SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

Asian Games 2026: पाकिस्तानियों के हाथ में लगे मक्खन, फाइनल मैच में टपकाए कैच पर कैच, घटिया फील्डिंग से हुई जगहंसाई

भारत के खिलाफ एशियन गेम्स 2026 के फाइनल मैच के दौरान पाकिस्तान की फील्डिंग का लचर हाल देखने को मिला है. पाकिस्तानी फील्डर्स ने कैच पर कैच छोड़ते हुए अपने ही पैरों पर कुल्हाड़ी मारने का काम किया है.

Written By Tarun Verma
Published: Oct 03, 2026, 01:22 PM IST | Updated: Oct 03, 2026, 08:25 PM IST
Image Credit: IND vs PAK
Join

एशियन गेम्स 2026 के गोल्ड मेडल (फाइनल) मैच के दौरान पाकिस्तानी क्रिकेटर्स का बुरा हाल देखने को मिला है. भारत के खिलाफ इस हाई प्रोफाइल मैच में पाकिस्तान के खिलाड़ी मैदान पर फील्डिंग करते वक्त दबाव में नजर आए. पाकिस्तानी क्रिकेटर्स ने फील्डिंग के दौरान भारत के कई कैच छोड़े और इसके अलावा रन आउट के चांस भी मिस किए. भारतीय पारी के पांचवें ओवर में चौथी गेंद पर सैम अयूब ने अभिषेक शर्मा का कैच टपका दिया. अभिषेक शर्मा ने अराफात मिन्हास की गेंद पर डीप मिड-विकेट की तरफ हवा में शॉट खेल दिया. इसके बाद सैम अयूब डीप से दौड़कर आए, गेंद पर नजर रखते हुए आगे की ओर डाइव लगाई, लेकिन गेंद उनके हाथों से छूट गई. 

इसी ओवर में अराफात मिन्हास की छठी गेंद पर सैम अयूब ने श्रेयस अय्यर का कैच भी छोड़ दिया. श्रेयस अय्यर ने अराफात मिन्हास की गेंद को कवर के ऊपर हवा में मार दिया, जिसके बाद सैम अयूब दौड़कर आए और डाइव लगाकर गेंद को दोनों हाथों से पकड़ने की कोशिश की, लेकिन फिर एक बार उनके हाथों से कैच छूट गया. इसके बाद छठे ओवर की चौथी गेंद पर पाकिस्तानी गेंदबाज अहमद दानियाल ने अभिषेक शर्मा का आसान-सा रन आउट का मौका गंवा दिया. अभिषेक शर्मा ने नॉन-स्ट्राइकर एंड की ओर गेंद को हल्का-सा धकेला और तेजी से एक रन लेने के लिए दौड़ पड़े. नॉन-स्ट्राइकर एंड पर खड़े श्रेयस अय्यर को रन लेने में कोई दिलचस्पी नहीं थी, जबकि अभिषेक शर्मा बीच पिच तक आ गए.  

ये भी पढ़ें- भारत ने पाकिस्तान पर कर दी क्रिकेट वाली स्ट्राइक, एशियन गेम्स में चटाई धूल, टीम इंडिया ने गोल्ड मेडल पर किया कब्जा

फाइनल मैच में टपका दिए 4 कैच

अहमद दानियाल के पास गेंद तक पहुंचने और रन आउट करने के लिए काफी समय था. अहमद दानियाल ने गेंद उठाई और तेजी से आगे बढ़ रहे विकेटकीपर से दूर हवा में गेंद को थ्रो कर दिया, जिससे रन आउट का मौका हाथ से निकल गया. इन मौकों को गंवाने के बाद फील्डिंग में पाकिस्तानी टीम की पुरानी को लेकर काफी चर्चा हुई. फैंस ने इतने अहम फाइनल मैच में पाकिस्तान की घटिया फील्डिंग पर सवाल उठाए. अभिषेक शर्मा की आक्रामक बैटिंग के कारण पाकिस्तानी क्रिकेटर्स पर दबाव साफ दिख रहा था. 

ये भी पढ़ें- वैभव को आउट करने के बाद पाकिस्तानी खिलाड़ी का शर्मनाक रिएक्शन, VIDEO देख खौल उठेगा भारतीय फैंस का खून

घटिया फील्डिंग से हुई जगहंसाई

इसके बाद अबरार अहमद ने सातवें ओवर की चौथी गेंद पर अभिषेक शर्मा का कैच छोड़ा दिया. अबरार अहमद ने गेंद फेंकी और अभिषेक शर्मा ने पीछे हटते हुए गेंद को बॉलर के दाईं ओर जोर से मार दिया. गेंद अबरार अहमद तक पहुंची, लेकिन वह कैच को पकड़ नहीं पाए. भारतीय पारी के आखिरी ओवर तक पाकिस्तानी क्रिकेटर्स के कैच छोड़ने का सिलसिला जारी रहा. 20वें ओवर में अहमद दानियाल की छठी गेंद पर तिलक वर्मा ने ऑफ स्टंप के बाहर एक ढीला ड्राइव लगाने की कोशिश की और गेंद उनके बल्ले का बाहरी किनारा लेकर शॉर्ट थर्ड मैन की तरफ चली गई, लेकिन सुफयान मोकिम ने शॉर्ट थर्ड मैन पर एक आसान-सा कैच छोड़ दिया.

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

तरुण वर्मा ज़ी न्यूज़ हिंदी डिजिटल में स्पोर्ट्स डेस्क में कार्यरत हैं. तरुण वर्मा फरवरी 2021 से ज़ी न्यूज का हिस्सा हैं. तरुण वर्मा किसी भी मैच का बारीकी से विश्‍लेषण करने में माहिर हैं. तरुण वर्मा को क्रिकेट व अन्य खेलों से जुड़ी ख़बरों के विभिन्न एंगल्स पर साइड स्टोरीज़ करने के अलावा खिलाड़ियों पर स्‍पेशल पैकेजेस बनाने में बहुत रुचि है. क्रिकेट व अन्य खेलों से जुड़ी हर छोटी-बड़ी जानकारी ज़ी न्यूज़ के पाठकों तक पहुंचाने की ज़िम्मेदारी तरुण वर्मा बख़ूबी निभाते हैं. तरुण वर्मा को क्रिकेट खेलने, किताबें पढ़ने और घूमने का बहुत शौक है. तरुण वर्मा साल 2016 में गौतम गंभीर के कोच संजय भारद्वाज का इंटरव्यू कर चुके हैं. तरुण वर्मा खेलों के कई बड़े-बड़े इवेंट्स को कवर करने का अनुभव रखते हैं. ज़ी न्यूज़ से जुड़ने से पहले तरुण वर्मा इंडिया टुडे ग्रुप मीडिया (Aajtak.in) संस्थान का भी हिस्सा रह चुके हैं. आप Tarun.Verma@India.com पर सीधे ईमेल कर इनसे जुड़ सकते हैं. तरुण वर्मा एक दशक से पत्रकारिता में सक्रिय हैं.
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES