App

'बड़े सपने देखने वाले उस छोटे से लड़के...' विराट कोहली के जन्मदिन पर भावुक हुए बचपन के कोच राजकुमार शर्मा

विराट कोहली के 38वें जन्मदिन पर क्रिकेट के कई सितारों ने उन्हें शुभकामनाएं दी, लेकिन उनके बचपन के कोच राजकुमार शर्मा का संदेश दिल को छू रहा है. बर्थडे से एक दिन पहले विराट कोहली ने न्यूजीलैंड के खिलाफ पहले वनडे में 74 रनों की शानदार पारी खेली.

'बड़े सपने देखने वाले उस छोटे से लड़के...' विराट कोहली  के जन्मदिन पर भावुक हुए बचपन के कोच राजकुमार शर्मा
Image Credit: कोहली के जन्मदिन पर भावुक हुए बचपन के कोच (Instagram/screengrabs)

भारतीय क्रिकेट के स्टार बल्लेबाज और चेज मास्टर के नाम से मशहूर विराट कोहली आज यानी 5 नवंबर, 2026 को अपना 38वां जन्मदिन मना रहे हैं. विराट न्यूजीलैंड में अपना बर्थडे सेलिब्रेट कर रहे हैं. इस खास मौके पर सोशल मीडिया के जरिए फैंस और उनके करीबी लोग शुभकामनाएं दे रहे हैं. बीसीसीआई के उपाध्यक्ष से लेकर उनके बचपन के कोच राजकुमार शर्मा तक ने विराट को स्पेशल संदेश भेजा है.

38वें जन्मदिन से ठीक पहले विराट कोहली ने न्यूजीलैंड के खिलाफ ऑकलैंड में खेले गए बारिश से प्रभावित ODI में 51 गेंदों पर 74 रनों की तूफानी पारी खेलकर अपने फैंस को शानदार तोहफा दिया. भारत ने 143 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए ये मैच जीता.

राजीव शुक्ला ने विराट को बताया भारतीय क्रिकेट का बेहतरीन चेहरा

BCCI उपाध्यक्ष राजीव शुक्ला ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए विराट कोहली को जन्मदिन की बधाई दी. उन्होंने विराट की उपलब्धियों, जुझारूपन और खेल के प्रति समर्पण की तारीफ की.

राजीव शुक्ला ने लिखा, "भारतीय क्रिकेट के बेहतरीन चेहरों में से एक विराट कोहली को जन्मदिन की हार्दिक शुभकामनाएं. आपकी शानदार उपलब्धियों, संघर्ष करने के जज्बे और खेल के प्रति प्रतिबद्धता ने नए मानक स्थापित किए हैं. आप आने वाली पीढ़ियों के खिलाड़ियों को लगातार प्रेरित कर रहे हैं. उम्मीद है कि आप नई ऊंचाइयां हासिल करेंगे, कई यादगार पल बनाएंगे और मैदान के अंदर व बाहर अपनी प्रतिभा से देश को प्रेरित करते रहेंगे. आपका आने वाला साल अच्छी सेहत, खुशियों और लगातार सफलता से भरा हो."

बचपन के कोच राजकुमार शर्मा हुए भावुक

विराट कोहली के बचपन के कोच राजकुमार शर्मा ने भी अपने शिष्य को जन्मदिन की बधाई दी. उनका संदेश काफी भावुक करने वाला रहा. उन्होंने विराट के सफर को याद करते हुए उस छोटे बच्चे से लेकर वैश्विक क्रिकेट आइकन बनने तक की यात्रा पर गर्व जताया.

राजकुमार शर्मा ने लिखा, "बड़े सपने देखने वाले उस छोटे से लड़के से लेकर ग्लोबल आइकन बनने तक, यह कितना शानदार सफर रहा है. आज आप जिस इंसान और क्रिकेटर के रूप में सामने आए हैं, उस पर मुझे गर्व है. अपने जुनून, अनुशासन और समर्पण से करोड़ों लोगों को प्रेरित करते रहिए. जन्मदिन मुबारक हो विराट. भगवान आपका भला करे बेटा."

ट्रॉफियों से लेकर रिकॉर्ड्स तक, विराट का शानदार करियर

विराट कोहली का नाम दुनिया के सबसे सफल क्रिकेटरों में शुमार है. उनके नाम एक वनडे वर्ल्ड कप, एक टी20 वर्ल्ड कप, दो चैंपियंस ट्रॉफी और दो आईपीएल खिताब हैं. वो टेस्ट क्रिकेट में भारत के सबसे सफल कप्तान भी रहे हैं. उनकी कप्तानी में टीम इंडिया ने 68 टेस्ट मैच खेले, जिनमें 40 में जीत मिली और 17 में हार का सामना करना पड़ा.

टेस्ट क्रिकेट में विराट ने भारत के लिए 123 मुकाबले खेले हैं. इस दौरान उनके बल्ले से 46.85 की औसत से 9,230 रन निकले हैं. उनके नाम 30 शतक और 31 अर्धशतक दर्ज हैं. वह टेस्ट क्रिकेट में भारत के चौथे सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज हैं.

वनडे क्रिकेट में विराट का रिकॉर्ड और भी शानदार है. उन्होंने 318 मैचों की 306 पारियों में 58.84 की औसत से 15,183 रन बनाए हैं. इस दौरान उन्होंने रिकॉर्ड 55 शतक और 80 अर्धशतक लगाए हैं. वह वनडे क्रिकेट में दुनिया के दूसरे सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज हैं.

टी20 इंटरनेशनल में भी विराट का दबदबा रहा है. उन्होंने 125 पारियों में 48.69 की औसत से 4,188 रन बनाए हैं. इस फॉर्मेट में उनके नाम एक शतक और 38 अर्धशतक हैं. वो टी20 इंटरनेशनल में दुनिया के तीसरे सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज हैं.

तीनों फॉर्मेट को मिलाकर विराट कोहली के नाम अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में 28,601 रन हैं. उन्होंने 566 मैचों की 633 पारियों में 52.86 की औसत से ये रन बनाए हैं. उनके खाते में 86 शतक और 149 अर्धशतक हैं, जबकि उनका सर्वोच्च स्कोर नाबाद 254 रन है. अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में वह दुनिया के दूसरे सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज हैं.

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Ritesh Kumar

Ritesh Kumar

रितेश कुमार स्पोर्ट्स न्यूज करने के लिए 24 घंटे तैयार रहते हैं क्योंकि इसी से सबसे ज्यादा प्यार करते हैं. पत्रकारिता में 5 साल का अनुभव. The Lallantop से सफर शुरू हुआ और R Bharat के रास्ते अब Zee News तक पहुंचा है. स्पोर्ट्स क्षेत्र में एक सफल पत्रकार बनने का सपना है. भारतीय क्रिकेटर्स, ओलंपिक और पैरालंपिक मेडलिस्ट का इंटरव्यू करने करने का अनुभव. ट्रेडिंग खबरों में डूबे रहने का शौक है.
Read More