VIDEO: वैभव ने पहले खुशी-खुशी की प्रैक्टिस... फिर ड्रॉप होते ही चेहरे पर छाई मायूसी, कोच के आते छोड़ा डगआउट
भारत और अफगानिस्तान के बीच तीसरे टी20 मैच में भी वैभव सूर्यवंशी को मौका नहीं मिला. वह सीरीज के शुरुआती दो मैचों में नहीं खेले थे. भारत सीरीज में 2-0 से आगे है.
भारत और अफगानिस्तान के बीच टी20 सीरीज में एक बार फिर से उन दर्शकों को निराशा हाथ लगी जो वैभव सूर्यवंशी की बल्लेबाजी को देखने के लिए दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में पहुंचे. वैभव को लेकर कयास लगाए जा रहे थे कि वह सीरीज के आखिरी मुकाबले में खेल सकते हैं. टीम इंडिया शुरुआती दो मैचों को जीतकर पहले ही सीरीज अपने नाम कर चुकी है. ऐसे में संजू सैमसन और अभिषेक शर्मा में से किसी एक को आराम देकर उन्हें मौका दिया जा सकता था. हालांकि, ऐसा नहीं हुआ और उनके फैंस को एक बार फिर से निराशा मिली.
अफगानिस्तान के कप्तान इब्राहिम जादरान ने टॉस जीतकर गेंदबाजी का फैसला किया. भारत को पहले बल्लेबाजी का मौका मिला. इससे पहले दोनों मुकाबलों में टीम इंडिया ने पहले गेंदबाजी की थी. टॉस होते ही स्टेडियम में मौजूद हजारों दर्शक खुशी से झूम उठे. उन्हें सबसे पहले तो भारत के पहले बैटिंग करने से खुशी हुई. अब उन्हें उम्मीद थी कि वैभव का नाम अय्यर लेंगे, लेकिन ऐसा नहीं हुआ और स्टेडियम में अचानक से शांति फैल गई.
टॉस के बाद उदास हो गए वैभव
वैभव टीम इंडिया के डगआउट के सामने बल्लेबाजी का अभ्यास कर रहे थे. अरुण जेटली स्टेडियम के बिशन सिंह बेदी स्टैंड में बैठे दर्शक टॉस से पहले शोर मचा रहे थे. टॉस के बाद शांत हो गए. कुछ ऐसा ही हाल वैभव का भी हुआ. वह प्रैक्टिस छोड़कर डगआउट में बैठ गए. करीब 5 से 10 मिनट तक वह अकेले डगआउट में रहे. उनके चेहरे पर निराशा दिख रही थी.
मोर्कल के आते ही उठ गए वैभव
टॉस के बाद जब खिलाड़ियों ने अभ्यास करना बंद किया तो गेंदबाजी कोच मोर्ने मोर्कल वैभव सूर्यवंशी के पास गए. वह डगआउट में उनसे बात करना चाह रहे थे, लेकिन वैभव उठ खड़े हुए. उन्होंने कोच से ज्यादा बात नहीं की और निराश होकर डगआउट से ड्रेसिंग रूम में चले गए. वैभव की निराशा साफ दिख रही थी और उन्हीं की तरह स्टेडियम में मौजूद फैंस भी उदास थे.
वैभव का करियर
वैभव सूर्यवंशी ने भारत के लिए अब तक 6 टी20 मैच खेले हैं. इस दौरान उन्होंने 32.16 की औसत से 193 रन बनाए हैं. वैभव के नाम 2 अर्धशतक हैं. उन्होंने जिम्बाब्वे के खिलाफ हरारे में अपना पिछला टी20 मैच खेला था. उसके बाद वह तीन दलीप ट्रॉफी मैचों का हिस्सा थे. अब उन्हें टीम इंडिया के लिए अपनी अगली बारी का इंतजार है.