)
South Africa vs Australia ODI: ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ जारी वनडे सीरीज में साउथ अफ्रीका का शानदार प्रदर्शन जारी है. तीन मैचों की शृंखला में प्रोटियाज ने 2-0 की अजेय बढ़त हासिल कर ली है. रविवार (27 सितंबर) को जोहानसबर्ग में खेले गए दूसरे मुकाबले में साउथ अफ्रीका ने ऑस्ट्रेलिया को 32 रनों से हराया. जब भी ये दोनों टीमें आमने-सामने होती हैं, तो मैदान पर हाई वोल्टेज ड्रामा देखने को मिलता है. रविवार को भी ऐसा ही हुआ, लेकिन कहानी में ट्विस्ट ये है कि इस बार एक ही टीम के दो खिलाड़ी आपस में भिड़ गए.
इस मैच के दौरान स्टार ओपनर क्विंटन डी कॉक अपने टीम के कप्तान टेम्बा बावुमा से ही भिड़ गए. बीच मैदान पर दोनों के बीच DRS को लेकर जोरदार बहस हुई. बावुमा ने रिव्यू लेने में थोड़ी देरी की तो विकेट कीपर डी कॉक आगबबूला होकर चिल्लाने लगे. बावुमा का भी खून खौल उठा और उन्होंने भी डी कॉक को जवाब दिया.
यह घटना ऑस्ट्रेलियाई बैटिंग पारी के 48वें ओवर की चौथी गेंद पर हुई, जब लिजाड विलियम्स की गेंद जेवियर बार्टलेट के पैड पर लगी और जोरदार LBW अपील की गई. मैदानी अंपायर ने उंगली नहीं उठाई और इस बात पर काफी चर्चा हुई कि रिव्यू लिया जाए या नहीं. आखिरकार बावुमा ने DRS लिया और दक्षिण अफ्रीका को इसका फायदा मिला क्योंकि रीप्ले में तीन रेड सिग्नल दिखे. 28 गेंदों पर 50 रन बनाने के बाद बार्टलेट को वापस लौटना पड़ा. हालांकि, रीप्ले में बावुमा और क्विंटन के बीच हुई बहस को भी दिखाया गया.
दरअसल, क्विंटन डी कॉक को ये अच्छा नहीं लगा कि बावुमा DRS लेने से पहले इतना सोच विचार क्यों कर रहे हैं. वो चाहते थे कि उनकी सहमति के बाद वो सीधा रिव्यू लें, लेकिन कप्तान ने थोड़ा वक्त लिया और गेंदबाज से बात करने लगे. इसी दौरान डी कॉक को उनपर चिल्लाते हुए देखा गया. तेज गेंदबाज मार्को यानसेन बीच में आए और दोनों को शांत किया.
The exchange between Temba Bavuma and de Kock. He has to respect Bavuma as a captain. pic.twitter.com/zo8KBKNiNA
— Ngqanga Nentsiba Zayo (@Intengu_drongo) September 27, 2026
जोहान्सबर्ग वनडे में 32 रन से जीत हासिल करने के बाद, प्रोटियाज ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ तीन मैचों की वनडे सीरीज में 2-0 की अजेय बढ़त बना ली. यह दक्षिण अफ्रीका की ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ लगातार पांचवीं घरेलू जीत थी और दिलचस्प बात ये है कि इन सभी मैचों में उन्होंने पहले बल्लेबाजी की थी. दूसरे वनडे में कप्तान टेम्बा बावुमा ने बल्ले से शानदार प्रदर्शन करते हुए 103 रन बनाए. हालांकि, डेविड मिलर की 93 गेंदों पर 142 रनों की पारी ने उनकी इनिंग को फीका कर दिया. साउथ अफ्रीका और ऑस्ट्रेलिया के बीच सीरीज का तीसरा और आखिरी ODI मैच बुधवार, 20 सितंबर को खेला जाएगा.