App

गेंदबाजों का कहर, विराट का प्रहार: भारत ने वनडे सीरीज में किया विजयी आगाज, ऑकलैंड में 23 साल बाद न्यूजीलैंड को हराया

भारतीय टीम ने टी20 के बाद वनडे सीरीज में भी शानदार प्रदर्शन को जारी रखा है. न्यूजीलैंड के खिलाफ ऑकलैंड में खेले गए बारिश से प्रभावित पहले वनडे मैच को उसने डकवर्थ लुईस नियम के आधार पर 5 विकेट से अपने नाम कर लिया.

गेंदबाजों का कहर, विराट का प्रहार: भारत ने वनडे सीरीज में किया विजयी आगाज, ऑकलैंड में 23 साल बाद न्यूजीलैंड को हराया
Image Credit: अंशुल कंबोज, अर्शदीप सिंह, विराट कोहली, X/@BCCI

भारत ने पांच वनडे मैचों की सीरीज के पहले मुकाबले में न्यूजीलैंड को परास्त करके 1-0 की बढ़त हासिल कर ली है. बुधवार (4 नवंबर) को ऑकलैंड के ईडेन पार्क में खेला गया मैच बारिश से प्रभावित रहा. टीम इंडिया ने डकवर्थ लुईस नियम के आधार पर पांच विकेट से मैच को जीत लिया. टीम इंडिया के लिए इस मैच में गेंदबाजी ने पहले कहर बरपाते हुए मेजबान टीम को 200 रनों तक भी नहीं पहुंचने दिया. इसके बाद अनुभवी विराट कोहली के जबरदस्त अर्धशतक की बदौलत शानदार जीत हासिल कर ली.

भारतीय कप्तान शुभमन गिल ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया. कीवी टीम 40.2 ओवर में 185 रन बनाए. टीम इंडिया के सामने 186 रनों का टारगेट था, लेकिन बीच में बारिश आने के कारण लक्ष्य को बदलकर 32 ओवर में 143 रन कर दिया गया. जब बारिश के कारण मुकाबले को रोका गया था, उस समय भारत का स्कोर 12 ओवर में एक विकेट पर 64 रन था. खेले शुरू होने के बाद टीम इंडिया ने 22.4 ओवर में पांच विकेट पर 143 रन बनाकर मैच को जीत लिया.

2003 के बाद ऑकलैंड में कीवियों से जीते

ऑकलैंड के ईडेन पार्क में भारतीय टीम को न्यूजीलैंड के खिलाफ 23 साल के बाद जीत मिली है. उसे पिछली जीत यहां 2003 में मिली थी. उस समय सौरव गांगुली भारत के कप्तान थे. 2003 के बाद यहां न्यूजीलैंड के खिलाफ 2009, 2020 और 2022 में हार का सामना करना पड़ा था. 2014 में मुकाबला टाई पर समाप्त हुआ था और 2015 में जिम्बाब्वे के खिलाफ जीत मिली थी.

 

 

रोहित शर्मा फेल, गिल-विराट की शतकीय साझेदारी

लक्ष्य का पीछा करने उतरे भारतीय टीम की शुरुआत अच्छी नहीं रही. पहले ओवर की छठी गेंद पर पूर्व कप्तान रोहित शर्मा आउट हो गए. हिटमैन इस मुकाबले में खाता नहीं खोल पाए. उन्हें कायेल जेमीसन ने मिचेल सैंटनर के हाथों कैच कराया. इसके बाद पूर्व कप्तान विराट कोहली और कप्तान शुभमन गिल ने मिलकर पारी को आगे बढ़ाया. दोनों ने दूसरे विकेट के लिए 113 रनों की साझेदारी की. गिल 56 गेंद पर 37 रन बनाकर आउट हुए. कोहली और गिल के बीच हुई शतकीय साझेदारी की बदौलत टीम इंडिया ने मैच पर अपनी पकड़ मजबूत कर ली. नाथन स्मिथ ने गिल को टॉम लाथम के हाथों कैच कराया.

कोहली ने ठोका अर्धशतक

विराट ने एक तरफ से कीवी टीम की धुलाई जारी रखी और 51 गेंद पर 74 रन ठोक दिए. उन्होंने 13 चौके और एक छक्का लगाया. कोहली का स्ट्राइक रेट 145.10 का रहा. यह उनके वनडे करियर का 79वां अर्धशतक था. कोहली को जैकब डफी ने टिम साइफर्ट के हाथों कैच कराया. उनके बाद बल्लेबाजी के लिए आए श्रेयस अय्यर ने 15 रन बनाए. अक्षर पटेल खाता नहीं खोल पाए. अय्यर और अक्षर को डफी ने पवेलियन भेजा. नमन धीर पांच और केएल राहुल तीन रन बनाकर नाबाद रहे.

 

 

गेंदबाजी में छाए अर्शदीप, अंशुल और गुरनूर

टॉस जीतकर जब गिल ने पहल गेंदबाजी का फैसला किया तो बॉलर्स ने उनके निर्णय को सही साबित करने में कोई कसर नहीं छोड़ी. अर्शदीप ने 10 ओवर में 70 रन देकर चार विकेट हासिल किए. अंशुल कंबोज ने 10 ओवर में 22 रन देकर दो विकेट झटके. गुरनूर बरार को तीन सफलता मिली. उन्होंने 9.2 ओवर में 44 रन दिए. न्यूजीलैंड के लिए टिम साइफर्ट ने सबसे ज्यादा 38 रन बनाए. 11वें नंबर पर बल्लेबाजी के लिए आए ब्लेयर टिकनेर ने चार छक्कों की मदद से 34 रन बटोरे. ग्लेन फिलिप्स ने 30 और डेरिल मिचेल ने 38 रनों का योगदान दिया.

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Rohit Raj

Rohit Raj

रोहित राज एक दशक से पत्रकारिता में सक्रिय हैं. दैनिक जागरण से करियर की शुरुआत करने वाले रोहित ईटीवी, दैनिक भास्कर, जनसत्ता और अमर उजाला से होते हुए जी न्यूज के हिंदी डिजिटल में चीफ सब एडिटर हैं और स्पोर्ट्स टीम को लीड करते हैं. रोहित कई एक्सक्लूसिव खबरें और एथलीट्स का इंटरव्यू कर चुके हैं. पत्रकारिता में 40 अंडर 40 अवॉर्ड विजेता हैं. खेलों में ज्यादा रुचि रखते हैं और क्रिकेट वर्ल्ड कप, फीफा वर्ल्ड कप, हॉकी वर्ल्ड कप, वर्ल्ड पैरा एथलेटिक्स चैंपियनशिप 2025 और अन्य खेलों के बड़े-बड़े इवेंट को करने का अनुभव रखते हैं. ब्रेकिंग न्यूज, एनालिसिस और किस्से-कहानियों पर पकड़ है. क्रिकेट के अलावा हर खेलों को आसान भाषा में लोगों तक पहुंचाने की कोशिश में लगे रहते हैं.
Read More

ट्रेंडिंग

  • न्यूज़
  • फोटो
  • वीडियो