App

छठ पर घर जाना है और टिकट नहीं मिल रहा, तो देर मत कीजिए, दिल्ली-बिहार रूट पर घर बैठे ऐसे ऑनलाइन टिकट बुक कीजिए

मुजफ्फरपुर से सरकारी इंटर स्टेट लग्जरी बस सेवा शुरू हुई है. दिल्ली-बिहार रूट पर ऑनलाइन टिकट बुक कर सकते हैं. रेलवे ट्रेनों में लंबी वेटिंग को देखते हुए यात्रियों के लिए सरकारी बसों का चालू होना एक बेहतर और राहत भरा विकल्प माना जा रहा है.

छठ पर घर जाना है और टिकट नहीं मिल रहा, तो देर मत कीजिए, दिल्ली-बिहार रूट पर घर बैठे ऐसे ऑनलाइन टिकट बुक कीजिए
Image Credit: मुजफ्फरपुर से शुरू हुई लग्जरी बस सेवा (Photo- वीडियो ग्रैब)

'अपनों से मिलना किया आसान' स्लोगन के साथ राज्य सरकार की ओर से मुजफ्फरपुर से अंतरराज्यीय सरकारी लग्जरी बस सेवा को शुरू कर दिया गया है, जिससे छठ पर्व में दूसरे राज्य से छठ पर्व मनाने आने वाले यात्रियों को सुविधा मिलेगी. सबसे खास बात यह है कि आप घर बैठे बिहार राज्य पथ परिवहन निगम (BSRTC) की ऑनलाइन साइट पर जाकर ऑनलाइन टिकट भी बुक कर सकते हैं.

दरसअल, पर्व-त्योहारों में दूसरे प्रदेश से आने-जाने वाले लोगों को ट्रेनों में टिकट नहीं मिल पाती है और वे पर्व में घर नहीं आ पाते हैं. खासकर छठ पर्व पर हर कोई अपने-अपने गांव आते हैं और फिर पर्व मनाकर वापस लौटते हैं. पर्व-त्योहारों के मौसम में यात्रियों की सुगम आवाजाही और सहूलियत को ध्यान में रखते हुए राज्य सरकार के निर्देश पर अन्य राज्यों के लिए विशेष लग्जरी बसों का संचालन शुरू किया गया है.

अभी सबसे ज्यादा दिल्ली से आने वाली बसों में भारी भीड़ है. फिलहाल, मुजफ्फरपुर से दिल्ली जाने वाली सरकारी बसों में यात्रियों का दबाव कम है और 20 से 30 प्रतिशत सीटों पर ही यात्री रवाना हो रहे हैं. इसके विपरीत, दिल्ली से बिहार आने वाली बसों में टिकटों के लिए मारामारी की स्थिति बनी हुई है. इसी को ध्यान में रखते हुए राज्य सरकार के निर्देश पर इन विशेष लग्जरी बसों का संचालन शुरू किया गया है.

ट्रेनों में टिकट की मारामारी के कारण यह माना जा रहा है कि छठ पर्व की समाप्ति के बाद दिल्ली लौटने वाले यात्रियों की संख्या में अचानक भारी उछाल आएगा और मुजफ्फरपुर से जाने वाली बसों में भी भीड़ बढ़ेगी. इसलिए, यात्रियों की सुविधा को देखते हुए ऑनलाइन टिकट बुकिंग की व्यवस्था की गई है, जिससे लोग पहले से कंफर्म टिकट प्राप्त कर यात्रा कर सकें. मुजफ्फरपुर के अलावा उत्तर बिहार के पड़ोसी जिलों सीतामढ़ी, शिवहर और मोतिहारी से भी कई अंतरराज्यीय रूटों पर लग्जरी बसों का परिचालन शुरू किया गया है.

राज्य सरकार की ओर से जो सरकारी बसें चलाई जा रही हैं, उनमें लग्जरी बस की सेवा दी गई है. बस में बैठने वाले यात्रियों के लिए मोबाइल चार्जिंग पॉइंट और हर सीट के पास हेल्प बटन लगा हुआ है. अगर किसी यात्री के साथ कोई समस्या होती है, तो वे हेल्प बटन दबा सकते हैं, जिससे उनकी समस्या का संदेश तुरंत बस चालक तक पहुंच जाएगा और बस चालक तत्काल उनकी मदद के लिए पहुंच जाएगा.

बस में बैठे यात्रियों ने बताया कि इस सेवा के चालू होने से बाहर से आने वाले यात्रियों को कम से कम ट्रेनों के बाथरूम या लेट्रीन जैसी समस्याओं से जूझना नहीं पड़ेगा और न ही उन्हें बोरी की तरह ठूसकर यात्रा करनी पड़ेगी. इस व्यवस्था के चालू होने पर यात्रियों ने राज्य सरकार को धन्यवाद भी दिया है.

इनपुट: मणितोष कुमार

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Shailendra

Shailendra

शैलेंद्र जी न्यूज के रीजनल चैनल, जी बिहार झारखंड की डिजिटल टीम में चीफ सब एडिटर के तौर पर काम करते हैं. वह बिहार और झारखंड की सियासत और क्राइम समेत कई समसामयिक मुद्दों पर न्यूज लिखते हैं. वह कभी-कभी राष्ट्रीय मुद्दों पर भी लिखते हैं. उनको मीडिया के तीनों प्रारूप प्रिंट, टेलीविजन और डिजिटल में काम करने का अनुभव. जनसंदेश टाइम्स, स्वतंत्र चेतना, टीवी 100, साधना न्यूज, एफएम न्यूज आदि न्यूज चैनलों से होते हुए न्यूज नेशन, इंडिया अहेड, ईटीवी भारत और न्यूज स्ट्रीट मीडिया (NYOOOZ) में अहम जिम्मेदारी निभाई. मीडिया जगत में सफर पिछले 12 सालों से बिना रुके जारी है.
Read More