SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

वेस्टइंडीज के खिलाफ नहीं खेलेंगे 6 स्टार खिलाड़ी: ODI सीरीज से पहले फंसा पेच, इन प्लेयर्स की चमक सकती है किस्मत

एशियन गेम्स 2026 के लिए चुने गए स्क्वॉड में कई ऐसे स्टार खिलाड़ी शामिल हैं, जो पिछली ODI सीरीज का हिस्सा थे. हालांकि, वेस्टइंडीज के खिलाफ आगामी शृंखला में वो शायद नहीं खेल पाएंगे. इस स्थिति में ऋषभ पंत सहित इन खिलाड़ियों की किस्मत चमक सकती है.

Written By Ritesh Kumar
Published: Sep 13, 2026, 04:02 PM IST | Updated: Sep 13, 2026, 04:09 PM IST
Image Credit: BCCI
Join

भारतीय क्रिकेट टीम अगले 20 दिनों तक काफी व्यस्त रहने वाली है. फिलहाल श्रेयस अय्यर की अगुआई में 'मेन इन ब्लू' अफगानिस्तान के खिलाफ 3 मैचों की T20I सीरीज खेलने के लिए तैयार है. इसके बाद एशियन गेम्स 2026 में भी भारत की T20I टीम हिस्सा लेगी और इसी दौरान वेस्टइंडीज से 3 मैचों की एकदिवसीय सीरीज भी खेली जानी है. जापान में होने वाले एशियन गेम्स 2026 का आगाज 19 सितंबर से होगा. शेड्यूल के अनुसार, टीम इंडिया 28 सितंबर को इस प्रतियोगिता में अपने सफर की शुरुआत करेगी. वहीं, भारत और वेस्टइंडीज के बीच पहला ODI 27 सितंबर को खेला जाएगा.

एशियन गेम्स 2026 और भारत-वेस्टइंडीज ODI सीरीज एक दूसरे से टकराने वाली है. इसी वजह से बीसीसीआई और चयनकर्ताओं की सिरदर्दी बढ़ने वाली है. दरअसल, एशियन गेम्स के लिए चुने गए स्क्वॉड में कई ऐसे स्टार खिलाड़ी शामिल हैं, जो पिछली ODI सीरीज का हिस्सा थे. हालांकि, वेस्टइंडीज के खिलाफ आगामी शृंखला में वो शायद नहीं खेल पाएंगे.

भारतीय क्रिकेट टीम का व्यस्त कार्यक्रम

जापान में होने वाले एशियन गेम्स और घरेलू मैदान पर खेली जाने वाली वनडे सीरीज की वजह से, अगले महीने भारतीय क्रिकेट में एक दुर्लभ, या यूं कहें कि अभूतपूर्व स्थिति देखने को मिलेगी. T20I और वनडे टीमें लगभग एक ही समय पर दुनिया के दो अलग-अलग हिस्सों में खेल रही होंगी. एक बार तो ऐसा भी होगा जब वे एक ही दिन खेलेंगी.

वेस्टइंडीज के खिलाफ पहला वनडे 27 सितंबर को तिरुवनंतपुरम में है, जबकि एशियाई खेलों में भारत का पहला T20I 28 सितंबर को आइची-नागोया में होगा. गुवाहाटी में दूसरा वनडे 30 सितंबर को है और उसके बाद 1 अक्टूबर को एशियाई खेलों का सेमीफाइनल खेला जाएगा. 3 अक्टूबर का दिन और भी दिलचस्प है, क्योंकि उस दिन तीसरा वनडे और एशियाई खेलों के गोल्ड और ब्रॉन्ज मेडल के मैच एक ही समय पर होंगे. भारत के मजबूत दावेदार होने के नाते, उम्मीद है कि वे उन मैचों में से किसी एक में जरूर खेलेंगे.

वेस्टइंडीज के खिलाफ नहीं खेलेंगे 6 स्टार खिलाड़ी?

वेस्टइंडीज के खिलाफ होने वाली ODI सीरीज में टीम इंडिया 6 स्टार खिलाड़ियों के बिना उतर सकती है, जिसमें जसप्रीत बुमराह, ईशान किशन और श्रेयस अय्यर का नाम भी शामिल है. इन तीनों के अलावा अक्षर पटेल, शिवम दुबे और अर्शदीप सिंह भी ये सीरीज मिस कर सकते हैं, क्योंकि ये सभी खिलाड़ी एशियन गेम्स 2026 के लिए चुने गए हैं.

ऋषभ पंत के लिए बड़ा मौका

एक ही समय पर होने वाले मैचों के शेड्यूल से नेशनल सिलेक्टर्स को अगले साल होने वाले वर्ल्ड कप की तैयारी के तौर पर ODI सीरीज में अलग-अलग खिलाड़ियों को आजमाने का मौका मिलेगा. इनमें से एक ऋषभ पंत हो सकते हैं. फिलहाल ईशान किशन चयनकर्ताओं की पहली पसंद हैं, लेकिन वो एशियन गेम्स में मौजूद रहेंगे, इसलिए उनकी जगह ऋषभ पंत को मौका मिल सकता है. हालांकि, इसके बावजूद उनका प्लेइंग इलेवन में शामिल होना मुश्किल है, क्योंकि लंबे समय से केएल राहुल विकेट कीपर बल्लेबाज का रोल निभा रहे हैं.

ऋतुराज-यशस्वी की भी होगी एंट्री!

टीम इंडिया के T20I कप्तान श्रेयस अय्यर की जगह के लिए ऋतुराज गायकवाड़ का नाम भी चर्चा में आ सकता है, जिन्होंने अपनी पिछली वनडे पारी (दिसंबर 2025 में साउथ अफ्रीका के खिलाफ) में शतक लगाया था, भले ही उन्हें ऑस्ट्रेलिया A के खिलाफ खेलने वाली इंडिया A वनडे टीम का कप्तान बनाया गया है. उम्मीद है कि चयनकर्ता यशस्वी जायसवाल को भी आजमाएंगे, जिन्हें बदकिस्मती से UK दौरे के लिए टीम में शामिल नहीं किया गया था. उन्होंने अपने पिछले तीन वनडे मैचों में दो शतक लगाए हैं, जिसमें आखिरी मैच भी शामिल है.

इसके अलावा अक्षर पटेल की जगह अनुभवी रवींद्र जडेजा ले सकते हैं, जबकि मोहम्मद सिराज और मयंक यादव/अशोक शर्मा, बुमराह और अर्शदीप की जगह ले सकते हैं और प्रसिद्ध कृष्णा, गुरनूर बरार और प्रिंस यादव के साथ मिलकर तेज गेंदबाजी का आक्रमण बना सकते हैं.

हार्दिक पांड्या भी नहीं खेलेंगे

लंबे समय से चोट के कारण बाहर चल रहे स्टार ऑलराउंडर हार्दिक पांड्या के लिए इस सीरीज के जरिए इंटरनेशनल क्रिकेट में वापसी करने का शानदार मौका था. हालांकि, हाल ही में बेंगलुरु में स्थिति बीसीसीआई के CoE में उन्हें दोबारा चोट लग गई. अब उन्हें ऑस्ट्रेलिया के ख़िलाफ़ 6 अक्टूबर से शुरू होने वाली इंडिया A सीरीज के लिए उन्हें कुछ शर्तों के साथ चुना गया है. यही वजह है कि वो वेस्टइंडीज के खिलाफ ODI सीरीज में हिस्सा नहीं लेंगे.

भारत-वेस्टइंडीज ODI सीरीज का शेड्यूल

पहला वनडे मैच: 27 सितंबर को तिरुवनंतपुरम में
दूसरा वनडे मैच: 30 सितंबर को गुवाहाटी में
तीसरा वनडे मैच: 3 अक्टूबर को न्यू चंडीगढ़ में

 

 


'

 

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

रितेश कुमार स्पोर्ट्स न्यूज करने के लिए 24 घंटे तैयार रहते हैं क्योंकि इसी से सबसे ज्यादा प्यार करते हैं. पत्रकारिता में 5 साल का अनुभव. The Lallantop से सफर शुरू हुआ और R Bharat के रास्ते अब Zee News तक पहुंचा है. स्पोर्ट्स क्षेत्र में एक सफल पत्रकार बनने का सपना है. भारतीय क्रिकेटर्स, ओलंपिक और पैरालंपिक मेडलिस्ट का इंटरव्यू करने करने का अनुभव. ट्रेडिंग खबरों में डूबे रहने का शौक है.
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES