SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

हर्ष दुबे ने बरपाया कहर: एक पारी में नौ विकेट लेकर रणजी ट्रॉफी में रचा इतिहास, 10वां शिकार किसने किया?

विदर्भ के स्पिन गेंदबाज हर्ष दुबे ने रणजी ट्रॉफी में इतिहास रच दिया. उनकी शानदार बॉलिंग की बदौलत विदर्भ ने मध्य प्रदेश को पहली पारी में 209 रनों पर समेट दिया. इसके बाद टीम ने 56 रन पर 4 विकेट भी गंवा दिए.

Written By Rohit Raj
Published: Nov 02, 2026, 10:37 PM IST | Updated: Nov 02, 2026, 11:16 PM IST
Image Credit: हर्ष दुबे.
Join

रणजी ट्रॉफी में सोमवार (2 नवंबर) को कुछ ऐसा देखने को मिला, जिस पर किसी को भरोसा नहीं हो पा रहा है. विदर्भ के कप्तान हर्ष दुबे ने मध्य प्रदेश के खिलाफ अपनी गेंदबाजी से कहर बरपा दिया. नागपुर के विदर्भ क्रिकेट एसोसिएशन स्टेडियम में उन्होंने 23.1 ओवर में 53 रन देकर नौ विकेट अपने नाम कर लिए. हर्ष दुबे का प्रथम श्रेणी क्रिकेट में यह सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन था. रणजी ट्रॉफी में विदर्भ के लिए किसी गेंदबाज का यह सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन है. अपनी गेंदबाजी के दौरान उन्होंने चार मेडन ओवर भी किए. वह 10वां विकेट नहीं ले पाए. इसे नचिकेत भूटे ने झटका. हर्ष की दमदार गेंदबाजी की बदौलत विदर्भ ने मध्य प्रदेश की टीम को पहली पारी में 209 रनों पर समेट दिया.

हर्ष ने रणजी ट्रॉफी के पिछले सीजन में 69 विकेट हासिल किए थे. उन्होंने बल्लेबाजी में कमाल करते हुए भी 476 रन बनाए थे. इसके बाद उन्हें मई 2026 में भारतीय टीम में बुलाया गया था. उन्हें अफगानिस्तान के खिलाफ टेस्ट और वनडे सीरीज के लिए चुना गया था. उन्होंने 13 जून को वनडे में डेब्यू भी किया था. वह आईपीएल में सनराइजर्स हैदराबाद के लिए खेलते हैं.

 

 

हर्ष ने रजत पाटीदार का भी शिकार किया

मध्य प्रदेश के खिलाफ हर्ष ने अपने स्पेन की शुरुआत सक्षम पुरोहित (21) और चंचल राठौर (13) को आउट करके की. हर्ष ने इसके बाद कप्तान रजत पाटीदार का शिकार कर लिया. रजत दो रन ही बना पाए. शुभमन शर्मा ने 16 रन बनाए. सारांश जैन 41 गेंदों पर सात चौकों की मदद से 34 रन बनाने में सफल रहे, लेकिन हर्ष ने उन्हें एलबीडब्ल्यू कर दिया. इसके बाद उन्होंने अरशद खान (12) और कुमार कार्तिकेय (7 रन) को भी आउट कर दिया.

ये भी पढ़ें: राइजिंग स्टार्स एशिया कप: वैभव सूर्यवंशी-अभिषेक शर्मा की जोड़ी मचाएगी धमाल, तिलक वर्मा कप्तान; इंडिया 'ए' टीम घोषित

अथर्व महाजन ने बनाए सबसे ज्यादा रन

मध्य प्रदेश के लिए अथर्व महाजन ने 123 गेंदों पर सबसे ज्यादा 85 रन बनाए. उन्होंने पांच चौके और तीन छक्के लगाए. वह अर्धशतक लगाने वाले इकलौते बल्लेबाज रहे. हर्ष ने ही अंत में उनकी पारी का अंत किया. रवि किरण उनके आखिरी शिकार थे. मध्य प्रदेश को पहला झटका ओपनर यश दुबे के रूप में लगा. यश (पांच रन) को नचिकेत भूटे ने आउट किया था. इसके बाद सभी नौ विकेट हर्ष दुबे ने अपने नाम कर लिए.

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

रोहित राज एक दशक से पत्रकारिता में सक्रिय हैं. दैनिक जागरण से करियर की शुरुआत करने वाले रोहित ईटीवी, दैनिक भास्कर, जनसत्ता और अमर उजाला से होते हुए जी न्यूज के हिंदी डिजिटल में चीफ सब एडिटर हैं और स्पोर्ट्स टीम को लीड करते हैं. रोहित कई एक्सक्लूसिव खबरें और एथलीट्स का इंटरव्यू कर चुके हैं. पत्रकारिता में 40 अंडर 40 अवॉर्ड विजेता हैं. खेलों में ज्यादा रुचि रखते हैं और क्रिकेट वर्ल्ड कप, फीफा वर्ल्ड कप, हॉकी वर्ल्ड कप, वर्ल्ड पैरा एथलेटिक्स चैंपियनशिप 2025 और अन्य खेलों के बड़े-बड़े इवेंट को करने का अनुभव रखते हैं. ब्रेकिंग न्यूज, एनालिसिस और किस्से-कहानियों पर पकड़ है. क्रिकेट के अलावा हर खेलों को आसान भाषा में लोगों तक पहुंचाने की कोशिश में लगे रहते हैं.
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES