App

मां को खोने का गम, छलक पड़े अर्जुन मुंडा के आंसू, अंतिम विदाई देने उमड़ा हजारों का जनसैलाब

झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा की मां का निधन हो गया. उनकी मां के निधन से पूरे राज्य में शोक की लहर है. उनके अंतिम दर्शन के लिए हजारों की संख्या में लोग जमशेदपुर के घोड़ाबांधा स्थित उनके आवास पहुंचे.

मां को खोने का गम, छलक पड़े अर्जुन मुंडा के आंसू, अंतिम विदाई देने उमड़ा हजारों का जनसैलाब
Image Credit: अर्जुन मुंडा की मां सायरा मुंडा का निधन, अंतिम विदाई देने उमड़ा हजारों का जनसैलाब (Z News)

झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री और खूंटी के पूर्व सांसद अर्जुन मुंडा की मां के निधन से पूरे राज्य में शोक की लहर है. उनके अंतिम दर्शन और श्रद्धांजलि अर्पित करने के लिए खूंटी समेत राज्य के विभिन्न जिलों से हजारों की संख्या में लोग जमशेदपुर के घोड़ाबांधा स्थित उनके आवास पहुंचे. इस दौरान राजनीतिक, सामाजिक और कई क्षेत्रों की कई प्रमुख हस्तियों ने शोकाकुल परिवार से मिलकर संवेदना व्यक्त की और ढाढ़स बंधाया.

बाबूलाल मरांडी समेत कई प्रमुख नेताओं ने पहुंचकर श्रद्धांजलि अर्पित की

अर्जुन मुंडा की मां के निधन की खबर से उनके शुभचिंतकों और समर्थकों में शोक व्याप्त है. 23 नवंबर सोमवार सुबह से ही घोड़ाबांधा स्थित आवास पर श्रद्धांजलि देने वालों का तांता लगा रहा. पूर्व मुख्यमंत्री मधु कोड़ा, रघुवर दास, चंपाई सोरेन और बाबूलाल मरांडी समेत कई प्रमुख नेताओं ने पहुंचकर श्रद्धांजलि अर्पित की.

नीलकंठ सिंह मुंडा समेत अनेक गणमान्य लोगों ने शोक संवेदना व्यक्त की

वहीं, पूर्व उपमुख्यमंत्री सुदेश महतो, पूर्व मंत्री पशुपतिनाथ सिंह, रविंद्र राय, पूर्व सांसद सुनील सिंह, बड़कुअर गागराई, जेबी तुबिद, भाजपा प्रदेश महामंत्री गणेश सिंह, खूंटी सांसद कालीचरण मुंडा, जमशेदपुर के मेयर और पूर्व ग्रामीण विकास मंत्री सह भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष नीलकंठ सिंह मुंडा समेत अनेक गणमान्य लोगों ने शोक संवेदना व्यक्त की.

पत्नी मीरा मुंडा का भी रो-रोकर बुरा हाल, लोगों ने शोकाकुल परिवार को सांत्वना दी

इस दौरान अर्जुन मुंडा काफी भावुक और टूटे हुए नजर आए. उनकी धर्मपत्नी मीरा मुंडा का भी रो-रोकर बुरा हाल था. दुख की इस घड़ी में बड़ी संख्या में पहुंचे लोगों ने शोकाकुल परिवार को सांत्वना दी और उनके साथ खड़े रहने का भरोसा जताया. पूरे आवासीय परिसर में शोक का माहौल बना रहा.

पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा की माताजी सायरा मुंडा का निधन

पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा की माताजी का निधन उनके आवास जमशेदपुर के घोड़ाबांधा में 23 नवंबर को हो गया. सायरा मुंडा विगत माह से अस्वस्थ थीं, जिन्होंने अपने आवास में रात 1:40 बजे अंतिम सांस ली. सायरा मुंडा लगभग 91 वर्ष की आयु पार कर चुकी थीं. जिनकी सादगी और मृदुभाषी व्यक्तित्व की धनी सायरा मुंडा के निधन ने सभी के दिलों को झकझोर दिया. स्वयं अर्जुन मुंडा ने ट्वीट करके इस दुखद घटना की जानकारी दी. उन्होंने एक्स प्लेटफॉर्म पर लिखा कि माताजी के जाने से उनके सिर से केवल ममता का साया नहीं उठा, बल्कि जिंदगी का वह सबसे मजबूत सहारा छिन गया, जिसके रहते वे हर मुश्किल छोटी और हर दर्द हल्का लगने लगता था.

रिपोर्ट: ब्रजेश कुमार

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Shailendra

Shailendra

शैलेंद्र जी न्यूज के रीजनल चैनल, जी बिहार झारखंड की डिजिटल टीम में चीफ सब एडिटर के तौर पर काम करते हैं. वह बिहार और झारखंड की सियासत और क्राइम समेत कई समसामयिक मुद्दों पर न्यूज लिखते हैं. वह कभी-कभी राष्ट्रीय मुद्दों पर भी लिखते हैं. उनको मीडिया के तीनों प्रारूप प्रिंट, टेलीविजन और डिजिटल में काम करने का अनुभव. जनसंदेश टाइम्स, स्वतंत्र चेतना, टीवी 100, साधना न्यूज, एफएम न्यूज आदि न्यूज चैनलों से होते हुए न्यूज नेशन, इंडिया अहेड, ईटीवी भारत और न्यूज स्ट्रीट मीडिया (NYOOOZ) में अहम जिम्मेदारी निभाई. मीडिया जगत में सफर पिछले 12 सालों से बिना रुके जारी है.
Read More