)
Sanju Samson vs West Indies: भारत के ओपनर बल्लेबाज संजू सैमसन ने रांची में वेस्टइंडीज के खिलाफ तूफान मचा दिया. उन्होंने झारखंड राज्य क्रिकेट संघ (JSCA) इंटरनेशनल स्टेडियम कॉम्प्लेक्स में 21 गेंद पर अर्धशतक लगाकर सनसनी मचा दी. उन्होंने 41 गेंद पर 82 रन बनाए. इस दौरान उनके बल्ले से 9 चौके और 4 छक्के निकले. सैमसन ने 200 की स्ट्राइक रेट से रन बनाए. उनकी विस्फोटक पारी की बदौलत भारत ने 20 ओवर में 5 विकेट पर 249 रन बनाए.
सैमसन ने 21 गेंदों पर अपनी फिफ्टी पूरी की. वह वेस्टइंडीज के खिलाफ सबसे तेज अर्धशतक लगाने के मामले में भारतीय खिलाड़ियों में संयुक्त रूप से पहले स्थान पर पहुंच गए हैं. उन्होंने इस मामले में महान बल्लेबाज विराट कोहली की बराबरी कर ली है. कोहली ने 2019 में वानखेड़े स्टेडियम में वेस्टइंडीज के खिलाफ 21 गेंद पर अर्धशतक लगाया था.
युवराज के रिकॉर्ड की भी कर ली बराबरी
सैमसन ने 200+ का स्ट्राइक रेट बनाए रखते हुए सबसे ज्यादा 50+ स्कोर बनाने वाले भारतीय खिलाड़ियों की लिस्ट में भारत के पूर्व ऑलराउंडर युवराज सिंह की बराबरी कर ली. सैमसन और युवराज सिंह दोनों ने अपने करियर में यह कारनामा 5-5 बार किया है. उनसे आगे सिर्फ सूर्यकुमार यादव और अभिषेक शर्मा हैं. सूर्या ने 13 और अभिषेक ने 12 बार ऐसा किया है.
भारत के लिए T20I में 200+ की स्ट्राइक रेट से सबसे ज्यादा 50+ स्कोर
13: सूर्यकुमार यादव
12: अभिषेक शर्मा
05: संजू सैमसन
05: युवराज सिंह
भारत ने तोड़ा 2019 का रिकॉर्ड
वेस्टइंडीज के कप्तान शाई होप ने इस मैच में टॉस जीतकर गेंदबाजी का फैसला किया. भारत के ओपनर्स सैमसन और अभिषेक शर्मा ने तूफानी शुरुआत की. दोनों ने पहले विकेट के लिए 4 ओवरों में 42 रन की साझेदारी की. अभिषेक ने 12 गेंद पर 20 रन बनाए. उनके आउट होने के बाद ईशान किशन ने संजू के साथ पारी को आगे बढ़ाया. भारत ने पावरप्ले में 1 विकेट पर 79 रन बनाए. यह वेस्टइंडीज के खिलाफ किसी भी टी20 इंटरनेशनल मैच में भारत का पावरप्ले में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन है. उसने 2019 के रिकॉर्ड को तोड़ा. तब टीम इंडिया ने वानखेड़े स्टेडियम में बिना किसी नुकसान के 72 रन बनाए थे.
ईशान- अय्यर और तिलक की तूफानी पारी
ईशान किशन ने 22 गेंद पर 43 और कप्तान श्रेयस अय्यर ने 18 गेंद पर 40 रन ठोके. ईशान ने अपनी पारी में 6 चौके और 2 छक्के लगाए. अय्यर की पारी में 3 चौके और 3 छक्के आए. तिलक ने आखिरी ओवरों में तूफानी अंदाज दिखाया और 18 गेंद पर नाबाद 44 रन बना डाले. उन्होंने भी कप्तान की तरह 3 चौके और 3 छक्के उड़ाए.