App

केविन पीटरसन की 2005 वाली बैटिंग देख उतरे हैरी ब्रूक, 42 गेंदों में जड़ा शतक; बेन स्टोक्स बोले- टैलेंट में KP से भी आगे

हैरी ब्रूक ने श्रीलंका के खिलाफ पहले टी20 मुकाबले में 42 गेंदों पर तूफानी शतक जड़कर इंग्लैंड को 119 रनों से ऐतिहासिक जीत दिलाई. केविन पीटरसन की मेंटरशिप और बेन स्टोक्स की तारीफों के बीच जानिए ब्रूक की इस रिकॉर्डतोड़ पारी की पूरी कहानी.

केविन पीटरसन की 2005 वाली बैटिंग देख उतरे हैरी ब्रूक, 42 गेंदों में जड़ा शतक; बेन स्टोक्स बोले- टैलेंट में KP से भी आगे
Image Credit: बेन स्टोक्स ने हैरी ब्रूक को केविन पीटरसन से बेहतर बताया. Picture Credit- AP

साउथम्पटन के रोज बाउल में इंग्लैंड के कप्तान हैरी ब्रूक ने एक ऐसी पारी खेली है जिसने सबको हैरान कर दिया. यहां तक कि इंटरनेशनल क्रिकेट से संन्यास ले चुके पूर्व कप्तान बेन स्टोक्स ने तो ब्रूक को केविन पीटरसन से भी बेहतर बता दिया. पीटरसन मौजूदा समय में व्हाइट-बॉल टीम के मेंटर हैं और वह ड्रेसिंग रूम से ब्रूक की इस शानदार पारी का आनंद ले रहे थे. उनके सामने इंग्लिश कप्तान ने श्रीलंका के खिलाफ महज 42 गेंदों पर तूफानी शतक जड़कर टीम को 119 रनों की विशाल जीत दिलाई. ब्रूक की इस विस्फोटक पारी ने यह साबित कर दिया कि वह क्यों वर्तमान में क्रिकेट के सभी फॉर्मेट्स में सबसे रोमांचक बल्लेबाजों में से एक हैं.

ब्रूक की इस अविश्वसनीय पारी को देखकर टेस्ट कप्तान बेन स्टोक्स भी खुद को तारीफ करने से रोक नहीं पाए. उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर लिखा कि प्रतिभा के मामले में केविन पीटरसन का जीनियस भी हैरी ब्रूक के सामने फीका लगता है. स्टोक्स ने ब्रूक को 'एब्सोल्यूट फ्रीक' बताते हुए कहा कि उन्हें बल्लेबाजी करते देखना बेहद आनंददायक है.

 

 

 

पीटरसन की बैटिंग देखकर उतरे थे ब्रूक

इंग्लैंड की शुरुआत में ही डेब्यू करने वाले अनेरिन डोनाल्ड 12 रन बनाकर आउट हो गए थे. इसके बाद ब्रूक ने मोर्चा संभाला और स्पिनर दुनिथ वेल्लालागे के एक ही ओवर में 30 रन कूट डाले. ब्रूक ने बाद में स्वीकार किया कि वह अपने फोन पर 2005 की एशेज सीरीज में पीटरसन की बल्लेबाजी के हाइलाइट्स देख रहे थे और मैदान के अलग-अलग कोणों में शॉट खेलने की उनकी शैली से काफी प्रभावित थे.

2005 एशेज में पीटरसन ने मचाया था तहलका

केविन पीटरसन ने 2005 की एशेज सीरीज को अपनी बल्लेबाजी से यादगार बना दिया था. उन्होंने 5 मैचों की 10 पारियों में 473 रन बनाए थे. इस दौरान उनका औसत 52.56 और स्ट्राइक रेट 71.45 का था. पीटरसन ने 51 चौके और 14 छक्के सीरीज में मारे थे. वह इंग्लैंड और ऑस्ट्रेलिया को मिलाकर सीरीज में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज थे. उनका उच्चतम स्कोर 158 रन था. पूरी सीरीज में पीटरसन का औसत ही सबसे बेहतर था. उन्होंने एक शतक और तीन अर्धशतक लगाए थे. यहां तक कि उन्होंने ही सबसे ज्यादा छक्के भी जड़े थे.

डेब्यू सीरीज में ऑस्ट्रेलिया गेंदबाजों पर बरसे

2005 की एशेज सीरीज में शेन वॉर्न, ग्लेन मैक्ग्रा, ब्रेट ली, शॉन टेट, माइकल कास्प्रोविच और जेसन गिलेस्पी जैसे दिग्गज गेंदबाज ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ खेले थे. वॉर्न ने तो सबसे ज्यादा 40 विकेट लिए थे, लेकिन पीटरसन ने उनके खिलाफ जमकर रन बनाए थे. यहां तक कि दुनिया के इस महानतम स्पिनर के खिलाफ स्वीच हिट पर छक्का लगाकर उन्होंने सबको हैरान कर दिया था. पीटरसन को ओवल में खेले गए आखिरी टेस्ट में मैन ऑफ द मैच भी चुना गया था. सबसे मजेदार फैक्ट यह है कि इंग्लैंड के इस खिलाड़ी ने उसी सीरीज से टेस्ट क्रिकेट में डेब्यू किया था और सभी पांच मैचों में हिस्सा लिया था.

पीटरसन के 2005 एशेज सीरीज में स्कोर
लॉर्ड्स- 57 और 64*
बर्मिंघम- 71 और 20
मैनचेस्टर- 21 और 0
नॉटिंघम- 45 और 23
ओवल- 14 और 158

बटलर ने निभाया ब्रूक का साथ

अब वापस इंग्लैंड और श्रीलंका के बीच मैच की बात करें तो हैरी ब्रूक को इस मैच में पूर्व कप्तान जोस बटलर का शानदार साथ मिला. बटलर ने 44 गेंदों में 80 रनों की तूफानी पारी खेली. दोनों बल्लेबाजों के बीच दूसरे विकेट के लिए 128 रनों की मजबूत साझेदारी हुई. साउथम्पटन के मैदान पर मौजूद 11,000 से अधिक दर्शकों की मौजूदगी में इंग्लैंड ने 4 विकेट पर 254 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया.

ब्रूक नहीं तोड़ पाए बड़ा रिकॉर्ड

जब ब्रूक 38 गेंदों में 94 रन पर थे, तब उनके पास फिल सॉल्ट के 39 गेंदों वाले इंग्लैंड के सबसे तेज टी20 शतक के रिकॉर्ड की बराबरी करने का मौका था. हालांकि, वे अंत में लियम लिविंगस्टोन के 42 गेंदों वाले शतक के रिकॉर्ड की ही बराबरी कर सके. ब्रूक 49 गेंदों पर 10 चौकों और 6 छक्कों की मदद से 114 रन बनाकर नाबाद रहे. अपनी पिछली तीन टी20 पारियों में वह बिना आउट हुए 288 रन बना चुके हैं.

श्रीलंका की टीम का क्या हाल हुआ?

255 रनों के विशाल लक्ष्य का पीछा करने उतरी श्रीलंका की टीम शुरुआत से ही दबाव में बिखर गई. पावरप्ले के 6 ओवरों में ही श्रीलंका ने 3 विकेट गंवा दिए, जिसमें इंग्लैंड के युवा तेज गेंदबाज सॉनी बेकर ने शानदार गेंदबाजी करते हुए झटके दिए. पूरी श्रीलंकन टीम 135 रनों पर सिमट गई और इंग्लैंड ने सीरीज का पहला मुकाबला एकतरफा अंदाज में अपने नाम कर लिया.

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

Rohit Raj

Rohit Raj

रोहित राज एक दशक से पत्रकारिता में सक्रिय हैं. दैनिक जागरण से करियर की शुरुआत करने वाले रोहित ईटीवी, दैनिक भास्कर, जनसत्ता और अमर उजाला से होते हुए जी न्यूज के हिंदी डिजिटल में चीफ सब एडिटर हैं और स्पोर्ट्स टीम को लीड करते हैं. रोहित कई एक्सक्लूसिव खबरें और एथलीट्स का इंटरव्यू कर चुके हैं. पत्रकारिता में 40 अंडर 40 अवॉर्ड विजेता हैं. खेलों में ज्यादा रुचि रखते हैं और क्रिकेट वर्ल्ड कप, फीफा वर्ल्ड कप, हॉकी वर्ल्ड कप, वर्ल्ड पैरा एथलेटिक्स चैंपियनशिप 2025 और अन्य खेलों के बड़े-बड़े इवेंट को करने का अनुभव रखते हैं. ब्रेकिंग न्यूज, एनालिसिस और किस्से-कहानियों पर पकड़ है. क्रिकेट के अलावा हर खेलों को आसान भाषा में लोगों तक पहुंचाने की कोशिश में लगे रहते हैं.
Read More