App

Explained: संजू सैमसन के लिए बंद नहीं हुए हैं टी20 टीम के दरवाजे, अभिषेक शर्मा की खराब फॉर्म कैसे बनाएगी वापसी का रास्ता?

संजू सैमसन को अफगानिस्तान के खिलाफ टी20 इंटरनेशनल सीरीज के दौरान टीम इंडिया की प्लेइंग इलेवन में मौका मिलेगा या नहीं यह देखना दिलचस्प होगा. प्लेइंग इलेवन में पहले से ही अभिषेक शर्मा और वैभव सूर्यवंशी ओपनिंग बल्लेबाज की जगह के लिए अपना दावा ठोक रहे हैं.

Explained: संजू सैमसन के लिए बंद नहीं हुए हैं टी20 टीम के दरवाजे, अभिषेक शर्मा की खराब फॉर्म कैसे बनाएगी वापसी का रास्ता?
Image Credit: Abhishek Sharma And Sanju Samson

भारत और अफगानिस्तान के बीच तीन मैचों की टी20 इंटरनेशनल सीरीज 13 सितंबर से शुरू होगी. इस टी20 इंटरनेशनल सीरीज के तीनों ही मैच नई दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में खेले जाएंगे. दोनों देशों के बीच दूसरा टी20 इंटरनेशनल मैच 15 सितंबर और तीसरा टी20 इंटरनेशनल मैच 17 सितंबर को खेला जाएगा. अफगानिस्तान के खिलाफ इस तीन मैचों की टी20 इंटरनेशनल सीरीज के लिए विकेटकीपर बल्लेबाज संजू सैमसन की भारत की T20I टीम में वापसी हुई है. संजू सैमसन को इंग्लैंड के खिलाफ जुलाई में खेली गई पांच मैचों की टी20 इंटरनेशनल सीरीज के दौरान 3 मैचों में बाहर बैठना पड़ा था.

इसके बाद जिम्बाब्वे के खिलाफ जुलाई में ही खेली गई 3 मैचों की टी20 इंटरनेशनल सीरीज में संजू सैमसन को भारतीय टी20 स्क्वाड से बाहर रखा गया था, हालांकि अब अफगानिस्तान के खिलाफ तीन मैचों की टी20 इंटरनेशनल सीरीज के लिए उनकी टीम इंडिया में वापसी हो गई है. अभिषेक शर्मा और वैभव सूर्यवंशी की जोड़ी अफगानिस्तान के खिलाफ तीन मैचों की टी20 इंटरनेशनल सीरीज के लिए भारत की पहली पसंद की ओपनिंग जोड़ी होगी. ऐसे में संजू सैमसन को प्लेइंग इलेवन से बाहर बैठना पड़ सकता है. हालांकि संजू सैमसन के लिए भारत की प्लेइंग इलेवन के दरवाजे पूरी तरह बंद नहीं हुए हैं. आइए एक नजर डालते हैं कि आखिर संजू सैमसन कैसे भारत की टी20 टीम की प्लेइंग इलेवन में वापस आ सकते हैं.

1. संजू सैमसन क्यों हुए टी20 टीम से बाहर?

इस साल फरवरी-मार्च में खेले गए टी20 वर्ल्ड कप 2026 के बाद से संजू सैमसन का बल्ला पूरी तरह से खामोश रहा है. संजू सैमसन ने अपनी आखिरी चार टी20 इंटरनेशनल पारियों में महज 33 रन ही बनाए हैं. इस दौरान संजू सैमसन का हाईएस्ट स्कोर 27 रन रहा है. संजू सैमसन ने यह पारी इंग्लैंड के खिलाफ 11 जुलाई 2026 को साउथेम्प्टन में खेली थी. टी20 वर्ल्ड कप 2026 के बाद जून में आयरलैंड दौरे पर संजू सैमसन ने 5 और 0 रन के स्कोर बनाए. संजू सैमसन इंग्लैंड दौरे पर पहले टी20 इंटरनेशनल मैच में 1 रन बनाकर आउट हो गए थे. इसके बाद भारतीय टीम मैनेजमेंट ने संजू सैमसन को अगले तीन T20I मैचों में प्लेइंग इलेवन से बाहर कर दिया और वैभव सूर्यवंशी को अभिषेक शर्मा के साथ ओपनिंग के लिए उतार दिया. 

वैभव सूर्यवंशी भी कुछ खास नहीं कर पाए और इंग्लैंड के खिलाफ इस T20I सीरीज के तीन मैचों में सिर्फ 42 रन ही बना पाए. संजू सैमसन को इंग्लैंड के खिलाफ पांचवें T20I मैच के लिए एक बार फिर प्लेइंग इलेवन में मौका दिया गया. इस T20I मैच में संजू सैमसन एक बार फिर नाकाम रहे और 27 रन बनाकर आउट हो गए. संजू सैमसन को इसके बाद जिम्बाब्वे दौरे के लिए सेलेक्ट नहीं किया गया, हालांकि अब अफगानिस्तान के खिलाफ T20I सीरीज के लिए संजू सैमसन की भारतीय टीम में एंट्री हो गई है.

2. अभिषेक अगर टीम से बाहर हुए तो संजू को मिलेगा मौका

अभिषेक शर्मा की खराब फॉर्म से संजू सैमसन के लिए प्लेइंग इलेवन का रास्ता खुल सकता है. बता दें कि अफगानिस्तान के खिलाफ तीन मैचों की टी20 इंटरनेशनल सीरीज में अभिषेक शर्मा को अच्छा प्रदर्शन करना होगा. अभिषेक शर्मा पर भी T20I टीम में अपनी जगह बचाने का दबाव होगा. पिछली 6 T20I पारियों में बाएं हाथ का यह बल्लेबाज महज 40 रन ही बना पाया है. अगर अभिषेक शर्मा का खराब प्रदर्शन जारी रहता है, तो भारत की T20I टीम से उनका पत्ता कट सकता है. वहीं, ओपनिंग पोजिशन पर एक बार फिर से संजू सैमसन की वापसी हो सकती है.

3. अभिषेक या संजू कौन है T20I में बेस्ट ओपनर?

संजू सैमसन की बात करें तो वह अभिषेक शर्मा से ज्यादा अनुभवी हैं. संजू सैमसन ने भारत के लिए अभी तक 66 टी20 इंटरनेशनल मैचों में 27.01 की औसत से 1432 रन बनाए हैं. संजू सैमसन ने इस दौरान 3 शतक और 6 अर्धशतक जमाए हैं. संजू सैमसन का टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में हाईएस्ट स्कोर 111 रन रहा है. संजू सैमसन ने टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में 86 छक्के और 119 चौके ठोके हैं. वहीं, दूसरी तरफ अभिषेक शर्मा की बात करें तो भारत के बाएं हाथ के इस विस्फोटक ओपनर ने अभी तक 56 टी20 इंटरनेशनल मैचों में 30.73 की औसत से 1629 रन बनाए हैं, जिसमें 2 शतक और 11 अर्धशतक शामिल हैं. टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में अभिषेक शर्मा का बेस्ट स्कोर 135 रन है. अभिषेक शर्मा ने T20I में 104 छक्के और 164 चौके जड़े हैं.

4. संजू सैमसन टीम इंडिया के लिए क्यों हैं जरूरी?

संजू सैमसन भारत की टी20 इंटरनेशनल टीम के लिए बेहद जरूरी हैं. संजू सैमसन टीम इंडिया को एक कम्पलीट ऑप्शन देते हैं. संजू सैमसन तेज-तर्रार विकेटकीपिंग करने के अलावा ओपनिंग और मिडिल ऑर्डर में कहीं भी बल्लेबाजी कर सकते हैं. संजू सैमसन क्लीन सिक्स हिटर हैं. मैदान कितना भी बड़ा क्यों न हो संजू सैमसन खड़े-खड़े ही गगनचुंबी छक्के जड़ने में माहिर हैं. संजू सैमसन बड़े मैच के भी खिलाड़ी हैं. टी20 वर्ल्ड कप 2026 में संजू सैमसन ने वेस्टइंडीज के खिलाफ वर्चुअल क्वार्टर-फाइनल मैच में नाबाद 97 रनों की पारी खेली थी. संजू सैमसन ने इसके बाद इंग्लैंड के खिलाफ सेमीफाइनल मैच में 89 रनों की तूफानी पारी खेलकर भारत को फाइनल में पहुंचाया था. न्यूजीलैंड के खिलाफ फाइनल मैच में संजू सैमसन ने 89 रनों की एक और विस्फोटक पारी खेलकर भारत को ट्रॉफी जिताने में बड़ा रोल निभाया था. कुल मिलाकर संजू सैमसन अभी भी भारत के लिए बहुत कीमती खिलाड़ी हैं.

5. संजू को किस कारण होना पड़ता है टीम इंडिया से अंदर-बाहर?

संजू सैमसन ने साल 2015 में भारत के लिए अपना इंटरनेशनल डेब्यू किया था, लेकिन करीब 11 साल के इंटरनेशनल करियर में अब तक वह महज 82 मैच ही खेल सके हैं. संजू सैमसन को लगातार मौके मिलने के बावजूद वह इंटरनेशनल क्रिकेट में अपनी कंसिस्टेंसी बरकरार रखने में कई बार नाकाम रहे हैं. यही वजह है कि वह अक्सर टीम इंडिया से अंदर-बाहर होते रहे हैं और अपनी जगह पक्की करने के लिए उन्हें लगातार स्ट्रगल करना पड़ा है.

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Tarun Verma

Tarun Verma

तरुण वर्मा ज़ी न्यूज़ हिंदी डिजिटल में स्पोर्ट्स डेस्क में कार्यरत हैं. तरुण वर्मा फरवरी 2021 से ज़ी न्यूज का हिस्सा हैं. तरुण वर्मा किसी भी मैच का बारीकी से विश्‍लेषण करने में माहिर हैं. तरुण वर्मा को क्रिकेट व अन्य खेलों से जुड़ी ख़बरों के विभिन्न एंगल्स पर साइड स्टोरीज़ करने के अलावा खिलाड़ियों पर स्‍पेशल पैकेजेस बनाने में बहुत रुचि है. क्रिकेट व अन्य खेलों से जुड़ी हर छोटी-बड़ी जानकारी ज़ी न्यूज़ के पाठकों तक पहुंचाने की ज़िम्मेदारी तरुण वर्मा बख़ूबी निभाते हैं. तरुण वर्मा को क्रिकेट खेलने, किताबें पढ़ने और घूमने का बहुत शौक है. तरुण वर्मा साल 2016 में गौतम गंभीर के कोच संजय भारद्वाज का इंटरव्यू कर चुके हैं. तरुण वर्मा खेलों के कई बड़े-बड़े इवेंट्स को कवर करने का अनुभव रखते हैं. ज़ी न्यूज़ से जुड़ने से पहले तरुण वर्मा इंडिया टुडे ग्रुप मीडिया (Aajtak.in) संस्थान का भी हिस्सा रह चुके हैं. आप Tarun.Verma@India.com पर सीधे ईमेल कर इनसे जुड़ सकते हैं. तरुण वर्मा एक दशक से पत्रकारिता में सक्रिय हैं.
Read More