App

वेन्यू बदला, तारीख वही: दिल्ली से छिन गई पहले वनडे की मेजबानी, अब इस खूबसूरत स्टेडियम में होगी भारत-श्रीलंका की भिड़ंत

बीसीसीआई ने दिल्ली में 13 दिसंबर को होने वाली वनडे मैच की मेजबानी विशाखापत्तनम को सौंप दी है. भारत और श्रीलंका की टीमें इस मैच में आमने-सामने होंगी. यह तीन वनडे मैचों की सीरीज का पहला मुकाबला होगा.

वेन्यू बदला, तारीख वही: दिल्ली से छिन गई पहले वनडे की मेजबानी, अब इस खूबसूरत स्टेडियम में होगी भारत-श्रीलंका की भिड़ंत
Image Credit: एसीए-वीडीसीए क्रिकेट स्टेडियम. BCCI

भारत और श्रीलंका के बीच तीन वनडे मैचों की सीरीज का पहला मुकाबला दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में नहीं होगा. भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने इसकी आधिकारिक जानकारी गुरुवार (5 नवंबर) को दे दी. उसने बताया कि 13 दिसंबर को होने वाला यह मुकाबला अब विशाखापत्तनम में खेला जाएगा. बीसीसीआई ने यह फैसला दिल्ली और जिला क्रिकेट संघ (डीडीसीए) के अनुरोध पर किया है.

डीडीसीए ने मौसम की संभावित खराबी और स्टेडियम में प्रस्तावित रेनोवेशन के काम को देखते हुए बोर्ड से मैच के जगह में बदलाव के लिए कहा था. बीसीसीआई ने उसकी बात मान ली है और यह मुकाबला अब एसीए-वीडीसीए क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाएगा. पहले कहा जा रहा था कि दिल्ली में अगर मैच नहीं होता है तो अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में मुकाबला हो सकता है. अब बीसीसीआई ने सबकुछ साफ कर दिया है और विशाखापत्तनम को मेजबानी सौंप दी.

 

 

होमग्राउंड पर नहीं खेलेंगे विराट

विराट के पास तीन साल के बाद अपने होमग्राउंड पर वनडे मैच खेलने का मौका था. वह पिछली बार 2023 वर्ल्ड कप के दौरान अफगानिस्तान के खिलाफ मैच में यहां खेले थे. कोहली के फैंस को बेसब्री से इंतजार था और अब उनका इंतजार ज्यादा दिनों के लिए आगे बढ़ गया है. टीम इंडिया ने 2023 के मैच में अफगानिस्तान को आठ विकेट से हराया था. विराट ने तब 56 गेंद पर नाबाद 55 रन बनाए थे.

अरुण जेटली स्टेडियम में क्या हो रहा?

अरुण जेटली स्टेडियम में अगले चार महीनों तक काम चलने वाले हैं. आउटफील्ड को बदला जा रहा है. रेत वाली आउटफील्ड का इस्तेमाल किया जाएगा. मुल्लांपुर और लखनऊ में यह काफी सफल रहा है. इससे बारिश के समय पूरे स्टेडियम को ढकने की नौबत नहीं आती है. ड्रेनेज को काफी फायदा मिलता है और आईपीएल 2027 से पहले डीडीसीए इसे पूरी तरह तैयार कर लेना चाहता है. आउटफील्ड में काम के कारण ही रणजी ट्रॉफी के मैच यहां नहीं हो रहे हैं. इस बार रणजी सीजन के मुकाबले पालम के मैदान पर खेले जाएंगे. 

श्रीलंका के भारत दौरे का शेड्यूल

पहला वनडे- 13 दिसंबर- विशाखपत्तनम- दोपहर 2 बजे.
दूसरा वनडे- 16 दिसंबर- बेंगलुरु- दोपहर 2 बजे.
तीसरा वनडे- 19 दिसंबर- अहमदाबाद- दोपहर 2 बजे.
पहला टी20- 22 दिसंबर- राजकोट- शाम 7 बजे.
दूसरा टी20- 24 दिसंबर- कटक- शाम 7 बजे.
तीसरा टी20- 27 दिसंबर- पुणे- शाम 7 बजे.

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Rohit Raj

Rohit Raj

रोहित राज एक दशक से पत्रकारिता में सक्रिय हैं. दैनिक जागरण से करियर की शुरुआत करने वाले रोहित ईटीवी, दैनिक भास्कर, जनसत्ता और अमर उजाला से होते हुए जी न्यूज के हिंदी डिजिटल में चीफ सब एडिटर हैं और स्पोर्ट्स टीम को लीड करते हैं. रोहित कई एक्सक्लूसिव खबरें और एथलीट्स का इंटरव्यू कर चुके हैं. पत्रकारिता में 40 अंडर 40 अवॉर्ड विजेता हैं. खेलों में ज्यादा रुचि रखते हैं और क्रिकेट वर्ल्ड कप, फीफा वर्ल्ड कप, हॉकी वर्ल्ड कप, वर्ल्ड पैरा एथलेटिक्स चैंपियनशिप 2025 और अन्य खेलों के बड़े-बड़े इवेंट को करने का अनुभव रखते हैं. ब्रेकिंग न्यूज, एनालिसिस और किस्से-कहानियों पर पकड़ है. क्रिकेट के अलावा हर खेलों को आसान भाषा में लोगों तक पहुंचाने की कोशिश में लगे रहते हैं.
Read More