149 साल के टेस्ट इतिहास में दूसरी बार हुआ ऐसा अजूबा, 20 साल के क्रिकेटर ने बनाया महारिकॉर्ड, भारत से कोई नहीं कर पाया ये कमाल
अफगानिस्तान के 20 वर्षीय नसीर खान मारूफखिल ने टेस्ट डेब्यू में शतक लगाने के साथ 5 विकेट हॉल लेकर इतिहास रच दिया है. वह ऐसा करने वाले दुनिया के सिर्फ दूसरे खिलाड़ी बन गए हैं.
अफगानिस्तान के 20 साल के युवा क्रिकेटर नसीर खान मारूफखिल ने टेस्ट क्रिकेट में इतिहास रच दिया है. नसीर खान मारूफखिल ने एक ऐसा कमाल कर दिखाया है, जो 149 साल के टेस्ट क्रिकेट इतिहास में केवल दूसरी बार हुआ है. नसीर खान मारूफखिल टेस्ट डेब्यू पर शतक लगाने के अलावा एक पारी में 5 विकेट लेने वाले दुनिया के केवल दूसरे खिलाड़ी बन गए हैं. नसीर खान मारूफखिल ने शारजाह क्रिकेट स्टेडियम में जिम्बाब्वे के खिलाफ अफगानिस्तान के लिए अपना टेस्ट डेब्यू किया. यह टेस्ट मैच 13 से 17 नवंबर तक शारजाह में खेला गया था.
नसीर खान मारूफखिल ने जिम्बाब्वे के खिलाफ इस टेस्ट मैच की पहली पारी में 44 ओवर में 151 रन देकर 7 विकेट झटके थे. इसके बाद, दूसरी पारी में उन्होंने 20 ओवर में 48 रन देकर 2 विकेट हासिल किए. जिम्बाब्वे के खिलाफ इस टेस्ट मैच की दूसरी पारी में नसीर खान मारूफखिल ने 8वें नंबर पर उतरकर एक बल्लेबाज के तौर पर 242 गेंद पर नाबाद 101 रन बनाए. नसीर खान मारूफखिल से पहले न्यूजीलैंड के ब्रूस टेलर ही ऐसे खिलाड़ी थे, जिन्होंने 149 साल के टेस्ट इतिहास में अपने टेस्ट डेब्यू पर शतक लगाने के साथ-साथ एक पारी में 5 विकेट लिए थे.
149 साल के टेस्ट इतिहास में दूसरी बार हुआ ऐसा अजूबा
ब्रूस टेलर ने साल 1965 में 5 से 8 मार्च के बीच कोलकाता के ईडन गार्डन्स में भारत के खिलाफ अपना पहला टेस्ट खेला था. उस मैच की पहली पारी में 8वें नंबर पर बल्लेबाजी करते हुए ब्रूस टेलर ने 105 रन बनाए थे. इसके बाद, उन्होंने भारत की पहली पारी के दौरान 23.5 ओवर गेंदबाजी की और 86 रन देकर 5 विकेट लिए. वह मैच ड्रॉ पर समाप्त हुआ था. इसके अलावा 7 अन्य ऐसे खिलाड़ी भी रहे हैं, जिन्होंने अपने डेब्यू मैच में फिफ्टी लगाने के साथ-साथ 5 विकेट हॉल लेने का रिकॉर्ड बनाया है, लेकिन नसीर खान मारूफखिल और ब्रूस टेलर ही ऐसे दो खिलाड़ी हैं, जिन्होंने अपने डेब्यू पर शतक लगाने के साथ-साथ 5 विकेट हॉल भी लिए हैं. भारत का तो कोई भी क्रिकेटर यह रिकॉर्ड नहीं बना पाया है.
20 साल के इस क्रिकेटर ने बनाया महारिकॉर्ड
नसीर खान मारूफखिल अफगानिस्तान के तीसरे ऐसे खिलाड़ी हैं, जिन्होंने अपने टेस्ट डेब्यू पर शतक लगाया है. अफगानिस्तान के लिए टेस्ट डेब्यू पर शतक लगाने वाले पहले खिलाड़ी इस्मत आलम थे. वहीं, इस महीने की शुरुआत में जिम्बाब्वे के खिलाफ पहले टेस्ट में रहमानुल्लाह ने अपना टेस्ट डेब्यू किया था और पहली पारी में 113 रन बनाए थे. इसके अलावा, नसीर खान मारूफखिल टेस्ट डेब्यू पर पांच विकेट लेने वाले चौथे अफगानी खिलाड़ी बन गए हैं.
पहली पारी में 151 रन देकर 7 विकेट लेना, किसी अफगानी खिलाड़ी के डेब्यू पर दूसरा सबसे बेहतरीन प्रदर्शन है. उनसे पहले, जियाउर रहमान ने अपने पहले टेस्ट मैच की पहली पारी में 97 रन देकर 7 विकेट लिए थे. सीरीज के दूसरे टेस्ट में मारूफखिल के शानदार प्रदर्शन के बावजूद, अफगानिस्तान हार नहीं टाल सका. टीम को 57 रनों से हार का सामना करना पड़ा और इस तरह वे दो मैचों की सीरीज 0-1 से हार गए.