अगर ईशान बल्ले से हिट हुए तो वो सूर्या से आगे निकल जाएंगे. इस सफर में वो रोहित शर्मा को भी पीछे छोड़ देंगे, जिन्होंने न्यूजीलैंड के खिलाफ T20I में 17 मैचों में 511 रन बनाए हैं.
ईशान किशन ने न्यूजीलैंड के खिलाफ अभी तक इस फॉर्मेट में 12 मैचों में 31.00 की औसत और 162.44 के स्ट्राइक रेट से 372 रन बनाए हैं. आगामी सीरीज में 155 रन बनाते ही वो सूर्यकुमार यादव से आगे निकल जाएंगे और न्यूजीलैंड के खिलाफ T20I में सबसे अधिक रन बनाने वाले भारतीय बन जाएंगे.
न्यूजीलैंड के खिलाफ सबसे अधिक रन बनाने वाले 5 भारतीय (टी20 इंटरनेशनल में)
सूर्यकुमार यादव- 526 रन
रोहित शर्मा- 511 रन
ईशान किशन- 372 रन
केएल राहुल- 322 रन
विराट कोहली- 311 रन
ईशान किशन के निशाने पर सूर्यकुमार यादव का एक और रिकॉर्ड होगा. सूर्या के नाम टी20 इंटरनेशनल में बतौर भारतीय किसी एक कैलेंडर ईयर में सबसे अधिक रन बनाने का रिकॉर्ड दर्ज है. पूर्व भारतीय कप्तान ने 2022 में बल्ले से धमाका मचाते हुए 31 पारियों में 187.43 के स्ट्राइक रेट से 1164 रन बनाए थे. उनका ये रिकॉर्ड भी कुछ दिनों का मेहमान है.
ईशान ने इस साल अब तक 34 पारियों में 172.06 के स्ट्राइक रेट से 1158 रन बना लिए हैं. 5 रन और बनाते ही वो सूर्यकुमार यादव से आगे निकल जाएंगे. बता दें कि पूर्ण सदस्य टीमों में एक कैलेंडर ईयर में सबसे अधिक रन बनाने का वर्ल्ड रिकॉर्ड पाकिस्तान के मोहम्मद रिजवान के नाम है. उन्होंने 2021 में 26 पारियों में 1326 रन बनाए थे.