SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

'यह बिल्कुल भी सही नहीं...' टीम इंडिया पर भड़का तिहरा शतक ठोकने वाला बल्लेबाज, जडेजा को बाहर रखने पर उठाए सवाल

न्यूजीलैंड के खिलाफ दोनों टेस्ट मैचों में रवींद्र जडेजा को प्लेइंग इलेवन से बाहर रखने पर हनुमा विहारी भड़क गए हैं. उन्होंने वॉशिंगटन सुंदर के चयन पर सवाल उठाते हुए कहा कि विदेशी परिस्थितियों में जडेजा को टीम में जगह मिलनी चाहिए थी.

Written By Tarun Verma
Published: Nov 29, 2026, 09:46 IST | Updated: Nov 29, 2026, 10:05 IST
Image Credit: Ravindra Jadeja
Join

न्यूजीलैंड के खिलाफ दोनों टेस्ट मैचों की प्लेइंग इलेवन से रवींद्र जडेजा को बाहर रखने पर भारतीय क्रिकेटर हनुमा विहारी ने टीम मैनेजमेंट पर तीखा हमला बोला है. हनुमा विहारी का मानना है कि विदेशी हालात में अनुभवी ऑलराउंडर रवींद्र जडेजा को वॉशिंगटन सुंदर से ऊपर मौका मिलना ही चाहिए था. भारतीय टीम ने न्यूजीलैंड की बल्लेबाजी लाइनअप में बाएं हाथ के बल्लेबाजों की संख्या को देखते हुए वॉशिंगटन सुंदर को तरजीह दी. ऑफ-स्पिनर होने के नाते वॉशिंगटन सुंदर की गेंद बाएं हाथ के बल्लेबाजों से दूर निकलती है, जिससे कागजों पर वे सही विकल्प लगते हैं. हालांकि, बल्ले और गेंद दोनों से उनका प्रदर्शन बेहद साधारण रहा है.

घरेलू फर्स्ट क्लास क्रिकेट में तिहरा शतक ठोक चुके भारतीय बल्लेबाज हनुमा विहारी ने न्यूजीलैंड के खिलाफ दोनों टेस्ट मैचों से रवींद्र जडेजा को बाहर रखने के टीम मैनेजमेंट के फैसले की आलोचना की है. रवींद्र जडेजा की जगह चुने गए वॉशिंगटन सुंदर ने पहले टेस्ट मैच में 24 रन बनाए और केवल एक विकेट लिया. क्राइस्टचर्च में जारी दूसरे टेस्ट मैच में उन्होंने पहली पारी में एक विकेट लिया और शनिवार को बल्लेबाजी करते हुए 10 रन बनाए. 

टीम इंडिया पर भड़का ये बल्लेबाज

हनुमा विहारी का मानना ​​है कि रवींद्र जडेजा के अनुभव और ऑलराउंड क्षमताओं को देखते हुए, उन्हें निश्चित रूप से टीम में होना चाहिए था, खासकर SENA (साउथ अफ्रीका, इंग्लैंड, न्यूजीलैंड और ऑस्ट्रेलिया) देशों की परिस्थितियों में. हनुमा विहारी ने अपने यूट्यूब चैनल पर बात करते हुए रवींद्र जडेजा की जगह वॉशिंगटन सुंदर को चुनने के फैसले पर सवाल उठाया. हनुमा विहारी ने कहा, 'यह पचाना मुश्किल है कि रवींद्र जडेजा की जगह वाशिंगटन सुंदर को खिलाया जा रहा है. यह बिल्कुल भी सही नहीं है. SENA देशों में, वॉशिंगटन सुंदर के बजाय रवींद्र जडेजा को प्लेइंग इलेवन में खेलने का हक है.'

जडेजा को बाहर रखने पर उठाए सवाल

हनुमा विहारी ने यह भी याद दिलाया कि कैसे विदेशी परिस्थितियों में अक्सर रविचंद्रन अश्विन की जगह रवींद्र जडेजा को चुना जाता था, जिसका मुख्य कारण बल्लेबाजी में उनका अहम योगदान देने की क्षमता थी. रवींद्र जडेजा ने टेस्ट क्रिकेट में 4160 रन बनाए हैं और 356 विकेट लिए हैं, साथ ही उन्होंने इंग्लैंड में एक शतक भी लगाया है. हनुमा विहारी ने सवाल उठाया कि क्या वॉशिंगटन सुंदर को रविचंद्रन अश्विन से बेहतर गेंदबाजी विकल्प माना जा सकता है? उन्होंने तर्क दिया कि रवींद्र जडेजा की बल्लेबाजी क्षमता को देखते हुए, उन्हें टीम से बाहर रखने के फैसले को सही ठहराना और भी मुश्किल हो जाता है. 

जुरेल को अपनी जगह नहीं छोड़नी चाहिए

हनुमा विहारी ने आगे कहा, 'SENA देशों में ऐसे मौके भी आए हैं, जब जडेजा को खिलाने के लिए अश्विन को भी बेंच पर बैठा दिया गया था. क्या आप मुझे यह बता रहे हैं कि वॉशिंगटन सुंदर, अश्विन से बेहतर गेंदबाज हैं? जडेजा ने SENA देशों में शतक भी लगाए हैं.' हनुमा विहारी ने विकेटकीपर-बल्लेबाज ध्रुव जुरेल की जगह जडेजा को टीम में शामिल करने की संभावना को भी खारिज कर दिया. हनुमा विहारी के अनुसार भारत को छठे नंबर पर एक विशेषज्ञ बल्लेबाज की जरूरत है, और इस ऑलराउंडर के लिए जुरेल को अपनी जगह नहीं छोड़नी चाहिए. उनका यह भी मानना ​​है कि वेलिंगटन में जडेजा की मौजूदगी से फर्क पड़ सकता था, जहां भारत ने पारी घोषित करने से पहले 720/9 का स्कोर खड़ा किया था, लेकिन वे कोई नतीजा नहीं निकाल सके. विहारी का मानना ​​है कि उन हालात में इस बाएं हाथ के स्पिनर की गेंदबाजी भारत को एक और कारगर विकल्प दे सकती थी.

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

तरुण वर्मा ज़ी न्यूज़ हिंदी डिजिटल में स्पोर्ट्स डेस्क में कार्यरत हैं. तरुण वर्मा फरवरी 2021 से ज़ी न्यूज का हिस्सा हैं. तरुण वर्मा किसी भी मैच का बारीकी से विश्‍लेषण करने में माहिर हैं. तरुण वर्मा को क्रिकेट व अन्य खेलों से जुड़ी ख़बरों के विभिन्न एंगल्स पर साइड स्टोरीज़ करने के अलावा खिलाड़ियों पर स्‍पेशल पैकेजेस बनाने में बहुत रुचि है. क्रिकेट व अन्य खेलों से जुड़ी हर छोटी-बड़ी जानकारी ज़ी न्यूज़ के पाठकों तक पहुंचाने की ज़िम्मेदारी तरुण वर्मा बख़ूबी निभाते हैं. तरुण वर्मा को क्रिकेट खेलने, किताबें पढ़ने और घूमने का बहुत शौक है. तरुण वर्मा साल 2016 में गौतम गंभीर के कोच संजय भारद्वाज का इंटरव्यू कर चुके हैं. तरुण वर्मा खेलों के कई बड़े-बड़े इवेंट्स को कवर करने का अनुभव रखते हैं. ज़ी न्यूज़ से जुड़ने से पहले तरुण वर्मा इंडिया टुडे ग्रुप मीडिया (Aajtak.in) संस्थान का भी हिस्सा रह चुके हैं. आप Tarun.Verma@India.com पर सीधे ईमेल कर इनसे जुड़ सकते हैं. तरुण वर्मा एक दशक से पत्रकारिता में सक्रिय हैं.
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES