App

IPL 2026 से पहले KKR से हुई थी छुट्टी, अब पहली बार ऑस्ट्रेलिया की बिग बैश लीग में खेलेगा ये स्टार गेंदबाज

बांग्लादेश के स्टार तेज गेंदबाज मुस्तफिजुर रहमान अब ऑस्ट्रेलिया की टी20 लीग में धमाल मचाने को तैयार है. BBL 2026/27 सीजन के लिए मेलबर्न रेनेगेड्स ने उन्हें टीम में शामिल किया है.

IPL 2026 से पहले KKR से हुई थी छुट्टी, अब पहली बार ऑस्ट्रेलिया की बिग बैश लीग में खेलेगा ये स्टार गेंदबाज
Image Credit: पहली बार बिग बैश लीग में खेलेंगे मुस्तफिजुर रहमान (@IPL/BCCI)

बांग्लादेश के स्टार तेज गेंदबाज मुस्तफिजुर रहमान अब पहली बार ऑस्ट्रेलिया की बिग बैश लीग (BBL) में जलवा बिखेरने को तैयार हैं. मेलबर्न रेनेगेड्स ने आगामी सीजन के लिए मुस्तफिजुर को अपनी टीम में शामिल किया है. उन्हें चोटिल तेज गेंदबाज जेसन बेहरेनडॉर्फ की जगह टीम में मौका मिला है.

31 साल के मुस्तफिजुर के पास दुनियाभर की टी20 लीग में खेलने का अनुभव है. उन्होंने अब तक 331 टी20 मैचों में 423 विकेट अपने नाम किए हैं. हालांकि, इतने लंबे टी20 करियर के बावजूद उन्होंने अब तक बिग बैश लीग में एक भी मुकाबला नहीं खेला है. अब रेनेगेड्स के साथ जुड़कर उनका यह इंतजार खत्म होने जा रहा है.

मुस्तफिजुर रहमान की BBL में एंट्री

दरअसल, जेसन बेहरेनडॉर्फ कंधे की चोट के कारण पूरे BBL सीजन से बाहर हो गए हैं. ऐसे में रेनेगेड्स ने उनकी जगह मुस्तफिजुर को अपने गेंदबाजी आक्रमण में शामिल किया है. टीम के नए कोच ल्यूक रोंची भी उनके जुड़ने से काफी खुश हैं. उनके मुताबिक, मुस्तफिजुर पावरप्ले और डेथ ओवर्स दोनों में विकेट निकालने की क्षमता रखते हैं और उनका अनुभव टीम के लिए काफी अहम होगा.

मुस्तफिजुर ने भी BBL में अपने डेब्यू को लेकर उत्साह जाहिर किया है. उन्होंने कहा, "मैं मेलबर्न रेनेगेड्स के साथ पहली बार BBL खेलने को लेकर काफी उत्साहित हूं. MCG में खेलना मेरे लिए खास होगा. मैं अपने नए साथियों के साथ जुड़ने और टीम के लिए अपना अनुभव साझा करने का इंतजार कर रहा हूं."

हालांकि, मुस्तफिजुर रेनेगेड्स के शुरुआती मुकाबले में उपलब्ध नहीं रहेंगे. ILT20 में अपनी प्रतिबद्धताओं के कारण वह पर्थ स्कॉर्चर्स के खिलाफ टीम के पहले मैच में नहीं खेल पाएंगे. इसके बाद उनके टीम से जुड़ने की उम्मीद है. वह 1 जनवरी को सिडनी सिक्सर्स के खिलाफ MCG में खेलने को लेकर खासे उत्साहित हैं.

रेनेगेड्स के कोच ल्यूक रोंची ने कहा कि मुस्तफिजुर दुनिया भर में टी20 क्रिकेट के एक बेहतरीन मैच विनर साबित हुए हैं. पावरप्ले और पारी के आखिरी ओवरों में उनकी विकेट लेने की क्षमता टीम की जरूरत के बिल्कुल अनुकूल है. मुस्तफिजुर के अलावा मेलबर्न रेनेगेड्स ने इंग्लैंड के जॉनी बेयरस्टो और न्यूजीलैंड के माइकल ब्रेसवेल जैसे अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ियों को भी अपने साथ जोड़ा है।

इस बीच पाकिस्तान के तेज गेंदबाज हारिस रऊफ भी BBL में नई टीम के साथ नजर आएंगे. उन्होंने एडिलेड स्ट्राइकर्स के साथ करार किया है. इसके साथ ही मेलबर्न स्टार्स के साथ उनका पुराना जुड़ाव खत्म हो गया है.

IPL 2026 में मुस्तफिजुर के कारण हुआ विवाद

मुस्तफिजुर रहमान का यह करार IPL 2026 से जुड़े विवाद के बाद आया है. दरअसल, दिसंबर 2025 में हुए IPL मिनी ऑक्शन में कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) ने उन्हें 9.20 करोड़ रुपये की बड़ी कीमत पर खरीदा था. वह IPL इतिहास के सबसे महंगे बांग्लादेशी खिलाड़ियों में शामिल हो गए थे.

हालांकि, 3 जनवरी 2026 को BCCI के निर्देश के बाद KKR ने उन्हें अपने स्क्वॉड से रिलीज कर दिया. बोर्ड ने इस फैसले के पीछे हालिया घटनाक्रम का हवाला दिया था. KKR को उनकी जगह रिप्लेसमेंट खिलाड़ी शामिल करने की अनुमति भी दी गई थी. अब IPL 2026 में खेलने का मौका गंवाने के बाद मुस्तफिजुर के पास BBL में अपनी गेंदबाजी का दम दिखाने का मौका होगा. खास बात यह है कि वह पहली बार इस प्रतिष्ठित ऑस्ट्रेलियाई टी20 लीग में खेलेंगे.

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

Ritesh Kumar

Ritesh Kumar

रितेश कुमार स्पोर्ट्स न्यूज करने के लिए 24 घंटे तैयार रहते हैं क्योंकि इसी से सबसे ज्यादा प्यार करते हैं. पत्रकारिता में 5 साल का अनुभव. The Lallantop से सफर शुरू हुआ और R Bharat के रास्ते अब Zee News तक पहुंचा है. स्पोर्ट्स क्षेत्र में एक सफल पत्रकार बनने का सपना है. भारतीय क्रिकेटर्स, ओलंपिक और पैरालंपिक मेडलिस्ट का इंटरव्यू करने करने का अनुभव. ट्रेडिंग खबरों में डूबे रहने का शौक है.
Read More