App

सिराज को बाहर कर मोल ले ली मुसीबत? गावस्कर ने लगाई लताड़, कोच का दो टूक जवाब... Playing XI के सेलेक्शन पर दी सफाई

भारत बनाम न्यूजीलैंड पहले टेस्ट में मोहम्मद सिराज को प्लेइंग इलेवन से बाहर रखने पर विवाद बढ़ गया है. सुनील गावस्कर ने फैसले पर सवाल उठाए, लेकिन बल्लेबाजी कोच सितांशु कोटक ने सिराज को बाहर करने और वॉशिंगटन सुंदर को मौका देने की वजह बताई.

सिराज को बाहर कर मोल ले ली मुसीबत? गावस्कर ने लगाई लताड़, कोच का दो टूक जवाब... Playing XI के सेलेक्शन पर दी सफाई
Image Credit: India vs New Zealand

भारतीय टीम मैनेजमेंट ने न्यूजीलैंड के खिलाफ वेलिंगटन में खेले जा रहे पहले टेस्ट मैच के लिए भारत की प्लेइंग इलेवन से धाकड़ तेज गेंदबाज मोहम्मद सिराज को बाहर बैठा दिया, जिसको लेकर सवाल उठ रहे हैं. मोहम्मद सिराज टेस्ट क्रिकेट में भारत के मैच विनर तेज गेंदबाज है, ऐसे में उनको प्लेइंग इलेवन से बाहर रखने का फैसला क्रिकेट के जानकारों की समझ से परे था. मोहम्मद सिराज को प्लेइंग इलेवन से बाहर रखा गया और जसप्रीत बुमराह के साथ प्रसिद्ध कृष्णा, आकाश दीप और अंशुल कंबोज को प्लेइंग इलेवन में मौका दिया है.

भारत के पूर्व कप्तान सुनील गावस्कर ने इस फैसले की आलोचना की है, लेकिन भारत के बल्लेबाजी कोच सितांशु कोटक ने मोहम्मद सिराज को प्लेइंग इलेवन से बाहर रखने के टीम मैनेजमेंट के फैसले का बचाव किया है. सितांशु कोटक ने जोर देकर कहा कि यह सेलेक्शन पहले दिन की परिस्थितियों के बजाय पूरे मैच की जरूरतों को ध्यान में रखकर किया गया था.

मोहम्मद सिराज प्लेइंग इलेवन से बाहर क्यों?

सितांशु कोटक ने पत्रकारों से कहा, 'मोहम्मद सिराज के साथ कोई समस्या नहीं है. टीम चुनते समय हमें लगा कि यही सबसे अच्छी प्लेइंग इलेवन है. मुझे नहीं लगता कि मोहम्मद सिराज को बाहर रखना कोई गलत फैसला था. यह तो बस पहला दिन है. हम टीम सिर्फ पहले दिन के लिए नहीं, बल्कि दूसरे, तीसरे और चौथे दिन के लिए भी चुनते हैं.' सितांशु कोटक ने वॉशिंगटन सुंदर को शामिल करने के फैसले पर भी बात की.

बल्लेबाजी कोच सितांशु कोटक ने दी सफाई

सितांशु कोटक ने बताया कि न्यूजीलैंड के टॉप ऑर्डर में बाएं हाथ के बल्लेबाजों की मौजूदगी इस चयन का एक अहम कारण थी. न्यूजीलैंड के टॉप ऑर्डर में चार बाएं हाथ के बल्लेबाज थे, जिसके चलते सुंदर को इस मुकाबले के लिए एक बेहतर विकल्प माना गया. सितांशु कोटक ने कहा, 'हमने वॉशिंगटन सुंदर को इसलिए चुना, क्योंकि उनके टॉप ऑर्डर में चार बाएं हाथ के बल्लेबाज थे. इस मैच के लिए, यह सबसे बेहतरीन गेंदबाजी आक्रमण है.'

बुमराह की बेहतरीन शुरुआत रही

बता दें कि न्यूजीलैंड के खिलाफ वेलिंगटन में खेले जा रहे पहले टेस्ट मैच के शुरुआती दिन पहले सेशन में भारतीय गेंदबाजों ने परिस्थितियों का अच्छा फायदा उठाया. जसप्रीत बुमराह की अगुवाई में भारतीय गेंदबाजों ने शानदार गेंदबाजी की, जिससे न्यूजीलैंड की टीम 23 ओवर में 60 रन पर 4 विकेट गंवाकर मुश्किल में आ गई. हालांकि, 30वें ओवर के बाद जब कूकाबुरा गेंद अपनी चमक खोने लगी, तो भारतीय तेज गेंदबाजों के लिए दबाव बनाए रखना मुश्किल हो गया.

फिर पलट गया मैच

हेनरी निकोल्स और ग्लेन फिलिप्स ने बदलती परिस्थितियों का पूरा फायदा उठाया और एक अटूट साझेदारी करते हुए दिन का खेल खत्म होने तक न्यूजीलैंड को 5 विकेट पर 243 रन तक पहुंचा दिया. हेनरी निकोल्स 113 रन बनाकर नाबाद रहे, जबकि ग्लेन फिलिप्स पहले दिन का खेल खत्म होने तक 94 रन पर नाबाद रहे. चूंकि अंशुल कंबोज की बॉलिंग स्पीड 126 से 130 KMPH के बीच थी, इसलिए सवाल उठ रहे हैं कि क्या उनकी बॉलिंग स्पीड न्यूजीलैंड के बल्लेबाजों को परेशान करने के लिए काफी है.

अंशुल कंबोज की बॉलिंग स्पीड पर सवाल

हालांकि, सितांशु कोटक ने अंशुल कंबोज की बॉलिंग स्पीड को लेकर जताई गई चिंताओं को खारिज कर दिया और कहा कि इसे कोई बड़ी समस्या नहीं माना जाना चाहिए. सितांशु कोटक ने कहा, 'बॉलिंग स्पीड केवल तीसरे स्पेल में मायने रखती है. अंशुल कंबोज की बॉलिंग स्पीड 130, 128 है, और शायद कुछ गेंदें 126 KMPH की रफ्तार से भी थीं. यह ठीक है.'

सितांशु कोटक ने प्रसिद्ध कृष्णा का किया बचाव

सितांशु कोटक ने प्रसिद्ध कृष्णा का भी सपोर्ट किया. सितांशु कोटक ने माना कि प्रसिद्ध कृष्णा की आक्रामक गेंदबाजी के कारण कभी-कभी वह काफी रन भी लुटा देते हैं. हालांकि, उन्होंने कहा कि किसी तेज गेंदबाज को सिर्फ इस आधार पर आंकना कि उसने कितने रन दिए हैं, उसके खेल के तरीके का सही मूल्यांकन नहीं होगा. सितांशु कोटक ने कहा, 'हम जानते हैं कि प्रसिद्ध कृष्णा एक आक्रामक गेंदबाज हैं और वह कुछ रन तो देंगे ही. जब उन्हें विकेट मिलते हैं, तो हमें अच्छा लगता है. जब उनकी गेंदों पर रन पड़ते हैं, तो हमें अच्छा नहीं लगता. उन्हें इस तरह से देखना सही नहीं है,'

पिच की नमी सामान्य से जल्दी सूख गई

न्यूजीलैंड की वापसी पर बात करते हुए सितांशु कोटक ने मेहमान टीम के बल्लेबाजों को परिस्थितियों के अनुसार खुद को अच्छी तरह ढालने का श्रेय दिया. उन्होंने बताया कि धूप खिलने के कारण पिच की नमी जल्दी सूख गई, जिससे भारतीय गेंदबाजों को उम्मीद से कहीं पहले मदद मिलनी बंद हो गई. उन्होंने यह भी बताया कि नई गेंद से काफी ज्यादा मदद मिल रही थी, जबकि न्यूजीलैंड के बल्लेबाजों ने स्पिन गेंदबाजी के खिलाफ धैर्य दिखाया. सितांशु कोटक ने कहा, 'मौसम अच्छा था और धूप खिली हुई थी, इसलिए पिच की नमी सामान्य से जल्दी सूख गई. उन्होंने अच्छी बल्लेबाजी की, उन्हें इसका श्रेय मिलना चाहिए. उन्होंने स्पिनरों के खिलाफ कोई जोखिम नहीं लिया.

सुनील गावस्कर ने क्या कहा था?

सुनील गावस्कर ने सोनी स्पोर्ट्स पर बात करते हुए कहा कि सिराज को टीम में न देखकर उन्हें हैरानी हुई है. उन्होंने यह भी कहा कि इस तेज गेंदबाज ने ऐसा कुछ नहीं किया है जिसकी वजह से उसे टीम से बाहर कर दिया जाए. सुनील गावस्कर ने कहा, 'जब वह टेस्ट स्क्वॉड के साथ जल्दी नहीं जुड़े थे, तभी कुछ संकेत मिल गए थे. मुझे लगा था कि आखिरी ODI मैच खेलने के बाद वे उन्हें टेस्ट में भी खिलाएंगे, लेकिन यह वाकई हैरान करने वाला है. मुझे नहीं लगता कि उन्होंने भारत को निराश किया है. मोहम्मद सिराज ने कभी भारत को निराश नहीं किया है. उनकी गेंदबाजी में कोई कमी नहीं है. उनका रिदम अच्छा है. हाल ही में उन्होंने जो क्रिकेट खेला है, उसे देखते हुए वह अच्छी फॉर्म में लग रहे हैं. उसे क्यों नहीं चुना गया, यह मेरी समझ से बाहर है. बस यही उम्मीद है कि जिन खिलाड़ियों को उससे पहले चुना गया है, वे अच्छा प्रदर्शन करें.'

अंशुल कंबोज और प्रसिद्ध कृष्णा को कम अनुभव

दूसरे सेशन के बाद सुनील गावस्कर ने इस फैसले पर फिर सवाल उठाए. सुनील गावस्कर ने बताया कि अंशुल कंबोज और प्रसिद्ध कृष्णा के पास मोहम्मद सिराज के मुकाबले टेस्ट क्रिकेट का अनुभव बहुत कम है. सुनील गावस्कर ने कहा, 'अंशुल कंबोज और प्रसिद्ध कृष्णा ने एक-दो साल पहले ही टेस्ट खेलना शुरू किया है. दूसरी तरफ, मोहम्मद सिराज जैसे अनुभवी गेंदबाज उपलब्ध थे, फिर भी आपने उन्हें नहीं चुना. मेरे लिए यह मानना ​​मुश्किल है कि मोहम्मद सिराज आपके टॉप चार गेंदबाजों में शामिल नहीं हैं. मैं यह नहीं कह रहा कि वह पक्का विकेट दिला ही देते, लेकिन जिस तरह से बल्लेबाजी हुई, असल बात यह है कि जब आपके पास अनुभव की कमी होती है. देखिए, आंकड़े और इकोनॉमी रेट तो बहुत अच्छे लग रहे हैं. गेंद स्विंग हो रही है और वे स्टंप्स से काफी दूर गेंद डाल रहे हैं, जिससे बल्लेबाज उन्हें छोड़ रहे हैं और इकोनॉमी रेट अच्छा दिख रहा है. उन्होंने पहले सेशन में बहुत अच्छा काम किया, लेकिन अगर उसके तुरंत बाद उन्हें कुछ और विकेट मिल जाते, तो कहानी कुछ और होती.'

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Tarun Verma

Tarun Verma

तरुण वर्मा ज़ी न्यूज़ हिंदी डिजिटल में स्पोर्ट्स डेस्क में कार्यरत हैं. तरुण वर्मा फरवरी 2021 से ज़ी न्यूज का हिस्सा हैं. तरुण वर्मा किसी भी मैच का बारीकी से विश्‍लेषण करने में माहिर हैं. तरुण वर्मा को क्रिकेट व अन्य खेलों से जुड़ी ख़बरों के विभिन्न एंगल्स पर साइड स्टोरीज़ करने के अलावा खिलाड़ियों पर स्‍पेशल पैकेजेस बनाने में बहुत रुचि है. क्रिकेट व अन्य खेलों से जुड़ी हर छोटी-बड़ी जानकारी ज़ी न्यूज़ के पाठकों तक पहुंचाने की ज़िम्मेदारी तरुण वर्मा बख़ूबी निभाते हैं. तरुण वर्मा को क्रिकेट खेलने, किताबें पढ़ने और घूमने का बहुत शौक है. तरुण वर्मा साल 2016 में गौतम गंभीर के कोच संजय भारद्वाज का इंटरव्यू कर चुके हैं. तरुण वर्मा खेलों के कई बड़े-बड़े इवेंट्स को कवर करने का अनुभव रखते हैं. ज़ी न्यूज़ से जुड़ने से पहले तरुण वर्मा इंडिया टुडे ग्रुप मीडिया (Aajtak.in) संस्थान का भी हिस्सा रह चुके हैं. आप Tarun.Verma@India.com पर सीधे ईमेल कर इनसे जुड़ सकते हैं. तरुण वर्मा एक दशक से पत्रकारिता में सक्रिय हैं.
Read More