मुंबई इंडियंस छोड़ KKR में जाएंगे सूर्या? यशस्वी जायसवाल को LSG का कप्तान बनाने की सलाह
आईपीएल 2027 से पहले ट्रेड होने वाले खिलाड़ियों को लेकर फैंस बेहद उत्साहित हैं. इस बात की पूरी संभावना है कि हार्दिक पांड्या की मुंबई इंडियंस से विदाई होगी और वो पंजाब किंग्स का हिस्सा बनेंगे. इस बीच अंबाती रायुडू ने LSG से यशस्वी जायसवाल के पीछे भागने की सलाह दी है.
पूर्व भारतीय खिलाड़ी और IPL के स्टार बल्लेबाज अंबाती रायुडू ने कुछ अहम सुझाव दिए हैं. उन्होंने लखनऊ सुपर जायंट्स को यशस्वी जायसवाल के पीछे भागने की नसीहत दी है. इसके अलावा रायुडू ने कोलकाता नाइट राइडर्स को सूर्यकुमार यादव को अपनी टीम में शामिल करने की सलाह दी है. IPL 2027 की नीलामी से पहले चेन्नई सुपर किंग्स और सनराइजर्स हैदराबाद के बीच पहला ट्रेड हुआ. लियाम लिविंगस्टोन और जैक एडवर्ड्स CSK में चले गए, जबकि खलील अहमद और नाथन एलिस अब सनराइजर्स हैदराबाद टीम का हिस्सा हैं.
अभी आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है, लेकिन रिपोर्ट के मुताबिक, स्टार ऑलराउंडर हार्दिक पांड्या की मुंबई इंडियंस से विदाई लगभग तय है. उन्हें अर्शदीप सिंह के साथ रिप्लेस करने की चर्चा है. इसका मतलब है कि श्रेयस अय्यर और हार्दिक पांड्या पंजाब किंग्स की तरफ से धमाल मचाएंगे, जबकि मुंबई इंडियंस की तरफ से बुमराह और अर्शदीप सिंह साथ में बॉलिंग करते दिखेंगे.
यशस्वी जायसवाल के पीछे भागेगी LSG?
MI और CSK के पूर्व खिलाड़ी अंबाती रायडू ने क्रिकबज पर ट्रेड से जुड़े कई सवालों के जवाब दिए. सबसे दिलचस्प सलाह उन्होंने लखनऊ सुपर जायंट्स को दी, जिनका प्रदर्शन पिछले 2-3 सालों से अच्छा नहीं रहा है. रायडू ने LSG को किसी भारतीय को कप्तान बनाने की नसीहत दी. इसके लिए उन्होंने स्टार बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल का नाम सुझाया.
अंबाती रायुडू ने क्रिकबज पर कहा, ''उन्हें एक ऐसे भारतीय कप्तान की जरूरत है, जो एक दशक तक फ्रेंचाइजी की कप्तानी करने के लिए उत्सुक हो. मुझे लगता है कि यशस्वी जायसवाल उनके लिए एक बेहतरीन विकल्प होंगे, और यह उनके लिए भी अच्छा रहेगा.
KKR को सूर्या की जरूरत?
अंबाती रायुडू ने आगे कहा कि कोलकाता नाइट राइडर्स को एक कप्तान की जरूरत है और मेरे हिसाब से सूर्यकुमार यादव अच्छे विकल्प हैं. उन्होंने इसके पीछे की वजह बताते हुए कहा कि सूर्या के पास KKR की तरफ से खेलने का अनुभव है. उन्होंने यह भी कहा कि पंजाब किंग्स को कोई बदलाव करने की जरूरत नहीं है, और साथ ही जोड़ा कि शाई होप जैसे खिलाड़ी केएल राहुल के लिए एक बेहतरीन ओपनिंग पार्टनर साबित हो सकते हैं.
हालांकि, ऐसी प्रबल संभावना है कि हार्दिक पांड्या पंजाब किंग्स में शामिल होंगे, लेकिन रायडू का मानना है कि CSK को मिडिल ऑर्डर में उनके जैसे खिलाड़ी की जरूरत है. सनराइजर्स हैदराबाद के लिए, उन्होंने सैम करन को चुना. रायडू ने कहा कि अगर करन जैसा कोई खिलाड़ी टीम में आता है, तो पैट कमिंस की उपलब्धता को लेकर बनी अनिश्चितता के बीच, वह टीम पर से गेंदबाजी का काफी दबाव कम कर देगा. इससे हेनरिक क्लासेन को भी बल्लेबाजी क्रम में ऊपर आने का मौका मिलेगा.
बता दें कि आईपीएल 2027 की नीलामी से पहले सभी टीमों को 17 नवंबर से पहले अपने रिटेन और रिलीज किए गए खिलाड़ियों की लिस्ट बीसीसीआई को भेजनी है. वहीं, ट्रेड विंडो 16 दिसंबर, 2026 को गोवा में होने वाले मिनी-ऑक्शन से कुछ समय पहले बंद हो जाएगी.
IPL 2027 ट्रेड और ऑक्शन के लिए महत्वपूर्ण तारीखें
• रिटेंशन की समय-सीमा: 17 नवंबर, 2026
• खिलाड़ियों के रजिस्ट्रेशन की समय-सीमा समाप्त: 23 नवंबर, 2026
• अतिरिक्त खिलाड़ियों के अनुरोध की समय-सीमा: 27 नवंबर, 2026
• नीलामी पूल की सूची फ्रेंचाइजी को भेजी जाएगी: 3 दिसंबर, 2026
• IPL 2027 मिनी-नीलामी की तारीख: 16 दिसंबर, 2026 (गोवा में आयोजित होगा)
यह भी पढ़ें: 'बोलो तारा रा रा' पर बहन संग जमकर नाचे अभिषेक, साक्षी-धोनी का रोमांटिक अंदाज, जहीर खान ने ऐसे मनाई दिवाली