)
एशियन गेम्स 2026 के मेंस क्रिकेट कॉम्पिटीशन में भारत और अफगानिस्तान के बीच क्वार्टर फाइनल मुकाबला तय हो गया है. भारत अब 28 सितंबर को निसिन में अफगानिस्तान के खिलाफ मैदान पर उतरेगा. इस मुकाबले में जीतने वाली टीम सीधे सेमीफाइनल में जगह बनाएगी. ग्रुप ए में नेपाल और जापान के बीच बारिश के कारण मुकाबला रद्द होने के बाद नॉकआउट स्टेज की तस्वीर साफ हुई. नेपाल ग्रुप में पहले स्थान पर रहा, जबकि अफगानिस्तान ने दूसरे स्थान पर रहते हुए क्वार्टर फाइनल में प्रवेश किया. जापान एशियन गेम्स 2026 से बाहर हो चुका है.
जापान के खिलाफ पहले बल्लेबाजी करते हुए नेपाल ने 15 ओवर में 149/4 रन का लड़ने लायक स्कोर बनाया. एक समय नेपाल की टीम 10 ओवर में 84/4 के स्कोर पर संघर्ष कर रही थी, लेकिन इसके बाद सुंदीप जोरा और लोकेश बम ने पारी का रुख पूरी तरह बदल दिया. नेपाल की ओर से जोरा ने नंबर-3 पर बल्लेबाजी करते हुए शानदार 57 रन की नाबाद पारी खेली. उन्होंने 32 गेंदों में पांच चौके और तीन छक्के लगाए.
लोकेश बम ने डेथ ओवरों में तूफानी बल्लेबाजी करते हुए सिर्फ 22 गेंदों में नाबाद 52 रन ठोक दिए. उनकी इस पारी में 6 छक्के और 1 चौका शामिल रहा. उनकी इस आक्रामक पारी ने नेपाल को 149 रन के मजबूत स्कोर तक पहुंचाने में बड़ी भूमिका निभाई. इससे पहले आसिफ शेख ने भी तेज शुरुआत दिलाई और 15 गेंदों में 21 रन बनाए. उन्होंने दूसरे विकेट के लिए सुंदीप जोरा के साथ 55 रन की साझेदारी की.
नेपाल के लिए पारी का बड़ा हिस्सा जोरा और बम ने संभाला, क्योंकि कुशल भुर्तेल, कुशल मल्ला और गुलशन झा छोटी पारियों में ही आउट हो गए. इसके बावजूद आखिरी ओवरों में मिले बड़े शॉट्स ने नेपाल को चुनौतीपूर्ण स्कोर तक पहुंचा दिया. नेपाल ने जापान के सामने 15 ओवर में 150 रन का लक्ष्य रखा था, लेकिन जापान की पारी शुरू ही नहीं हो सकी. नेपाल की बल्लेबाजी खत्म होने के बाद लगातार बारिश फिर लौट आई और मैदान पर खेल संभव नहीं हो पाया. काफी इंतजार के बाद भी बारिश नहीं रुकी और आखिरकार मुकाबला रद्द करना पड़ा.
मैच रद्द होने के कारण नेपाल को ग्रुप ए में टॉप स्थान मिला और वह ग्रुप विजेता के रूप में आगे बढ़ गया. वहीं, अफगानिस्तान ने दूसरे स्थान पर रहते हुए क्वार्टर फाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली. अब ग्रुप स्टेज का समीकरण पूरी तरह साफ हो चुका है और भारत का नॉकआउट मुकाबला अफगानिस्तान से होगा. भारत कल यानी 28 सितंबर को निसिन में अफगानिस्तान से क्वार्टर फाइनल मुकाबला खेलेगा. दोनों टीमों के लिए यह बेहद महत्वपूर्ण मैच होगा, क्योंकि जीतने वाली टीम एशियन गेम्स 2026 के मेंस क्रिकेट के सेमीफाइनल में पहुंच जाएगी. भारत की नजर अब अफगानिस्तान को हराकर सेमीफाइनल में जगह बनाने पर होगी, जबकि अफगानिस्तान नॉकआउट मुकाबले में मजबूत चुनौती पेश करने की कोशिश करेगा.