बल्ले से रनों की आग उगल रहे देवदत्त पडिक्कल, 199 के बाद अब ठोके 80 रन, न्यूजीलैंड टेस्ट सीरीज में नंबर-3 पर बैटिंग करने के दावेदार
भारत ए बनाम न्यूजीलैंड ए दूसरे अनऑफिशियल टेस्ट में देवदत्त पडिक्कल ने 80 रन की शानदार पारी खेली. वहीं, यशस्वी जायसवाल बिना खाता खोले आउट हो गए.
न्यूजीलैंड दौरे से पहले भारत के युवा बल्लेबाज देवदत्त पडिक्कल का बल्ला जमकर बोल रहा है. भारत ए और न्यूजीलैंड ए के बीच खेले जा रहे अनऑफिशियल टेस्ट सीरीज में देवदत्त पडिक्कल ने एक बार फिर शानदार बल्लेबाजी करते हुए 80 रन की पारी खेली. इससे पहले उन्होंने पहले अनऑफिशियल टेस्ट की दूसरी पारी में 199 रन बनाकर सबका ध्यान खींचा था. वहीं, दूसरी तरफ यशस्वी जायसवाल के लिए दूसरा मुकाबला भी निराशाजनक रहा. वह अपना खाता तक नहीं खोल सके.
भारत ए और न्यूजीलैंड ए के बीच दूसरा अनऑफिशियल टेस्ट शनिवार (31 अक्टूबर) से क्राइस्टचर्च के हेगले ओवल में शुरू हुआ. इस मुकाबले में ध्रुव जुरेल की कप्तानी वाली भारतीय टीम की ओर से देवदत्त पडिक्कल ने शानदार बल्लेबाजी की. बाएं हाथ के इस बल्लेबाज ने पहली पारी में 140 गेंदों का सामना करते हुए 80 रन बनाए. उनकी इस पारी में 12 चौके शामिल रहे. खास बात यह रही कि पडिक्कल ने दूसरे विकेट के लिए साई सुदर्शन के साथ मिलकर 159 गेंदों में 91 रन की साझेदारी की. सुदर्शन ने इस दौरान 41 रन का योगदान दिया.
बल्ले से रनों की आग उगल रहे देवदत्त पडिक्कल
देवदत्त पडिक्कल ने इससे पहले पहले अनऑफिशियल टेस्ट की दूसरी पारी में 199 रन की शानदार पारी खेली थी. वह अपने दोहरे शतक से सिर्फ एक रन दूर रह गए थे. हालांकि, इस बार भी उन्होंने अपनी शानदार फॉर्म जारी रखी. दूसरे अनऑफिशियल टेस्ट में उन्होंने 100 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया. लगातार दो मुकाबलों में उनके बल्ले से निकली बड़ी पारियां न्यूजीलैंड के खिलाफ आगामी सीरीज से पहले भारतीय टीम के लिए बहुत बड़ी खुशखबरी है. न्यूजीलैंड के खिलाफ दो मैचों की टेस्ट सीरीज में देवदत्त पडिक्कल भारतीय टेस्ट टीम की प्लेइंग इलेवन में नंबर-3 पर बल्लेबाजी करने के दावेदार हैं.
जायसवाल बिना खाता खोले पवेलियन लौट गए
एक तरफ देवदत्त पडिक्कल का बल्ला रन बरसा रहा था, तो दूसरी तरफ यशस्वी जायसवाल के लिए एक और निराशाजनक दिन रहा. मुंबई के इस बाएं हाथ के बल्लेबाज को न्यूजीलैंड ए के तेज गेंदबाज फ्रेजर शीट ने पारी के पहले ही ओवर में आउट कर दिया. जायसवाल चार गेंदों का सामना करने के बाद बिना खाता खोले पवेलियन लौट गए. इससे पहले पहले अनऑफिशियल टेस्ट में भी उनका प्रदर्शन खास नहीं रहा था. उन्होंने उस मुकाबले में 17 और 5 रन बनाए थे.
हालांकि, अगले महीने न्यूजीलैंड के खिलाफ होने वाले पहले टेस्ट में जायसवाल का भारतीय टीम के लिए पारी की शुरुआत करना लगभग तय माना जा रहा है. यशस्वी जायसवाल के अलावा कर्नाटक के बल्लेबाज स्मरण रविचंद्रन भी दूसरे अनऑफिशियल टेस्ट की पहली पारी में अपना खाता नहीं खोल सके. उन्हें भी फ्रेजर शीट ने आउट किया. पडिक्कल के 39वें ओवर में आउट होने के बाद स्मरण बल्लेबाजी के लिए मैदान पर उतरे थे. लेकिन वह अपनी पारी की पहली ही गेंद पर विकेटों के सामने पाए गए और गोल्डन डक का शिकार हो गए.
यश राठौड़ 13 रन बनाकर आउट
पहले अनऑफिशियल टेस्ट की पहली पारी में विदर्भ के बल्लेबाज यश राठौड़ ने इंडिया A के लिए सबसे ज्यादा रन बनाए, लेकिन दूसरे मैच में वह कुछ खास नहीं कर सके और 22 गेंदों पर सिर्फ 13 रन बनाकर आउट हो गए. दूसरे अनऑफिशियल टेस्ट के लिए, इंडिया A ने अपनी प्लेइंग इलेवन में मोहम्मद सिराज, मानव सुथार और मुकेश कुमार को शामिल किया है. केएल राहुल और अंशुल कंबोज आगामी वनडे सीरीज में व्यस्त होने के कारण चयन के लिए उपलब्ध नहीं थे. दूसरे अनऑफिशियल टेस्ट में भारत-ए ने खबर लिखे जाने तक 242/7 का स्कोर बना लिया है.