)
भारतीय क्रिकेट टीम टी20 सीरीज के बाद वनडे में भी शानदार प्रदर्शन कर रही है. उसने पांच वनडे मैचों की सीरीज में 2-0 की बढ़त हासिल कर ली है और तीसरा मुकाबला हैमिल्टन के सेडॉन पार्क में मंगलवार (10 नवंबर) को खेला जाएगा. टीम इंडिया ने ऑकलैंड और वेलिंगटन में खेले गए पहले दो मैचों को डकवर्थ लुईस नियम (DLS) के आधार जीत हासिल की थी. अब लगता है कि तीसरे मैच में भी बारिश खलल डालने के लिए तैयार है और इसका भी नतीजा उसी तरह से निकल सकता है.
बारिश की निरंतरता को देखते हुए लग रहा है कि यह एक बड़ा खतरा बन चुका है. हैमिल्टन में लगातार बारिश के कारण तीसरे वनडे से पहले भारतीय टीम का आउटडोर ट्रेनिंग सेशन खत्म हो गया था. खिलाड़ियों ने इनडोर ट्रेनिंग सेशन में हिस्सा लिया. इससे पहले वेलिंगटन में दूसरे वनडे से पहले भी ट्रेनिंग सेशन रद्द हुआ था. एक्यूवेदर के मुताबिक, शहर में मंगलवार को स्थानीय समय के हिसाब से सुबह तीन बजे से बुधवार को सुबह एक बजे तक भारी बारिश की संभावना है. अनुमान के मुताबिक, मंगलवार को बारिश की 100 प्रतिशत संभावना है, दिन में 99 प्रतिशत और रात में 90 प्रतिशत संभावना है.
मैच के दिन कितने बजे कितनी बारिश की संभावना?
सुबह 7 बजे से दोपहर 2 बजे तक: 71 से 89 प्रतिशत
दोपहर 3 बजे से शाम 7 बजे तक: 73 से 80 प्रतिशत
रात 8 बजे: 49 प्रतिशत
रात 9 बजे: 70 प्रतिशत
रात 10 बजे: 76 प्रतिशत
रात 11 बजे: 67 प्रतिशत
(हैमिल्टन के समय के अनुसार)
सेडॉन पार्क में टीम इंडिया का रिकॉर्ड
भारत ने हैमिल्टन के सेडॉन पार्क में 1981 से 2022 तक कुल 12 वनडे मैच खेले हैं. इस दौरान टीम इंडिया को सिर्फ तीन मैचों में जीत मिली है. आठ मुकाबलों में हार का सामना करना पड़ा है. एक मैच में नतीजा नहीं निकला. भारत को यहां पिछली जीत 2015 में मिली थी. उसने वर्ल्ड कप के मैच में आयरलैंड को परास्त किया था. बाकी दो जीत न्यूजीलैंड और जिम्बाब्वे के खिलाफ मिली है. भारत ने 2009 में यहां न्यूजीलैंड को और 1992 वर्ल्ड कप में जिम्बाब्वे को परास्त किया था.
विराट-रोहित सबसे सफल बल्लेबाज
हैमिल्टन में भारतीय बल्लेबाजों के वनडे में प्रदर्शन की बात करें तो विराट कोहली और रोहित शर्मा सबसे सफल रहे हैं. विराट ने यहां चार वनडे में 175 और रोहित ने पांच मुकाबलों में 170 रन बनाए हैं. पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी के चार मैचों में 135, पूर्व ओपनर वीरेंद्र सहवाग के दो मैचों में 129 और शिखर धवन के चार मुकाबलों में 128 रन हैं. गेंदबाजों में मोहम्मद शमी यहां सबसे ज्यादा सफल रहे हैं. उन्होंने चार मैचों में आठ विकेट हासिल किए हैं. अनिल कुंबले के नाम दो मुकाबलों में पांच विकेट हैं.