ऑस्ट्रेलिया का अनोखा रिकॉर्ड: डरबन टेस्ट में उतारी अपनी सबसे बुजुर्ग प्लेइंग-11, एक भी खिलाड़ी 20s में नहीं
South Africa vs Australia: ऑस्ट्रेलिया ने साउथ अफ्रीका के खिलाफ डरबन टेस्ट में किसी भी 30 से कम उम्र के खिलाड़ियों को मौका नहीं दिया है. पैट कमिंस ने एक उम्रदराज प्लेइंग-11 चुनकर अनोखा रिकॉर्ड बनाया है.
South Africa vs Australia 1st Test: ऑस्ट्रेलिया और साउथ अफ्रीका के बीच तीन टेस्ट मैचों की सीरीज डरबन में शुक्रवार (9 अक्टूबर) को हुई. कंगारू टीम ने पहले टेस्ट में उम्रदराज प्लेइंग-11 उतारकर एक अनोखा रिकॉर्ड बना दिया. कप्तान पैट कमिंस की टीम में सभी खिलाड़ी 30 या उससे अधिक साल के हैं. ऑस्ट्रेलिया क्रिकेट के 149 सालों के इतिहास में पहली बार ऐसा हुआ है कि उसकी टेस्ट प्लेइंग-11 में कोई भी 30 साल कम का खिलाड़ी नहीं है.
कप्तान कमिंस ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया. मैच के पहले दिन ऑस्ट्रेलिया ने खराब रोशनी के कारण जल्दी हुए स्टंप तक 65.2 ओवरों में 6 विकेट पर 187 रन बना लिए हैं. मैट रेनशॉ ने सबसे ज्यादा नाबाद 46 रन बनाए. मार्नस लाबुशेन ने 37 और स्टीव स्मिथ ने 25 रन बनाए. एलेक्स कैरी 14, ट्रेविस हेड 9 और ब्यू वेब्स्टर 4 रन बनाकर आउट हुए. निक मैडिनसन खाता नहीं खोल पाए. कमिंस 33 रन बनाकर नाबाद हैं.
सबसे उम्रदराज और सबसे युवा कौन?
डरबन टेस्ट में ऑस्ट्रेलिया की प्लेइंग-11 की औसत उम्र 34.59 है. क्रिकेट स्टैटिस्टिशियन रिक फिनले के अनुसार, यह अब तक की सातवीं सबसे उम्रदराज टेस्ट प्लेइंग-11 है. स्पिनर नाथन लियोन (38) टीम के सबसे उम्रदराज सदस्य हैं. मैट रेनशॉ (30) सबसे कम उम्र के हैं.
ये भी पढ़ें: दरबार से डेटा तक: कभी महाराजाओं की मर्जी, अब प्रदर्शन की कसौटी; 94 साल में कैसे बदला टीम इंडिया का सेलेक्शन?
35 साल के 5 खिलाड़ी
ऑस्ट्रेलिया के पांच खिलाड़ी 35 साल या उससे ज्यादा उम्र के हैं. लियोन, स्टीव स्मिथ (37), मिचेल स्टार्क (36), एलेक्स कैरी (35) और जोश हेजलवुड (35). ऑस्ट्रेलिया की ओपनिंग जगह में महीनों से कम से कम एक अंडर-30 क्रिकेटर रहा है, लेकिन इस टेस्ट में यह बदल गया क्योंकि टीम ने 34 साल के निक मैडिनसन को वापस बुलाया. यह मैडिनसन का दिसंबर 2016 के बाद पहला टेस्ट है. उन्होंने उस साल सिर्फ़ तीन टेस्ट खेले हैं.
18 सदस्यीय टीम में 3 खिलाड़ी सिर्फ 30 साल से कम
ऑस्ट्रेलिया की 18 लोगों की टीम की एवरेज उम्र लगभग 32.6 है, जिसमें सिर्फ तीन खिलाड़ी 30 साल से कम उम्र के हैं. कूपर कोनोली (23) सबसे कम उम्र के हैं. उनके बाद कैमरन ग्रीन (27) और सैम हार्पर (29) हैं. ग्रीन प्लेइंग-11 के नियमित सदस्य रहे हैं, लेकिन पिछले समय से उनका फॉर्म खराब चल रहा है और इस कारण उन्हें बाहर बैठना पड़ा है.