चयनकर्ता बनने का सुनहरा मौका: बीसीसीआई ने निकाली नई वेकेंसी, क्या है सेलेक्टर बनने की योग्यता और नियम?
बीसीसीआई ने चयन समिति में एक सदस्य के लिए आवेदन मंगाए हैं. अजीत अगरकर का कार्यकाल समाप्त हो चुका है और उनकी जगह खाली है. अब देखना है कि चयन समिति में कौन शामिल होता है?
भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने टीम इंडिया के सेलेक्टर पद के लिए आवेदन मंगाए हैं. बोर्ड ने मंगलवार (6 अक्टूबर) को इसका ऐलान किया. पुरुष चयन समिति में मुख्य चयनकर्ता अजीत अगरकर का कार्यकाल समाप्त हो गया है. अब खाली जगह को भरने के लिए बीसीसीआई ने आवेदन मंगाए हैं. अगर के मुख्य चयनकर्ता रहते टीम इंडिया ने चैंपियंस ट्रॉफी 2025, दो टी20 वर्ल्ड कप (2024 और 2026), दो एशिया कप और एशियन गेम्स 2026 में गोल्ड मेडल जीती थी.
बीसीसीआई ने अनुभव, योग्यता और जिम्मेदारी की लंबी सूची जारी की है. चयन समिति का यह सदस्य टेस्ट, वनडे और टी20 इंटरनेशनल मैचों में हिस्सा लेने वाली टीम को चुनने में अहम भूमिका निभानी होगी. चयन समिति टैलेंट की पहचान करने और सीनियर पुरुष टीम के लिए एक मजबूत बेंच स्ट्रेंथ बनाने में भी अहम भूमिका निभाएगी. मौजूदा चयन समिति में अगरकर के जाने के बाद प्रज्ञान ओझा, शिवसुंदर दास, अजय रात्रा और रूद्र प्रताप सिंह (आरपी सिंह) हैं.
चयनकर्ता की मुख्य जिम्मेदारी
- बीसीसीआई ने बताया कि चयन समिति का सदस्य किन-किन चीजों के लिए जिम्मेदार होगा.
- चयनकर्ता का काम निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से सबसे अच्छी राष्ट्रीय सीनियर पुरुष टीम चुनना, साथ ही टैलेंट की पहचान करना और एक मजबूत बेंच स्ट्रेंथ बनाना होगा.
- घरेलू और इंटरनेशनल मैचों के जरिए खिलाड़ियों की खोज करना भी एक अहम काम है.
- उन खिलाड़ियों का आकलन करना और सभी फॉर्मेट में सीनियर राष्ट्रीय पुरुष टीम के चयन और विकास में योगदान देना होगा.
- इसके अलावा जरूरत के हिसाब से टीम मीटिंग में शामिल होना और डोमेस्टिक और इंटरनेशनल मैच देखने के लिए ट्रैवल करना भी इसमें शामिल है.
- बीसीसीआई की एपेक्स काउंसिल को टीम के परफॉर्मेंस पर हर तीन महीने में इवैल्यूएशन रिपोर्ट तैयार करना और देना.
- टीम चयन पर मीडिया को बताना.
- हर फॉर्मेट में टीम के लिए कप्तान चुनना होगा.
ये भी पढ़ें: Opinion: वाह हैरी दी वाह! कप्तानी छोड़कर दुनियाभर के कप्तानों को बहुत कुछ सिखा गईं हरमनप्रीत कौर
योग्यता और अनुभव
उम्मीदवार कम से कम 7 टेस्ट मैच खेले हों; या 30 फर्स्ट क्लास मैच; या 10 वनडे इंटरनेशनल मैच और 20 फर्स्ट क्लास मैच खेले हों. कम से कम पांच साल पहले खेल से रिटायर हो. कोई भी व्यक्ति जो बीसीसीआई के मेमोरेंडम ऑफ एसोसिएशन और रूल्स एंड रेगुलेशंस में बताए गए किसी भी क्रिकेट कमेटी का कुल पांच साल तक मेंबर रहा हो, वह चयन समिति का सदस्य बनने के लिए योग्य नहीं होगा.