)
India vs Afghanistan: अफगानिस्तान के खिलाफ हुए पहले टी20 मैच में भारतीय टीम के चार स्पेशलिस्ट गेंदबाजों ने तो शानदार प्रदर्शन किया, लेकिन 5वें गेंदबाज के ओवर खत्म कराने में कप्तान श्रेयस अय्यर की हालत खराब हो गई. दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में खेले गए पहले मुकाबले में टीम इंडिया ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया था. अफगानिस्तान की टीम 20 ओवरों में 156 रन ही बना सकी, लेकिन सही मायने में देखें तो 5वां विकल्प अच्छा होता तो इतने रन भी नहीं बनते. अय्यर ने आखिरी ओवर शिवम दुबे से कराने का फैसला किया, जो काफी महंगा साबित हुआ. इस ओवर में 21 रन बने और अफगानिस्तान ने 150 रन का आंकड़ा क्रॉस कर लिया.
पहले T20I में टीम इंडिया चार प्रमुख गेंदबाजों के साथ उतरी थी. जसप्रीत बुमराह, अर्शदीप सिंह, अक्षर पटेल और वरुण चक्रवर्ती ने अपना काम बखूबी से निभाया भी. इन चारों गेंदबाजों ने मिलाकर 16 ओवर में 88 रन दिए और 6 विकेट चटकाए. वहीं बाकी के 4 ओवर में 59 रन बने.
कप्तान श्रेयस अय्यर के सामने 5वां गेंदबाज के रूप में चार ओवर डलवाने की बड़ी चुनौती है. पिछले मैच में उनसे चूक भी हुई थी, क्योंकि उन्होंने आखिरी ओवर डालने की जिम्मेदारी शिवम दुबे को दी, जो इस रोल के लिए उचित बॉलर नहीं हैं. श्रेयस को बुमराह या अर्शदीप से ये काम करवाना चाहिए था. पहले मैच में तो टीम इंडिया ने आसानी से जीत हासिल कर ली, इसलिए ये गलती भारी नहीं पड़ी, लेकिन अगले दो मैचों में लेने के देने पड़ सकते हैं.

अफगानिस्तान के खिलाफ पहले टी20 इंटरनेशनल मैच में बतौर 5वां गेंदबाज कप्तान श्रेयस अय्यर ने तीन खिलाड़ियों का इस्तेमाल किया. नितीश कुमार रेड्डी ने 2 ओवर में 30 रन लुटाए, जबकि अभिषेक शर्मा ने एक ओवर में 8 रन दिए. 20वां ओवर शिवम दुबे ने डाला जिसमें 21 रन बने. इन चार ओवरों में 14.75 की इकॉनमी रेट से 59 रन बने, जिसमें 10 बाउंड्री शामिल हैं.
5वें गेंदबाजों की हो रही धुलाई को देखकर कप्तान श्रेयस अय्यर को निश्चित तौर पर हार्दिक पांड्या की कमी खल रही होगी, जो इस रोल को निभाने में मास्टर हो चुके हैं. जब वो खेलते हैं तो प्लेइंग इलेवन में बैलेंस मिलती है और पूरी गेंदबाजी क्रम घातक नजर आती है. फिर कप्तान को 5वें बॉलिंग ऑप्शन के लिए इधर-उधर देखने की जरूरत नहीं पड़ती है. शिवम दुबे पिछले कुछ समय से उनकी कमी पूरी करने की कोशिश कर रहे हैं, लेकिन अभी तक असफल रहे हैं.
हार्दिक पांड्या एक प्रॉपर ऑलराउंडर हैं, जो बल्लेबाजी तो करते ही हैं, साथ में 4 ओवर डालने की गारंटी भी देते हैं. दूसरी तरफ शिवम दुबे भी ऑलराउंडर हैं, लेकिन उनका झुकाव बैटिंग की तरफ ज्यादा है. आंकड़ों पर नजर डालें तो हार्दिक ने भारत के लिए अभी तक 138 T20I में 2288 रन बनाए हैं और गेंदबाजी से 114 विकेट चटकाए हैं. बात करें शिवम दुबे की तो उन्होंने अब तक 74 T20I में 1127 रन बनाए हैं और गेंदबाजी से 38 विकेट चटकाए हैं. उन्होंने 9.80 की इकॉनमी रेट से रन लुटाए हैं, जबकि हार्दिक का इकॉनमी रेट 8.34 का है.