मोहम्मद शमी के संन्यास पर BCCI ने खत्म किया सस्पेंस, राजीव शुक्ला का दो-टूक बयान, बता दिया किसका था फैसला
मोहम्मद शमी के टेस्ट क्रिकेट से संन्यास लेने पर BCCI उपाध्यक्ष राजीव शुक्ला ने बड़ा बयान दिया है. उन्होंने बताया कि शमी का फैसला निजी था और बोर्ड ने उन पर कोई दबाव नहीं बनाया.
भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) के उपाध्यक्ष राजीव शुक्ला ने टेस्ट क्रिकेट से संन्यास लेने के मोहम्मद शमी के फैसले का समर्थन किया है. राजीव शुक्ला ने जोर देकर कहा कि यह पूरी तरह से तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी का अपना निजी फैसला था. राजीव शुक्ला ने साफ किया कि भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) खिलाड़ियों पर अपना करियर खत्म करने के लिए कोई दबाव नहीं डालता है.
मोहम्मद शमी ने 6 नवंबर 2026 को क्रिकेट के सबसे लंबे प्रारूप टेस्ट से संन्यास की घोषणा की थी. मोहम्मद शमी ने अपने टेस्ट करियर में 64 मैच खेले और 229 विकेट हासिल किए हैं. न्यूज एजेंसी ANI से बातचीत में भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) के उपाध्यक्ष राजीव शुक्ला ने भारतीय क्रिकेट में खासकर, टेस्ट फॉर्मेट में मोहम्मद शमी के अहम योगदान को याद किया.
मोहम्मद शमी के संन्यास पर BCCI ने तोड़ी चुप्पी
राजीव शुक्ला ने मोहम्मद शमी को टेस्ट क्रिकेट का एक बेहद टैलेंटेड खिलाड़ी बताया है, जिन्होंने लगातार शानदार प्रदर्शन किया है. राजीव शुक्ला ने कहा, 'आप उनकी (मोहम्मद शमी) जितनी भी तारीफ करें, वह कम ही होगी.' भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) के उपाध्यक्ष राजीव शुक्ला ने इसके साथ ही मोहम्मद शमी के संन्यास के फैसले के पीछे बोर्ड के दबाव के आरोपों को भी खारिज कर दिया.
ये भी पढ़ें- IPL 2027 से पहले MI और PBKS के बीच सबसे बड़े ट्रेड की तैयारी, क्या हार्दिक-अर्शदीप की होगी अदला-बदली?
राजीव शुक्ला ने दिया बड़ा बयान
राजीव शुक्ला ने कहा, 'मैं उनके (मोहम्मद शमी) भविष्य के लिए उन्हें शुभकामनाएं देता हूं. जैसा कि आप जानते हैं, BCCI किसी भी खिलाड़ी पर संन्यास लेने के लिए कोई दबाव नहीं डालता. यह खिलाड़ी का अपना फैसला होता है. उन्होंने यह फैसला लिया है, हम सभी उनके इस फैसले के साथ हैं और उन्हें शुभकामनाएं देते हैं.'
बता दें कि 6 नवंबर 2026 को मोहम्मद शमी ने अपने 13 साल लंबे टेस्ट करियर को अलविदा कह दिया था. इंस्टाग्राम पर एक भावुक पोस्ट में अपनी टेस्ट कैप (नंबर 279) और हाथ में लाल गेंद लिए मोहम्मद शमी ने घोषणा की कि वह अपना टेस्ट करियर खत्म कर रहे हैं. दिलचस्प बात यह है कि उन्होंने ठीक 13 साल पहले, 6 नवंबर 2013 को वेस्टइंडीज के खिलाफ अपने टेस्ट करियर की शुरुआत की थी.
ये भी पढ़ें- वर्ल्ड कप 2027 में बुमराह का पार्टनर बनेगा ये गेंदबाज? 11 मैचों में मचाया कोहराम, शमी की वापसी का बना रोड़ा
मोहम्मद शमी ने भारत के लिए 64 टेस्ट मैच खेले, जिसमें उन्होंने 122 पारियों में 27.71 की औसत और 3.30 की इकोनॉमी रेट से 229 विकेट लिए. उनका सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजी प्रदर्शन 6/56 रहा. इसके अलावा, उन्होंने 12 बार एक पारी में 4 विकेट और 6 बार 5 विकेट लिए. वह इस फॉर्मेट में भारत के लिए 12वें सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज रहे. साथ ही, 200 से ज्यादा टेस्ट विकेट लेने वाले भारतीय गेंदबाजों में, उनका गेंदबाजी औसत चौथा सबसे बेहतरीन रहा.