SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

एक ही दिन 2 संन्यास: मार्क वुड के बाद इस बल्लेबाज ने कहा अलविदा, 13 साल पहले खेला था आखिरी इंटरनेशनल मैच

इंग्लैंड के 36 वर्षीय तेज गेंदबाज मार्क वुड ने इंटरनेशनल क्रिकेट को अलविदा कहा और उसके बाद 13 साल पहले अपना आखिरी इंटरनेशनल मैच खेलने वाले कॉलिन इंग्राम ने भी प्रोफेशनल क्रिकेट करियर पर विराम लगा दिया.

Written By Ritesh Kumar
Published: Sep 22, 2026, 04:44 PM IST | Updated: Sep 22, 2026, 04:58 PM IST
Image Credit: Intstagram/Coliningram/markwood
Join

मंगलवार, 22 सितंबर को दो क्रिकेटरों ने संन्यास का ऐलान कर दिया. पहले इंग्लैंड के 36 वर्षीय तेज गेंदबाज मार्क वुड ने इंटरनेशनल क्रिकेट को अलविदा कहा और उसके बाद साउथ अफ्रीका के 41 वर्षीय खिलाड़ी कॉलिन इंग्राम ने प्रोफेशनल क्रिकेट करियर पर विराम लगाने का फैसला किया. बाएं हाथ से बल्लेबाजी करने वाले इंग्राम लंबे समय से प्रोटियाज टीम से बाहर चल रहे थे. उन्होंने अपना आखिरी इंटरनेशनल मैच 13 साल पहले खेला था. दूसरी ओर खतरनाक तेज गेंदबाज मार्क वुड ने चोट से परेशान होकर अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट को अलविदा कह दिया. वुड ने इंग्लैंड के लिए आखिरी मैच नवंबर, 2025 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ खेला था.

मार्क वुड अपनी तेज रफ्तार से गेंद फेंकने के लिए जाने जाते थे. वो कई मौकों पर तीखी बाउंसर से बल्लेबाजों के होश उड़ाने में कामयाब रहे. उन्होंने इंग्लैंड के लिए 38 टेस्ट, 70 ODI और 38 T20I खेले. इंटरनेशनल क्रिकेट में उनके नाम 253 विकेट दर्ज है. 11 साल के करियर में वो दो बार वर्ल्ड कप विनिंग टीम का हिस्सा रहे.

कैसा रहा मार्क वुड का क्रिकेट सफर?

दाएं हाथ के तेज गेंदबाज मार्क वुड ने 2015 में इंग्लैंड के लिए डेब्यू किया था. वो अक्सर जेम्स एंडरसन और स्टुअर्ट ब्रॉड की परछाई में रहे, लेकिन कई टेस्ट मैचों में अपने दम पर इंग्लैंड को मैच जिताया. 2021-22 में हुए एशेज सीरीज में ऑस्ट्रेलिया दौरे पर वे इंग्लैंड के सबसे प्रभावी गेंदबाजों में रहे और उस शृंखला में 17 विकेटचटकाए. हालांकि इंग्लैंड वह एशेज सीरीज हार गया था. 2023 में उन्होंने अपने वापसी मैच में कंगारुओं को खूब परेशान किया और शानदार गेंदबाजी कर मैच का रुख बदला. हेडिंग्ले में खेले गए उस टेस्ट को इंग्लैंड ने जीता और सीरीज 2-2 से ड्रॉ कराई. मार्क वुड को शानदार प्रदर्शन के लिए 'प्लेयर ऑफ द मैच' चुना गया था. मार्क वुड ने 38 टेस्ट में 119 विकेट चटकाए. ODI में उन्होंने 80 शिकार किए और T20I में 54 बल्लेबाजों को पवेलियन की रह दिखाई.

11 साल के करियर में जीते 2 वर्ल्ड कप

11 साल के अंतरराष्ट्रीय सफर में मार्क वुड ने इंग्लैंड की तरफ से खेलते हुए दो वर्ल्ड कप जीते. 2019 वर्ल्ड कप में उन्होंने 19 विकेट चटकाए थे. इंग्लैंड को पहली बार 50-ओवर वर्ल्ड चैंपियन बनाने में उनका अहम योगदान रहा था. 2022 टी20 विश्व कप में भी उन्होंने प्रभावित किया और 9 विकेट झटके. इंग्लैंड ने फाइनल में पाकिस्तान को हराकर दूसरी बार टी20 वर्ल्ड कप का खिताब अपने नाम किया था.

कैसा रहा कॉलिन इंग्राम का करियर?

दक्षिण अफ्रीका के पूर्व बल्लेबाज कॉलिन इंग्राम ने अपने आखिरी अंतरराष्ट्रीय मैच के लगभग 13 साल बाद क्रिकेट से संन्यास की घोषणा की है. उन्होंने सोशल मीडिया के जरिए ये खुलासा किया कि वो क्रिकेट को पूरी तरह से छोड़ रहे हैं और अब कोचिंग की दुनिया में नए सफर की शुरुआत करने वाले हैं.

साउथ अफ्रीका के लिए उन्होंने करियर का आगाज धमाकेदार अंदाज में किया था. 2010 में जिम्बाब्वे के खिलाफ अपने पहले वनडे मैच में ही उन्होंने शतक लगाया और उसके दो मैचों बाद पाकिस्तान के खिलाफ भी सेंचुरी जड़ी. लेकिन अगले तीन सालों में, टॉप-ऑर्डर में जगह बनाने के लिए कॉम्पिटिशन बढ़ने की वजह से उनका प्रदर्शन उतना लगातार अच्छा नहीं रहा. 2013 में पाकिस्तान के खिलाफ लगाया गया शतक उनके वनडे करियर का सबसे यादगार पल रहा, लेकिन उसी साल के अंत तक उनका फॉर्म गिर गया और अपनी पिछली चार पारियों में से तीन में वे बिना खाता खोले ही आउट हो गए.

उन्होंने T20I में भी कुछ समय के लिए हिस्सा लिया. 2012 में भारत के खिलाफ़ खेले गए एकमात्र T20I मैच में उन्होंने 78 रन बनाए, जो इस फ़ॉर्मेट में उनके नौ मैचों में से आखिरी था। भले ही उनका T20 करियर दूसरी जगहों पर खूब फला-फूला, लेकिन उन्हें दोबारा साउथ अफ़्रीका की टीम में नहीं बुलाया गया.

इंग्राम का T20 करियर भी बहुत सफल रहा: भले ही उन्होंने दिल्ली कैपिटल्स के लिए दो सीजन में सिर्फ 15 IPL मैच खेले, लेकिन उन्होंने T20 ब्लास्ट, PSL और BBL जैसे टूर्नामेंट में अहम भूमिका निभाई और SA20 में भी खेले.

 

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

रितेश कुमार स्पोर्ट्स न्यूज करने के लिए 24 घंटे तैयार रहते हैं क्योंकि इसी से सबसे ज्यादा प्यार करते हैं. पत्रकारिता में 5 साल का अनुभव. The Lallantop से सफर शुरू हुआ और R Bharat के रास्ते अब Zee News तक पहुंचा है. स्पोर्ट्स क्षेत्र में एक सफल पत्रकार बनने का सपना है. भारतीय क्रिकेटर्स, ओलंपिक और पैरालंपिक मेडलिस्ट का इंटरव्यू करने करने का अनुभव. ट्रेडिंग खबरों में डूबे रहने का शौक है.
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES