)
एशियन गेम्स की तैयारी के लिए होने वाली भारत बनाम अफगानिस्तान T20I सीरीज से पहले टीम इंडिया में चयन को लेकर रोमांच बढ़ गया है. दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में होने वाले पहले T20I मुकाबले में कप्तान श्रेयस अय्यर के सामने कई बड़े सवाल होंगे. सबसे बड़ा सवाल यह है कि टीम के टॉप-3 में किन बल्लेबाजों को मौका मिलेगा. कप्तान श्रेयस अय्यर को यह कठिन फैसला लेना होगा कि वैभव सूर्यवंशी, ईशान किशन और संजू सैमसन में से प्लेइंग इलेवन में कौन खेलेगा. बता दें कि भारत और अफगानिस्तान के बीच तीन मैचों की T20I सीरीज का पहला मुकाबला रविवार 13 सितंबर को नई दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में खेला जाना है. यह T20I सीरीज जापान में होने वाले एशियन गेम्स 2026 की तैयारियों के लिहाज से अहम मानी जा रही है.
टीम इंडिया के कप्तान श्रेयस अय्यर के सामने प्लेइंग इलेवन चुनने की चुनौती है. खासकर शुरुआती तीन बल्लेबाजों को लेकर टीम मैनेजमेंट को सोच-समझकर फैसला लेना होगा. नेट्स में अभी तक के प्रैक्टिस सेशन पर नजर डालें तो अभिषेक शर्मा और संजू सैमसन ने एक-साथ काफी बल्लेबाजी की है. शुक्रवार को संजू सैमसन सबसे आखिर में मैदान से बाहर गए, जिससे उनकी तैयारी और प्लेइंग इलेवन में सेलेक्शन को लेकर चर्चा तेज हो गई है. ऐसे में संभावना है कि टीम मैनेजमेंट टॉप-ऑर्डर में अभिषेक शर्मा और संजू सैमसन को बड़े विकल्प के तौर पर देख रहा है. हालांकि, अंतिम फैसला मैच से पहले ही होगा.
दलीप ट्रॉफी के फाइनल के कुछ ही घंटे बाद वैभव सूर्यवंशी को टीम इंडिया के ट्रेनिंग सेशन में जसप्रीत बुमराह की गेंदबाजी का सामना करना पड़ा. टीम मैनेजमेंट T20 वर्ल्ड कप में इस्तेमाल किए गए टॉप-3 बल्लेबाज अभिषेक शर्मा, संजू सैमसन और ईशान किशन को फिर से आजमाने पर विचार कर सकता है. शुक्रवार को ईशान किशन को पीठ से जुड़ी परेशानी का सामना करना पड़ा, जिससे उनकी उपलब्धता पर सवाल खड़े हो गए हैं. अगर वह पहले T20I मुकाबले से बाहर होते हैं, तो वैभव सूर्यवंशी और संजू सैमसन दोनों को प्लेइंग XI में जगह मिल सकती है. ऐसी स्थिति में वैभव सूर्यवंशी को नंबर-3 पर बल्लेबाजी के लिए उतारा जा सकता है.
भारत का मिडिल ऑर्डर काफी हद तक तय नजर आता है. इसमें श्रेयस अय्यर, तिलक वर्मा, अक्षर पटेल, नीतीश कुमार रेड्डी और शिवम दुबे जैसे खिलाड़ी शामिल हैं. हालांकि, इन खिलाड़ियों की हालिया फॉर्म को लेकर कई सवाल हैं. अफगानिस्तान के खिलाफ यह सीरीज मिडिल ऑर्डर के बल्लेबाजों के लिए अपनी लय हासिल करने और टीम में अपनी जगह मजबूत करने का अहम मौका होगी. जसप्रीत बुमराह लंबे अंतराल के बाद टीम में लौट रहे हैं.
जसप्रीत बुमराह की वापसी से भारतीय गेंदबाजी अटैक को काफी मजबूती मिलने की उम्मीद है. बुमराह के साथ बाएं हाथ के तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह नई गेंद की जिम्मेदारी संभाल सकते हैं. दोनों की जोड़ी अफगानिस्तान के बल्लेबाजों के सामने भारत का अहम हथियार हो सकती है. स्पिन विभाग में भी टीम मैनेजमेंट के सामने चयन की चुनौती है. रवि बिश्नोई ने जिम्बाब्वे के खिलाफ तीन मैचों में तीन विकेट हासिल किए थे. दूसरी ओर, वरुण चक्रवर्ती को अधिक आक्रामक विकल्प माना जा रहा है. ऐसे में संभव है कि टीम मैनेजमेंट उन्हें रवि बिश्नोई पर प्राथमिकता दे.
अभिषेक शर्मा, संजू सैमसन, ईशान किशन/वैभव सूर्यवंशी, श्रेयस अय्यर, तिलक वर्मा, अक्षर पटेल, नीतीश कुमार रेड्डी, शिवम दुबे, वरुण चक्रवर्ती जसप्रीत बुमराह, अर्शदीप सिंह.