)
दरभंगा में चचेरे भाई की हत्या करने से पहले आरोपी ने गांव में 5 से 6 घरों में मौत की दस्तक दी थी. उसके खौफ में किसी ने दरवाजा नहीं खोला. इसके बाद वह काशीकांत ठाकुर के घर के सामने आया तो उसका चेहरा चमक उठा. घर का मुख्य दरवाजा खुला था और आंगन में शशिकांत ठाकुर बैठे हुए थे. आरोपी ने न आव देखा न ताव, ताबड़तोड़ गोलियां बरसा दीं. अपने मकसद को अंजाम देने के बाद वह बाइक से भागने की कोशिश करने लगा, लेकिन गांव से 2 किलोमीटर दूर बहेड़ा थानाक्षेत्र के गांव मलौल में उसने एक व्यक्ति को टक्कर मार दी, जिससे ग्रामीणों ने उसे दबोच लिया. उसकी जमकर पिटाई की गई और लोगों ने उसे रस्सी से बांध दिया. सूचना पर पहुंची पुलिस ने उसे हिरासत में ले लिया. उसके पास से पिस्टल, खोखा और 40 जिंदा कारतूस के अलावा बुलेटप्रूफ जैकेट, हेलमेट और ग्लव्स बरामद किए गए हैं.
काशीकांत ठाकुर के घरवालों और अन्य ग्रामीणों का कहना है कि आरोपी के निशाने पर 5 से 6 लोग थे. पुलिस इस पहलू की भी जांच कर रही है. इस हत्याकांड के पीछे करीब पांच साल पुरानी रंजिश बताई जा रही है. आरोप है कि कुमुद ठाकुर पिछले एक साल से काशीकांत को जान से मारने की धमकी दे रहा था. करीब चार महीने पहले खेत में पिस्टल दिखाकर भी धमकाया था. इसके बाद मृतक ने बिरौल थाने में आवेदन देकर अपनी जान को खतरा बताया था.
इस मामले में SDPO बिरौल प्रभाकर तिवारी ने बताया कि पीड़ित पक्ष की ओर से पूर्व में हत्या की धमकी को लेकर थाने में आवेदन दिया गया था. उस आवेदन पर क्या कार्रवाई हुई और कार्रवाई हुई भी या नहीं, इसकी जांच कराई जा रही है. जांच में यदि कोई पुलिसकर्मी दोषी पाया जाता है तो उसके खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी.
इधर, मृतक के परिजनों ने आरोपी को कड़ी से कड़ी सजा देने की मांग की है. दीपावली के त्योहार के बीच इस हत्या से परिवार की खुशियां मातम में बदल गई हैं. अब पुलिस के सामने दो बड़ी चुनौतियां हैं, एक तरफ हत्या और हथियारों के स्रोत की जांच, तो दूसरी तरफ पहले दी गई शिकायत पर हुई कार्रवाई की सच्चाई सामने लाना.
दरभंगा के एसएसपी जगन्नाथ रेड्डी ने बताया कि इनलोगों के बीच में 10 साल से विवाद चल रहा था. पुलिस अभी मामले की जांच कर रही है. मैंने एसडीपीओ से पूरे मामले की रिपोर्ट तलब की है. जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी.
मृतक के परिजन राम बिहारी ठाकुर ने बताया कि घटना का कोई कारण नहीं था. कुछ समय पहले एक लड़ाई झगड़ा हुआ था. 4 महीने पहले कुमुद ठाकुर ने खेत में काशीकांत ठाकुर पर फायरिंग की थी. प्रशासन से इस बाबत शिकायत की थी, लेकिन कोई मदद नहीं मिली.
आरोपी के पास से पिस्टल की बरामदगी का वीडियो आया है, जिसमें एक पुलिसकर्मी हाथ में बिना ग्लब्स लगाए पिस्टल का मैगजीन निकाल रहा है और फिर मैगजीन से गोली खाली कर रहा है. सवाल उठता है कि ऐसे में पिस्टल और गोली पर फिंगरप्रिंट कैसे आएगा. फिंगरप्रिंट तो पुलिसवाले का आएगा. इतना भी बेसिक ज्ञान पुलिसवालों को नहीं है और पहुंच गए हैं मर्डर की जांच करने.
रिपोर्ट: मुकेश कुमार, दरभंगा