छक्कों का सुल्तान: सूर्यकुमार यादव, ईशान किशन और साहिबजादा फरहान... अभिषेक शर्मा के आगे सब फीके, हर ओवर में लगा देते हैं सिक्स!
अभिषेक शर्मा कितने खतरनाक बल्लेबाज हैं, इसका अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि उन्होंने महज 65 टी20 इंटरनेशनल मैचों की 64 पारियों में 141 छक्के ठोक डाले हैं.
टीम इंडिया के स्टार ओपनर अभिषेक शर्मा ने अपने 2 साल और 3 महीने के टी20 इंटरनेशनल करियर में अभी तक रनों और छक्कों की तबाही मचाते हुए फैंस का भरपूर एंटरटेनमेंट किया है. भारत के लिए अभिषेक शर्मा ने अभी तक 65 टी20 इंटरनेशनल मैचों की 64 पारियों में 195.96 के स्ट्राइक रेट से 2036 रन कूटे हैं. इस दौरान उन्होंने 3 शतक और 14 अर्धशतक ठोके हैं. अभिषेक शर्मा का टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में हाईएस्ट स्कोर 135 रन रहा है.
अभिषेक शर्मा ने मौजूदा कैलेंडर ईयर में अभी तक कुल 68 छक्के ठोके हैं. अभिषेक शर्मा अब आईसीसी के किसी फुल मेंबर देश की तरफ से एक कैलेंडर ईयर में संयुक्त रूप से सबसे ज्यादा छक्के जड़ने वाले बल्लेबाज बन गए हैं. अभिषेक शर्मा के अलावा भारत के पूर्व कप्तान सूर्यकुमार यादव ने भी एक ही कैलेंडर ईयर (2022) में 68 छक्के ठोक थे. अभिषेक शर्मा ने साल 2026 में अभी तक 32 टी20 इंटरनेशनल मैचों की 32 पारियों में बल्लेबाजी करते हुए 206.50 के तूफानी स्ट्राइक रेट के साथ 921 रन बनाए हैं. इस दौरान उन्होंने एक शतक और 8 अर्धशतक जमाए हैं.
छक्कों का सुल्तान कौन?
मौजूदा कैलेंडर ईयर में अभिषेक शर्मा के खाते में अभी तक कुल 68 छक्के दर्ज हैं. अभिषेक शर्मा के अंदर छक्के जड़ने की काबिलियत गजब की है. अगर एक हिसाब लगाएं तो अभिषेक शर्मा ने इस वर्ष टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट फॉर्मेट में हर सातवीं गेंद पर सिक्स उड़ाया है. अभिषेक शर्मा के साल 2026 में सिक्स लगाने का रेश्यो 6.55 है. आइए एक नजर डालते हैं कि अभिषेक शर्मा की तुलना में सूर्यकुमार यादव, ईशान किशन और साहिबजादा फरहान जैसे खतरनाक बल्लेबाजों का टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में सिक्स लगाने का रेश्यो कितना है.
टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में सबसे बेहतर सिक्स हिटिंग रेश्यो
1. अभिषेक शर्मा - (बॉल प्रति छक्का: 6.55)
साल 2026 में अभिषेक शर्मा का सिक्स हिटिंग रेश्यो 6.55 का है. यानी भारत के इस विस्फोटक ओपनर ने इस साल टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में बल्लेबाजी करते हुए हर सातवीं गेंद पर छक्का ठोका है. अभिषेक शर्मा ने साल 2026 में अभी तक 32 टी20 इंटरनेशनल मैचों में 68 छक्के ठोके हैं. ओवरऑल टी20 क्रिकेट में अभिषेक शर्मा ने इस साल 47 मैचों में 111 छक्के उड़ाए हैं, जिसमें T20I के अलावा IPL और डोमेस्टिक टी20 क्रिकेट का रिकॉर्ड भी शामिल है.
2. सूर्यकुमार यादव - (बॉल प्रति छक्का: 9.13)
अभिषेक शर्मा के अलावा भारत के पूर्व कप्तान सूर्यकुमार यादव ने भी एक ही कैलेंडर ईयर में 68 छक्के ठोक थे. सूर्यकुमार यादव ने साल 2022 में भारत के लिए 31 टी20 इंटरनेशनल मैचों की 31 पारियों में 68 छक्के लगाने का रिकॉर्ड अपने नाम किया था. साल 2022 में सूर्यकुमार यादव का सिक्स हिटिंग रेश्यो 9.13 का रहा था. यानी सूर्यकुमार यादव ने हर दसवीं गेंद पर छक्का जमाया था.
3. अभिषेक शर्मा - (बॉल प्रति छक्का: 8.22)
अभिषेक शर्मा का नाम एक बार फिर इस लिस्ट में तीसरे नंबर पर आता है. अभिषेक शर्मा ने साल 2025 में भारत के लिए 21 टी20 इंटरनेशनल मैचों की 21 पारियों में 54 छक्के उड़ाए थे. अभिषेक शर्मा का साल 2025 में सिक्स हिटिंग रेश्यो 8.22 का रहा था. यानी साल 2025 में अभिषेक शर्मा ने हर नौवीं गेंद पर छक्का जड़ा था.
4. ईशान किशन - (बॉल प्रति छक्का: 12.69)
भारत के विकेटकीपर बल्लेबाज ईशान किशन ने साल 2026 में अभी तक टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में बेहतरीन बल्लेबाजी की है. ईशान किशन का साल 2026 में अभी तक सिक्स हिटिंग रेश्यो 12.69 का है. इसका मतलब ईशान किशन ने इस साल टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में हर 13वीं गेंद पर छक्का लगाया है. ईशान किशन ने साल 2026 में अभी तक 32 टी20 इंटरनेशनल मैचों में 52 छक्के ठोके हैं.
5. साहिबजादा फरहान - (बॉल प्रति छक्का: 12.82)
पाकिस्तान के ओपनर और कप्तान साहिबजादा फरहान ने साल 2025 में अपने देश के लिए 26 टी20 इंटरनेशनल मैच खेलते हुए कुल 45 छक्के लगाए थे. इस दौरान साहिबजादा फरहान का सिक्स हिटिंग रेश्यो 12.82 का रहा था. यानी साल 2025 में साहिबजादा फरहान ने हर 13वीं गेंद पर सिक्स लगाया था.