)
मुंबई इंडियंस के कप्तान हार्दिक पांड्या के अगले आईपीएल सीजन को लेकर लगातार अटकलें लगाई जा रही हैं. कहा जा रहा है कि वह मुंबई इंडियंस की टीम से अलग हो सकते हैं. वह किसी और टीम में शामिल हो सकते हैं. उनका नाम राजस्थान रॉयल्स, कोलकाता नाइटराइडर्स और दिल्ली कैपिटल्स जैसी टीमों से जोड़ा गया. हालांकि, अब तक वह मुंबई के ही कप्तान हैं और किसी अन्य टीमों के साथ उनका करार नहीं हुआ है. इसी बीच, चेन्नई सुपरकिंग्स ने एक वीडियो शेयर करके सबको हैरान कर दिया.
सोशल मीडिया पर जारी एक वीडियो में चेन्नई सुपरकिंग्स का मैस्कॉट 'लियो' प्लेकार्ड लेकर आया. इस प्लेकार्ड पर '33' नंबर लिखा हुआ था. हार्दिक भारतीय टीम और मुंबई इंडियंस के लिए 33 नंबर की जर्सी पहनते हैं. इसने फैंस का ध्यान खींचा है. इस वीडियो ने पांच बार की चैंपियन चेन्नई सुपरकिंग्स के साथ उनके जुड़ने की अफवाहों को और ज्यादा मजबूत कर दिया है.
अश्विन के पोस्ट ने आग में घी डाला
चेन्नई सुपरकिंग्स ने अभी तक हार्दिक के ट्रेड को लेकर कुछ भी आधिकारिक तौर पर नहीं कहा है, लेकिन इस एक संकेत ने फैंस को चर्चा करने का एक मुद्दा दे दिया है. इस वीडियो को शेयर करते हुए चेन्नई सुपरकिंग्स के दिग्गज क्रिकेटर रविचंद्रन अश्विन ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर सवाल पूछा कि क्या यह डील जारी है? अश्विन के इस पोस्ट ने ही लाखों क्रिकेट फैंस का ध्यान उस वीडियो तक खींचा.
Onnnnn??🔥🔥 Proper cooking ✅✅✅
— Ashwin 🇮🇳 (@ashwinravi99) October 27, 2026
हार्दिक के भविष्य पर क्यों उठ रहे सवाल?
हार्दिक की कप्तानी में आईपीएल 2026 में मुंबई इंडियंस की टीम 14 मैचों में चार जीत के साथ नौवें स्थान पर रही थी. उनकी कप्तानी में तीन में से दो सीजन में मुंबई की टीम प्लेऑफ में नहीं पहुंच पाई. इसके बाद से हार्दिक के भविष्य को लेकर लगातार चर्चा हो रही है. कई टीमों से उनका नाम जुड़ा, लेकिन अब 15 नवंबर तक रिटेंशन का इंतजार सबको करना होगा.
चेन्नई ने इस मामले पर क्या बयान दिया?
चेन्नई सुपरकिंग्स के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) काशी विश्वनाथन ने इन खबरों को खारिज करते हुए कहा था कि फ्रेंचाइजी ने कोई बातचीत नहीं की है. वह सीजन को लेकर पूरी समीक्षा करने के बाद कोई फैसला करेंगे. दूसरी ओर, मुंबई इंडियंस ने साफ कर दिया है कि उन्होंने अभी तक किसी भी खिलाड़ी के ट्रेड को लेकर कोई चर्चा नहीं की है.