दिल्ली कैपिटल्स ने इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के आगामी सीजन के लिए भारत के दिग्गज ऑलराउंडर युवराज सिंह को बल्लेबाजी कोच बनाया है. युवराज बल्लेबाजी के साथ-साथ सहायक कोच की भूमिका भी निभाएंगे. वह टीम में भारत के पूर्व कप्तान सौरव गांगुली के साथ करेंगे. गांगुली को हाल ही में फ्रेंचाइजी ने हेड कोच बनाया था.
44 साल के युवराज ने टी20 वर्ल्ड कप 2027 और वनडे वर्ल्ड कप 2011 की जीत में अहम भूमिका निभाई थी. वह पहली बार किसी आईपीएल टीम को कोचिंग देंगे. वह दिल्ली कैपिटल्स के लिए पहले खेल भी चुके हैं और अब उसी टीम को कोचिंग देंगे. युवी 2015 में रिकॉर्ड 16 करोड़ रुपये में दिल्ली फ्रेंचाइजी (तब दिल्ली डेयरडेविल्स) के द्वारा खरीदे गए थे. उस सीजन में उन्होंने 14 मैचों में हिस्सा लिया था.
He's done it all, won it all 🔥 Yuvi Paa is coming to Dilli 💙❤️ https://t.co/VVhjYwgEOs
— Delhi Capitals (@DelhiCapitals) October 13, 2026
कोच बनने पर युवराज सिंह ने क्या कहा?
सहायक और बल्लेबाजी कोच बनने के बाद युवराज ने कहा, ''मैं दिल्ली कैपिटल्स के साथ अपनी जिंदगी का नया अध्याय शुरू कर रहा हूं. इसके लिए मैं काफी उत्साहित हूं. टीम के साथ मेरा पुराना रिश्ता है और मैं मालिकों को अच्छे से जानता हूं. ऐसे में यह मेरे लिए एक खास मौका है. मैं दादा (सौरव गांगुली) के साथ नई टीम बनाने का इंतजार कर रहा हूं. इस बार कोच के तौर पर उनके साथ काम करूंगा. मेरे लिए यह एक रोमांचक सफर होगा.''
अभिषेक-शुभमन गिल को आगे बढ़ाया
युवराज ने आईपीएल में 132 मैच खेलकर 2750 रन बनाए. उन्होंने 36 विकेट भी अपने नाम किए. वह आधिकारिक तौर पर पहली बार किसी टीम के साथ कोच के तौर पर जुड़े हैं. हालांकि, इससे पहले युवराज ने भारत के मौजूदा टी20 ओपनर अभिषेक शर्मा और वनडे-टेस्ट कप्तान शुभमन गिल को कोचिंग दी है. इन दो खिलाड़ियों को तैयार करने में उनका अहम योगदान माना जाता है.