SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

रोहित शर्मा, फिन एलन और शिवम दुबे... अभिषेक शर्मा ने गिन-गिन कर तोड़े सारे रिकॉर्ड, 34 गेंद पर ठोक डाले 108 रन

अभिषेक ने दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में शतक लगाकर तूफान मचा दिया. उन्होंने अपने टी20 इंटरनेशनल करियर का तीसरा शतक लगाया. अभिषेक ने भारत के लिए इस फॉर्मेट में सबसे तेज शतक का रिकॉर्ड भी बनाया.

Written By Rohit Raj
Published: Sep 17, 2026, 09:27 PM IST | Updated: Sep 17, 2026, 09:36 PM IST
Image Credit: अभिषेक शर्मा ने अफगानिस्तान के खिलाफ शतक लगाया. Picture Credit: X@BCCI
Join

भारत के विस्फोटक ओपनर अभिषेक शर्मा ने अफगानिस्तान के खिलाफ तीसरे टी20 मैच में तबाही मचा दी. उन्होंने दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में बड़े-बड़े रिकॉर्ड को ध्वस्त कर दिया. अभिषेक ने 34 गेंद पर 108 रन बनाकर फैंस का दिल जीत लिया. उन्होंने अपनी पारी में 9 चौके और 11 छक्के लगाए. इस दौरान उनका स्ट्राइक रेट 317.65 का रहा. अभिषेक के टी20 इंटरनेशनल करियर का यह तीसरा शतक है.

अभिषेक की तूफानी पारी की बदौलत भारतीय टीम ने मैच के 6 ओवर में ही अपने 100 रन पूरे कर लिए. टीम इंडिया ने 20 ओवर में 7 विकेट पर 221 रन बनाए. अभिषेक के अलावा संजू सैमसन ने 35 गेंद पर 50 रन ठोके. उन्होंने 2 चौके और 4 छक्के लगाए. अपनी इस विस्फोटक पारी के दौरान अभिषेक ने 5 बड़े रिकॉर्ड अपने नाम किए. हम एक-एक करके उन 5 रिकॉर्ड के बारे में आपको यहां बता रहे हैं...

 

 

1. सबसे तेज शतक लगाने वाले भारतीय

अभिषेक ने इस मैच में 30 गेंद पर शतक लगाया. वह भारत के लिए टी20 इंटरनेशनल में सबसे तेज शतक लगाने वाले बल्लेबाज बन गए. उन्होंने इस मामले में पूर्व कप्तान रोहित शर्मा के रिकॉर्ड को ध्वस्त कर दिया. रोहित ने 2017 में श्रीलंका के खिलाफ इंदौर में 35 गेंद पर शतक ठोका था.

2. सिकंदर रजा का रिकॉर्ड तोड़ा

अभिषेक आईसीसी के फुल मेंबर देशों में सबसे तेज शतक लगाने वाले बल्लेबाज बन गए. उन्होंने जिम्बाब्वे के सिकंदर रजा के रिकॉर्ड को तोड़ा. सिकंदर ने गाम्बिया के खिलाफ नैरोबी में 33 गेंद पर शतक लगाया था. उन्होंने 2024 में यह उपलब्धि हासिल की थी. आईसीसी के लिए टेस्ट, वनडे और टी20 तीनों फॉर्मेट में खेलने वाले देशों को फुल मेंबर देश कहा जाता है.

सबसे तेज T20I शतक (फुल मेंबर टीमें)
30 - अभिषेक शर्मा (भारत) बनाम अफगानिस्तान, दिल्ली, 2026
33 - सिकंदर रजा (जिम्बाब्वे) बनाम गाम्बिया, नैरोबी (रुआराका), 2024
33 - फिन एलन (साउथ अफ़्रीका) बनाम न्यूजीलैंड, कोलकाता, 2026
35 - डेविड मिलर (साउथ अफ्रीका) बनाम बांग्लादेश, पोटचेफस्ट्रूम, 2017
35 - रोहित शर्मा (भारत) बनाम श्रीलंका, इंदौर, 2017

टी20 में तीसरा सबसे तेज शतक

अभिषेक शर्मा टी20 इंटरनेशनल इतिहास में सबसे तेज शतक लगाने वाले तीसरे बल्लेबाज बन गए. सभी टीमों को मिलाकर यह रिकॉर्ड देखें तो इस्टोनिया के साहिल चौहान ने साइप्रस के खिलाफ 2024 में 27 गेंद पर शतक लगाया था. उनके बाद तुर्किये के मोहम्मद फहाद का नंबर आता है. फहाद ने बुल्गारिया के खिलाफ 2025 में 29 गेंद पर शतक लगाया था. अब अभिषेक ने 30 गेंद पर शतक लगाकर तीसरा स्थान हासिल कर लिया.

 

 

3. रोहित शर्मा से आगे निकले अभिषेक

अभिषेक अफगानिस्तान के खिलाफ टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में भारत की ओर से सबसे ज्यादा छक्के लगाने के मामले में रोहित शर्मा से आगे निकल गए. अभिषेक क्रिकेट के सबसे छोटे फॉर्मेट में अफगानिस्तान के खिलाफ 22 छक्के लगा चुके हैं. रोहित ने टी20 में अफगानिस्तान के खिलाफ खेलते हुए 11 छक्के लगाए थे. अभिषेक को उनसे आगे निकलने के लिए इस मैच में एक छक्के की आवश्यकता थी और उन्होंने 11 छक्के मार दिए.

4. शिवम दुबे का रिकॉर्ड तोड़ा

अफगानिस्तान के खिलाफ एक टी20 सीरीज में भारत की तरफ से सबसे ज्यादा रन बनाने का रिकॉर्ड फिलहाल शिवम दुबे के नाम था. अभिषेक ने उनके रिकॉर्ड को तोड़ दिया. शिवम ने 2024 में खेली गई सीरीज में कुल 124 रन बनाए थे. अभिषेक ने इस मैच में 108 रन ठोक दिए. उनके अब 228 रन हो गए हैं. पहले टी20 में अभिषेक ने बेहतरीन बल्लेबाजी करते हुए 82 रनों की दमदार पारी खेली थी. वहीं, दूसरे टी20 में उन्होंने 39 रनों का योगदान दिया था.

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

रोहित राज एक दशक से पत्रकारिता में सक्रिय हैं. दैनिक जागरण से करियर की शुरुआत करने वाले रोहित ईटीवी, दैनिक भास्कर, जनसत्ता और अमर उजाला से होते हुए जी न्यूज के हिंदी डिजिटल में चीफ सब एडिटर हैं और स्पोर्ट्स टीम को लीड करते हैं. रोहित कई एक्सक्लूसिव खबरें और एथलीट्स का इंटरव्यू कर चुके हैं. पत्रकारिता में 40 अंडर 40 अवॉर्ड विजेता हैं. खेलों में ज्यादा रुचि रखते हैं और क्रिकेट वर्ल्ड कप, फीफा वर्ल्ड कप, हॉकी वर्ल्ड कप, वर्ल्ड पैरा एथलेटिक्स चैंपियनशिप 2025 और अन्य खेलों के बड़े-बड़े इवेंट को करने का अनुभव रखते हैं. ब्रेकिंग न्यूज, एनालिसिस और किस्से-कहानियों पर पकड़ है. क्रिकेट के अलावा हर खेलों को आसान भाषा में लोगों तक पहुंचाने की कोशिश में लगे रहते हैं.
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES