App

जोहान्सबर्ग में भारत से पिटेगा पाकिस्तान: वर्ल्ड कप 2027 में कब होगा IND vs PAK मैच? 8-0 को अब 9-0 करने की बारी

आईसीसी ने अगले साल होने वाले वनडे वर्ल्ड कप के लिए शेड्यूल को जारी कर दिया. टीम इंडिय ग्रुप ए में ऑस्ट्रेलिया और पाकिस्तान के साथ है. भारतीय टीम 2011 के बाद इस टूर्नामेंट को जीतने उतरेगी.

जोहान्सबर्ग में भारत से पिटेगा पाकिस्तान: वर्ल्ड कप 2027 में कब होगा IND vs PAK मैच? 8-0 को अब 9-0 करने की बारी
Image Credit: भारत बनाम पाकिस्तान वनडे वर्ल्ड कप 2027

India vs Pakistan ICC World Cup 2027 Schedule: आईसीसी (इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल) ने 2027 में होने वाले वनडे वर्ल्ड कप के लिए शेड्यूल का ऐलान कर दिया है. भारतीय क्रिकेट टीम 2011 के बाद चैंपियन बनने के लिए उतरेगी. टीम इंडिया पिछली बार 2023 में अपने होमग्राउंड पर उपविजेता बनी थी. उसे ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में हार का सामना करना पड़ा था. भारत उस हार को भुलाकर इस बार खिताब जीतने के लिए उतरेगा. वह ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ ही 7 अक्टूबर को अपने अभियान की शुरुआत करेगा. उसके बाद 10 अक्टूबर को पाकिस्तान से टक्कर होगी.

भारत और पाकिस्तान के बीच अब तक वनडे वर्ल्ड कप इतिहास में 8 मुकाबले हुए हैं. टीम इंडिया उन सभी मुकाबलों में जीत हासिल करने में सफल रही है. पिछली बार दोनों की भिड़ंत अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में 2023 वर्ल्ड कप के दौरान हुई थी और भारत ने आसानी से मैच को जीत लिया था. अब टीम इंडिया अगले साल जोहान्सबर्ग में 8-0 की लीड को 9-0 करने के लिए उतरेगी.

वर्ल्ड कप 2027 में भारत का शेड्यूल

7 अक्टूबर- भारत बनाम ऑस्ट्रेलिया- केपटाउन
10 अक्टूबर- भारत बनाम पाकिस्तान- जोहान्सबर्ग
14 अक्टूबर- भारत बनाम अफगानिस्तान- त्शवाने
17 अक्टूबर- भारत बनाम क्वालिफायर ए- ब्लोएमफोंटेन
24 अक्टूबर- भारत बनाम जिम्बाब्वे- विक्टोरिया फॉल्स
17 नवंबर- सेमीफाइनल 1- केपटाउन
18 नवंबर- सेमीफाइनल- 2- त्शवाने
21 नवंबर- फाइनल- जोहान्सबर्ग

दो ग्रुपों में 6-6 टीमें

वर्ल्ड कप में कुल 12 टीमें हिस्सा लेंगी. उन्हें ग्रुप A और ग्रुप B में विभाजित किया गया है.  प्रत्येक ग्रुप में छह-छह टीमें शामिल हैं. भारत, पाकिस्तान, ऑस्ट्रेलिया, जिम्बाब्वे और अफगानिस्तान को ग्रुप A में रखा गया है, जिसमें क्वालीफायर A की टीम भी शामिल होगी. भारतीय टीम अपने अभियान की शुरुआत 7 अक्टूबर को ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ करेगी. वहीं, शुभमन गिल की कप्तानी में भारतीय टीम 10 अक्टूबर को जोहान्सबर्ग में अपने चिर प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान का सामना करेगी.

क्या भारत-पाकिस्तान में हो सकते हैं 3 मुकाबले?

आईसीसी क्रिकेट वर्ल्ड कप 2027 का फॉर्मेट इस तरह से तैयार किया गया है कि भारत और पाकिस्तान के बीच टूर्नामेंट में तीन बार भिड़ंत होने की पूरी संभावना है. इन दोनों टीमों के बीच पहला मुकाबला ग्रुप A स्टेज के तहत 10 अक्टूबर को खेला जाएगा .

 

 

सुपर 7 स्टेज में पहुंचने का नियम क्या है?

ग्रुप स्टेज के नियमों के मुताबिक, दोनों ग्रुप से शीर्ष तीन-तीन टीमें सुपर 7 चरण के लिए क्वालीफाई करेंगी. इसके अलावा दोनों ग्रुपों में चौथे स्थान पर रहने वाली टीमों में से जिस टीम का प्रदर्शन बेहतर होगा, वह सातवां और अंतिम स्थान हासिल करेगी.

सुपर 7 में कैसे भिड़ेंगे भारत और पाकिस्तान?

ग्रुप स्टेज से सुपर 7 स्टेज में कोई भी अंक आगे नहीं ले जाया जाएगा (नो पॉइंट्स कैरी ओवर), जिसका मतलब है कि टीमें राउंड-रॉबिन फॉर्मेट में आपस में खेलेंगी. सुपर 7 चरण में प्रत्येक टीम को 25 अक्टूबर से 14 नवंबर के बीच छह और मैच खेलने को मिलेंगे. इससे भारत और पाकिस्तान के बीच दूसरी बार आमने-सामने होने का अवसर बनेगा .

क्या सेमीफाइनल या फाइनल में भी होगी भिड़ंत?

सुपर 7 चरण की शीर्ष चार टीमें सेमीफाइनल में प्रवेश करेंगी. इसका अर्थ यह है कि यदि भारत और पाकिस्तान दोनों ही सुपर 7 के टॉप-4 में फिनिश करते हैं, तो उनके पास सेमीफाइनल या फाइनल मुकाबले में एक-दूसरे का सामना करने का तीसरा मौका भी हो सकता है.

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Rohit Raj

Rohit Raj

रोहित राज एक दशक से पत्रकारिता में सक्रिय हैं. दैनिक जागरण से करियर की शुरुआत करने वाले रोहित ईटीवी, दैनिक भास्कर, जनसत्ता और अमर उजाला से होते हुए जी न्यूज के हिंदी डिजिटल में चीफ सब एडिटर हैं और स्पोर्ट्स टीम को लीड करते हैं. रोहित कई एक्सक्लूसिव खबरें और एथलीट्स का इंटरव्यू कर चुके हैं. पत्रकारिता में 40 अंडर 40 अवॉर्ड विजेता हैं. खेलों में ज्यादा रुचि रखते हैं और क्रिकेट वर्ल्ड कप, फीफा वर्ल्ड कप, हॉकी वर्ल्ड कप, वर्ल्ड पैरा एथलेटिक्स चैंपियनशिप 2025 और अन्य खेलों के बड़े-बड़े इवेंट को करने का अनुभव रखते हैं. ब्रेकिंग न्यूज, एनालिसिस और किस्से-कहानियों पर पकड़ है. क्रिकेट के अलावा हर खेलों को आसान भाषा में लोगों तक पहुंचाने की कोशिश में लगे रहते हैं.
Read More