App

महाट्रेड पर मुहर: भारी मुनाफे के साथ पंजाब किंग्स में शामिल हुए हार्दिक पांड्या, मुंबई इंडियंस में अर्शदीप की एंट्री

आईपीएल 2027 से पहले हार्दिक पांड्या और अर्शदीप सिंह की ट्रेड पर मुहर लग गई है. हार्दिक की सैलरी में भी बढ़ोतरी हुई है. पंजाब किंग्स में उनकी सैलरी 18 करोड़ रुपये होगी. अर्शदीप को भी मुंबई इंडियंस 18 करोड़ देगी.

महाट्रेड पर मुहर: भारी मुनाफे के साथ पंजाब किंग्स में शामिल हुए हार्दिक पांड्या, मुंबई इंडियंस में अर्शदीप की एंट्री

आईपीएल 2027 से पहले जिस ट्रेड की खबर सोशल मीडिया पर छाई हुई थी, उसकी अब पुष्टि हो गई है. बुधवार (11 नवंबर) को आईपीएल ने आधिकारिक बयान जारी करते हुए साफ कर दिया कि हार्दिक पांड्या और अर्शदीप सिंह की अदला-बदली हो गई है. हार्दिक भारी मुनाफे के साथ पंजाब किंग्स जा रहे हैं. मुंबई इंडियंस में उनकी सैलरी 16.5 करोड़ थी, लेकिन पंजाब किंग्स उन्हें 18 करोड़ रुपये देगी. दूसरी तरफ मुंबई इंडियंस ने अर्शदीप सिंह को 18 करोड़ रुपये में साइन किया है.

स्टार तेज गेंदबाज की सैलरी में कोई बदलाव नहीं हुआ है. पंजाब किंग्स की तरफ से खेलते हुए भी अर्शदीप की सैलरी इतनी ही थी, लेकिन दूसरी तरफ हार्दिक की सैलरी में 1.5 करोड़ की बढ़ोतरी हुई है. अर्शदीप सिंह पहली बार पंजाब किंग्स से जुदा हुए हैं. वो 2019 से इसी फ्रेंचाइजी का हिस्सा थे, लेकिन अब 5 बार की चैंपियन टीम मुंबई इंडियंस की तरफ से खेलेंगे.

हार्दिक-अर्शदीप के ट्रेड पर मुहर

IPL 2027 से पहले, मुंबई इंडियंस (MI) और पंजाब किंग्स (PBKS) ने हार्दिक पांड्या और अर्शदीप सिंह की अदला-बदली पूरी कर ली है. इसके साथ ही अब इस बात की चर्चा तेज है कि आईपीएल 2027 में मुंबई इंडियंस का कप्तान कौन होगा. पंजाब किंग्स हार्दिक की तीसरी IPL टीम होगी. उन्होंने 2015 में MI के साथ अपने IPL करियर की शुरुआत की थी. 2022 में जब IPL में टीमों की संख्या बढ़कर 10 हो गई, तब उन्होंने गुजरात टाइटंस (GT) के लिए दो सीजन तक खेला और कप्तानी भी की. इसके बाद 2024 में वे वापस मुंबई इंडियंस में लौट आए. उन्होंने कुल पांच बार IPL का खिताब जीता है - चार बार MI के साथ और एक बार GT के साथ.

हार्दिक की कप्तानी में, 2024 में मुंबई इंडियंस सबसे आखिरी स्थान पर रही, लेकिन अगले सीजन में टीम प्लेऑफ तक पहुंचने में कामयाब रही. हालांकि, 2026 में वे नौवें स्थान पर रहे. कुल मिलाकर, 2024 से हार्दिक की कप्तानी में खेले गए 39 मैचों में से MI ने 15 जीते हैं और 24 हारे हैं.

पंजाब किंग्स के साथ कैसा रहा अर्शदीप का सफर?

अर्शदीप सिंह ने 2019 में आईपीएल डेब्यू किया था. वो लगातार 8 सीजन तक इसी फ्रेंचाइजी के साथ खेले. 2025 में हुए मेगा ऑक्शन में पंजाब किंग्स ने RTM (राइट टू मैच) का इस्तेमाल कर स्टार पेसर को अपनी टीम में बरकरार रखा था. बाएं हाथ के तेज गेंदबाज ने IPL में अब तक 96 मैचों में 111 विकेट चटकाए हैं. 19 सालों के आईपीएल इतिहास में पंजाब किंग्स के लिए किसी गेंदबाज ने अर्शदीप से अधिक विकेट नहीं चटकाए हैं.

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Ritesh Kumar

Ritesh Kumar

रितेश कुमार स्पोर्ट्स न्यूज करने के लिए 24 घंटे तैयार रहते हैं क्योंकि इसी से सबसे ज्यादा प्यार करते हैं. पत्रकारिता में 5 साल का अनुभव. The Lallantop से सफर शुरू हुआ और R Bharat के रास्ते अब Zee News तक पहुंचा है. स्पोर्ट्स क्षेत्र में एक सफल पत्रकार बनने का सपना है. भारतीय क्रिकेटर्स, ओलंपिक और पैरालंपिक मेडलिस्ट का इंटरव्यू करने करने का अनुभव. ट्रेडिंग खबरों में डूबे रहने का शौक है.
Read More