Prince Yadav की होगी वापसी! वैभव सूर्यवंशी को फिर मिलेगा मौका, वेस्टइंडीज के खिलाफ दूसरे T20 में कैसी होगी भारत की प्लेइंग XI?
IND vs WI 2nd T20I: भारत और वेस्टइंडीज के बीच रांची में खेले जाने वाले दूसरे T20I मैच में प्रिंस यादव की वापसी हो सकती है. वहीं, संजू सैमसन की जगह वैभव सूर्यवंशी को प्लेइंग XI में जगह मिलती है या नहीं इस पर भी फैंस की नजरें रहेंगी.
भारत और वेस्टइंडीज की टीमें आज शाम 7:00 बजे से रांची के JSCA मैदान पर एक-दूसरे से भिड़ेंगी. पांच मैचों की टी20 इंटरनेशनल सीरीज में भारत फिलहाल 1-0 से आगे है. अब श्रेयस अय्यर की कप्तानी वाली टीम इंडिया दूसरे टी20 इंटरनेशनल मैच में भी मेहमान टीम वेस्टइंडीज को धूल चटाने के लिए तैयार है. आज पूरी दुनिया की नजरें इसी बात पर होगी कि वैभव सूर्यवंशी को टीम इंडिया की प्लेइंग इलेवन में जगह मिलती है या नहीं.
इसके अलावा दाएं हाथ के तेज गेंदबाज प्रिंस यादव वेस्टइंडीज के खिलाफ दूसरे टी20 मैच में भारतीय प्लेइंग XI का हिस्सा बन सकते हैं. वह पिछले करीब तीन महीने से मैदान से दूर हैं. जुलाई में जिम्बाब्वे के खिलाफ टी20 सीरीज के दौरान चोटिल होने के बाद उन्हें क्रिकेट से दूर रहना पड़ा था. इसके बाद प्रिंस को एशियन गेम्स के लिए भारतीय टीम में भी जगह नहीं मिली. ऐसे में रांची में होने वाला मुकाबला उनके लिए टीम में वापसी का मौका बन सकता है. एशियन गेम्स में जसप्रीत बुमराह, अर्शदीप सिंह और यश ठाकुर जैसे तेज गेंदबाज भारतीय टीम का हिस्सा थे, लेकिन प्रिंस यादव को मौका नहीं मिला था.
प्रिंस यादव की होगी वापसी!
वेस्टइंडीज के खिलाफ लखनऊ में खेले गए पहले टी20 इंटरनेशनल मैच में टीम इंडिया की प्लेइंग इलेवन में तेज गेंदबाज मयंक यादव को मौका मिला था, लेकिन वह बुरी तरह फ्लॉप साबित हुए. मयंक यादव ने पहले टी20 इंटरनेशनल मैच में 4 ओवर में 40 रन देकर सिर्फ एक विकेट ही हासिल किया. मयंक यादव के इस फ्लॉप शो के बाद उन्हें दूसरे टी20 इंटरनेशनल मैच में टीम इंडिया की प्लेइंग इलेवन से बाहर किया जा सकता है. मयंक यादव की जगह प्लेइंग इलेवन में तेज गेंदबाज प्रिंस यादव को मौका दिया जा सकता है.
सैमसन की जगह हो सकती है वैभव की वापसी
वेस्टइंडीज के खिलाफ दूसरे टी20 इंटरनेशनल मैच में धाकड़ ओपनिंग बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी को मौका दिया जा सकता है, क्योंकि संजू सैमसन लगातार अच्छा प्रदर्शन करने में नाकाम साबित हो रहे हैं. वेस्टइंडीज के खिलाफ लखनऊ में खेले गए पहले टी20 इंटरनेशनल मैच में संजू सैमसन 9 गेंद पर 11 रन बनाकर चलते बने. संजू सैमसन के बल्ले से टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में पिछली चार पारियों में केवल 29 रन ही निकले हैं. लिहाजा भारतीय टीम मैनजेमेंट वैभव सूर्यवंशी को इस विकेटकीपर की जगह प्लेइंग इलेवन में शामिल कर सकती है.
भारतीय टीम ने अब तक अभिषेक शर्मा और संजू सैमसन की ओपनिंग जोड़ी पर भरोसा बनाए रखा है. एशियन गेम्स के दौरान भी टीम मैनेजमेंट का रुख इसी ओर दिखाई दिया था. जापान में खेले गए एशियन गेम्स में संजू को तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी के लिए भेजा गया था, जबकि वैभव सूर्यवंशी ने पारी की शुरुआत की थी.
वेस्टइंडीज के खिलाफ दूसरे टी20 में भारत की संभावित प्लेइंग XI
अभिषेक शर्मा, संजू सैमसन (विकेटकीपर), ईशान किशन, श्रेयस अय्यर (कप्तान), तिलक वर्मा, शिवम दुबे, नमन धीर, अक्षर पटेल, कुलदीप यादव, प्रिंस यादव, अर्शदीप सिंह.