App

कहीं मुंबई इंडियंस वाली गलती ना कर दे पंजाब किंग्स, हार्दिक पांड्या की एंट्री से श्रेयस अय्यर को क्यों खतरा

हार्दिक पांड्या अब आधिकारिक रूप से पंजाब किंग्स का हिस्सा हो गए हैं. आईपीएल 2027 से पहले अर्शदीप सिंह के साथ अदला-बदली पर मुहर लग गई है. बड़ा सवाल ये है कि क्या पंजाब किंग्स हार्दिक को कप्तान बनाएंगे?

कहीं मुंबई इंडियंस वाली गलती ना कर दे पंजाब किंग्स, हार्दिक पांड्या की एंट्री से श्रेयस अय्यर को क्यों खतरा
Image Credit: हार्दिक पांड्या की एंट्री से श्रेयस अय्यर को क्यों खतरा? (IPL/BCCI)

इस बात पर मुहर लग चुकी है कि आईपीएल 2027 में स्टार ऑलराउंडर हार्दिक पांड्या पंजाब किंग्स का हिस्सा होंगे. मुंबई इंडियंस अपने कप्तान को विदा करने के लिए राजी हो गई है और उनके बदले तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह को टीम में शामिल किया है. पिछले 5 सालों से हार्दिक IPL में बतौर कप्तान ही खेले हैं. 2022 में उन्होंने गुजरात टाइटंस की कप्तानी की और चैंपियन बनाया. 2023 में भी वो इसी फ्रेंचाइजी के साथ थे और गुजरात ने फाइनल तक का सफर तय किया था.

2015 से लेकर 2021 तक हार्दिक पांड्या बतौर खिलाड़ी मुंबई इंडियंस के लिए खेले. 2022 में वो नई फ्रेंचाइजी गुजरात टाइटंस से जुड़े और कप्तानी का स्वाद चखा. उनके नेतृत्व में गुजरात टाइटंस अपने पहले संस्करण में ही चैंपियन बन गई. 2024 में उन्होंने फिर मुंबई इंडियंस में वापसी की, लेकिन खिलाड़ी के तौर पर नहीं, बल्कि कप्तान बनकर. MI ने 5 बार के चैंपियन कप्तान रोहित शर्मा से कप्तानी छीनकर हार्दिक को कमान सौंपा.

लगातार 5 सालों से कप्तानी कर रहे हार्दिक

बड़ा सवाल ये है कि लगातार 5 सालों तक कप्तान बनकर खेल रहे हार्दिक पांड्या क्या अब बतौर खिलाड़ी खेलने के लिए तैयार हैं? या उन्होंने इस शर्त पर पंजाब किंग्स से जुड़ने का फैसला किया है कि उन्हें कप्तानी मिले. सिर्फ खिलाड़ी के तौर पर तो वो मुंबई इंडियंस के लिए भी खेल सकते थे. सारा पेच तो कप्तानी पर ही फंसा था. पिछले सीजन खराब प्रदर्शन के बाद मुंबई इंडियंस ने कप्तान बदलने का मन बनाया. शायद हार्दिक इस फैसले से खुश नहीं थे और कहीं ना कहीं इसी वजह से उनकी और मुंबई इंडियंस की राहें अलग हो गई.

श्रेयस के साथ भी होगा रोहित जैसा हाल?

आईपीएल 2027 से पहले हुए इस बड़े ट्रेड के बाद ये सवाल उठना लाजमी है कि क्या हार्दिक पांड्या पंजाब किंग्स के कप्तान होंगे या फ्रेंचाइजी श्रेयस अय्यर पर ही भरोसा दिखाएगी. बतौर कप्तान अय्यर का आईपीएल सफर अच्छा रहा है. उन्होंने 2024 में कोलकाता नाइट राइडर्स को चैंपियन बनाया और फिर 2025 में पंजाब किंग्स को फाइनल तक लेकर गए. 2026 में भी अय्यर की कप्तानी में पंजाब किंग्स ने लगातार 6 मुकाबले जीते, लेकिन इसके गाड़ी पटरी से उतर गई. पंजाब किंग्स प्लेऑफ में भी नहीं पहुंची और 5वें स्थान पर रहकर सीजन को समाप्त किया.

आईपीएल 2026 सीजन के दूसरे हाफ में श्रेयस अय्यर की कप्तानी पर सवाल उठे थे. उनकी आलोचना भी हुई थी. हालांकि, ओवरऑल देखें तो बतौर कप्तान उनका सफर अच्छा रहा है. ये भी मत भूलें कि श्रेयस अय्यर वर्तमान में टीम इंडिया के T20I कप्तान हैं. हालांकि, हार्दिक की एंट्री से फैंस के बीच खलबली तो मची है. फैंस के मन में ये डर है कि कहीं पंजाब किंग्स भी ना मुंबई इंडियंस वाली गलती कर दे. तब चैंपियन कप्तान रोहित शर्मा से कप्तानी छीनी गई थी. अब श्रेयस अय्यर हैं, जिनकी लीडरशिप की तारीफ तो होती है, लेकिन सामने हार्दिक हैं, जो गुजरात से मुंबई इसी शर्त पर गए थे कि उन्हें कप्तानी दी जाए. अगर उन्होंने पंजाब किंग्स के सामने भी यही शर्त रखी है तो श्रेयस अय्यर के लिए खतरा बढ़ गया है.

हार्दिक पांड्या की सैलरी में बढ़ोतरी

पंजाब किंग्स स्टार ऑलराउंडर हार्दिक पांड्या को टीम में जोड़ने के लिए कितनी बेताब थी, इसका अंदाजा आप इस बात से लगा सकते हैं कि उनकी सैलरी में भी बढ़ोतरी हुई है. उनकी कीमत 16.5 करोड़ से बढ़कर 18 करोड़ रुपये हो गई है. अब ये देखना है कि पंजाब ने हार्दिक को सिर्फ खिलाड़ी के तौर पर लाने का फैसला किया है या उन्हें कप्तानी सौंपी जाएगी.

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Ritesh Kumar

Ritesh Kumar

रितेश कुमार स्पोर्ट्स न्यूज करने के लिए 24 घंटे तैयार रहते हैं क्योंकि इसी से सबसे ज्यादा प्यार करते हैं. पत्रकारिता में 5 साल का अनुभव. The Lallantop से सफर शुरू हुआ और R Bharat के रास्ते अब Zee News तक पहुंचा है. स्पोर्ट्स क्षेत्र में एक सफल पत्रकार बनने का सपना है. भारतीय क्रिकेटर्स, ओलंपिक और पैरालंपिक मेडलिस्ट का इंटरव्यू करने करने का अनुभव. ट्रेडिंग खबरों में डूबे रहने का शौक है.
Read More