App

एशियन गेम्स में क्रिकेट पर बारिश का कहर: जापान में सभी क्वार्टरफाइनल मैच धुले, सेमीफाइनल में किससे भिड़ेगा भारत?

एशियन गेम्स में मेंस क्रिकेट इवेंट का सेमीफाइनल मैच भारत और श्रीलंका के बीच होगा. बारिश ने लगातार तीसरे क्वार्टर फाइनल मैच को रद्द कर दिया. भारत 1 अक्टबूर को लंकाई टीम का सामना करेगा.

एशियन गेम्स में क्रिकेट पर बारिश का कहर: जापान में सभी क्वार्टरफाइनल मैच धुले, सेमीफाइनल में किससे भिड़ेगा भारत?
Image Credit: एशियन गेम्स में भारतीय क्रिकेट टीम.

एशियन गेम्स में मेंस क्रिकेट का इवेंट लगातार बारिश की भेंट चढ़ रहा है. मंगलवार (29 सितंबर) को भी कुछ ऐसा ही देखने को मिला. नेपाल और श्रीलंका के बीच निशिन को कोरोगी स्पोर्ट्स पार्क में तीसरा क्वार्टरफाइनल बारिश के कारण नहीं हो सका. इस मैच में टॉस भी नहीं हो सका. बेहतर रैंकिंग होने के कारण लंकाई टीम सेमीफाइनल में पहुंच गई है. उसका मुकाबला इसी मैदान पर 1 अक्तूबर को भारत से होगा. टीम इंडिया का क्वार्टरफाइनल मैच अफगानिस्तान से रद्द हो गया था. यहां तक कि पाकिस्तान और हांगकांग के बीच अंतिम-8 राउंड का पहला मैच धुल गया था. चौथे क्वार्टरफाइनल में बांग्लादेश और मलेशिया के बीच भी मुकाबला नहीं हुआ. बारिश के कारण बांग्लादेश को अगले राउंड में जगह मिली.

श्रीलंका और नेपाल के बीच यह मुकाबला स्थानीय समयानुसार सुबह 9:00 बजे (भारतीय समयानुसार सुबह 5:30 बजे) शुरू होना था, लेकिन लगातार हो रही मूसलाधार बारिश के कारण मैदान खेल के योग्य नहीं बन सका. अंततः टॉस कराए बिना और एक भी गेंद फेंके बिना मैच को रद्द घोषित कर दिया गया. अपनी उच्च रैंकिंग और बेहतर सीडिंग के कारण श्रीलंका ने सीधे सेमीफाइनल में पहुंच गया, जबकि नेपाल का एशियाई खेलों का सफर यहीं समाप्त हो गया.

बारिश से टूर्नामेंट के शेड्यूल पर क्या असर पड़ा?

आईची-नागोया क्षेत्र में पिछले कई दिनों से हो रही बारिश ने एशियाई खेलों की कई आउटडोर खेल प्रतियोगिताओं को प्रभावित किया है. क्रिकेट प्रतियोगिता पर भी इसका बुरा असर पड़ा, जहां इस मैच से एक दिन पहले भी लगातार दो क्वार्टर फाइनल मुकाबले बारिश की भेंट चढ़ गए थे. निर्धारित समय करीब आने के बावजूद आउटफील्ड सुखाने में मैदानकर्मियों को कड़ी मशक्कत करनी पड़ रही थी. मौसम में किसी सुधार की उम्मीद न देखकर अंपायरों और मैच अधिकारियों ने आखिरकार मैच रद्द करने का फैसला लिया.

नेपाल की टीम के लिए यह सफर कैसा रहा?

नेपाल की टीम ने इस प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए क्वालीफाइंग दौर में अफगानिस्तान को हराकर क्वार्टर फाइनल में अपनी जगह बनाई थी. दीपेंद्र सिंह ऐरी के नेतृत्व वाली इस टीम में रोहित पौडेल, कुशल भुर्तेल, कुशल मल्ला, आसिफ शेख और संदीप लामिछाने जैसे कई प्रमुख खिलाड़ी शामिल थे. नेपाल को श्रीलंका के खिलाफ मैदान पर उतरकर सेमीफाइनल में जगह बनाने की पूरी उम्मीद थी, लेकिन कुदरत के मिजाज ने उनसे यह मौका छीन लिया. दोनों देश एशियाई खेलों में पहले ही दो-दो पदक जीत चुके थे, जिससे यह क्वार्टर फाइनल मुकाबला दोनों के अभियानों के लिए बेहद महत्वपूर्ण था.

श्रीलंका की टीम में कौन-कौन से स्टार खिलाड़ी?

एशियाई खेलों के नियमों के तहत श्रीलंका को भारत, पाकिस्तान और बांग्लादेश के साथ सीधे क्वार्टर फाइनल चरण (सीडेड टीम) में प्रवेश मिला था, जबकि नेपाल को शुरुआती दौर से गुजरकर अंतिम आठ में जगह बनानी पड़ी थी. कप्तान सहन अरचिगे के नेतृत्व में श्रीलंकाई टीम में निरोशन डिकवेला, चमिका करुणारत्ने, नुवान तुषारा, नुवानिदु फर्नांडो और दुशान हेमंथा जैसे अनुभवी खिलाड़ी मौजूद हैं. श्रीलंका पदक की रेस में बना हुआ है. अब श्रीलंकाई टीम गुरुवार को होने वाले सेमीफाइनल मुकाबले की तैयारी करेगी, जहां उसे साफ मौसम और खेलने का मौका मिलने की उम्मीद होगी. अगर बारिश होती है तो भारतीय टीम बेहतर रैंक के आधार पर फाइनल में पहुंच जाएगी.

सेमीफाइनल का शेड्यूल

1 अक्टूबर: सेमीफाइनल 1, पाकिस्तान बनाम बांग्लादेश, भारतीय समयानुसार सुबह 5:30 बजे.
1 अक्टूबर: सेमीफाइनल 2, भारत बनाम श्रीलंका, भारतीय समयानुसार सुबह 10 बजे.

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Rohit Raj

Rohit Raj

रोहित राज एक दशक से पत्रकारिता में सक्रिय हैं. दैनिक जागरण से करियर की शुरुआत करने वाले रोहित ईटीवी, दैनिक भास्कर, जनसत्ता और अमर उजाला से होते हुए जी न्यूज के हिंदी डिजिटल में चीफ सब एडिटर हैं और स्पोर्ट्स टीम को लीड करते हैं. रोहित कई एक्सक्लूसिव खबरें और एथलीट्स का इंटरव्यू कर चुके हैं. पत्रकारिता में 40 अंडर 40 अवॉर्ड विजेता हैं. खेलों में ज्यादा रुचि रखते हैं और क्रिकेट वर्ल्ड कप, फीफा वर्ल्ड कप, हॉकी वर्ल्ड कप, वर्ल्ड पैरा एथलेटिक्स चैंपियनशिप 2025 और अन्य खेलों के बड़े-बड़े इवेंट को करने का अनुभव रखते हैं. ब्रेकिंग न्यूज, एनालिसिस और किस्से-कहानियों पर पकड़ है. क्रिकेट के अलावा हर खेलों को आसान भाषा में लोगों तक पहुंचाने की कोशिश में लगे रहते हैं.
Read More

ट्रेंडिंग

  • न्यूज़
  • फोटो
  • वीडियो