)
Australia Champions vs South Africa Champions: वर्ल्ड चैंपियनशिप ऑफ लीजेंड्स के तीसरे सीजन का रोमांच जारी है. अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से रिटायर हो चुके कई स्टार खिलाड़ी इस टूर्नामेंट में धमाका मचा रहे हैं. शुक्रवार (9 अक्टूबर) को शारजाह में ऑस्ट्रेलिया चैंपियंस का सामना साउथ अफ्रीका चैंपियंस से हुआ. 42 साल के पूर्व दिग्गज एबी डिविलियर्स ठीक वैसे ही खेले, जैसे वो 30 साल की उम्र में खेलते थे. जी हां, कंगारू गेंदबाजों की धज्जियां उड़ाते हुए ABD ने 210 रनों के टारगेट को मजाक बना दिया. 'मिस्टर 360' नाम से मशहूर डिविलियर्स ने महज 37 गेंदों पर शतक जड़कर सनसनी मचा दी.
शारजाह क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में ऑस्ट्रेलिया ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 209 रनों का स्कोर खड़ा किया. उन्हें क्या पता था कि WCL 2026 में डिविलियर्स जिस फॉर्म में हैं, उनके लिए ये बच्चों का खेल साबित होगा. दिग्गज खिलाड़ी ने मैदान के चारों दिशा में चौकों-छक्कों की बारिश करते हुए 40 गेंदों पर 111 रनों की तूफानी पारी खेली और साउथ अफ्रीका को जीत दिलाकर ही दम लिया.
एबी डिविलियर्स बार-बार ये बता रहे हैं कि शेर भले ही बूढ़ा हो गया है, लेकिन वो शिकार करना नहीं भुला. 42 साल की उम्र में भी वो उसी अंदाज में खेल रहे हैं, जैसे 2016-2017 में खेलते थे. WCL 2026 में ऑस्ट्रेलिया चैंपियंस के खिलाफ मैच में उन्होंने 37 गेंद पर शानदार शतक जड़ा. 277.50 के स्ट्राइक रेट से बल्लेबाजी करते हुए साउथ अफ्रीका चैंपियंस के कप्तान ने 40 गेंदों पर 111 रन बनाए. इस दौरान उन्होंने 11 छक्के और 6 चौके जड़े. इसका मतलब है कि एबीडी ने 111 में से 90 रन तो सिर्फ चौके-छक्के से बनाए. उनकी तूफानी पारी ने ऑस्ट्रेलियाई गेंदबाजों को बर्बाद कर दिया और साउथ अफ्रीका ने 15.4 ओवर में ही 210 रनों का पीछा कर लिया.
111* OFF 40, 𝑨𝑩𝑺𝑶𝑳𝑼𝑻𝑬 𝑩𝑬𝑨𝑺𝑻 DE VILLIERS 🥵🔥 Catch all the action from the World Championship of Legends LIVE on FanCode 📲 #WCL #Cricket #ABdeVilliers #Sixes https://t.co/NyXFdVofoI
— FanCode (@FanCode) October 9, 2026
ऑस्ट्रेलिया चैंपियंस के खिलाफ मैच में 111 रन बनाकर भले ही सारी महफिल एबी डिविलियर्स ने लुट ली, लेकिन ओपनर रिचर्ड लेवी ने भी उनका भरपूर साथ दिया. लेवी ने 29 गेंदों पर 62 रन बनाकर टीम को तेज तर्रार शुरुआत दिलाई और उसके बाद जीत दिलाने की जिम्मेदारी एबी ने अपने कंधों पर ली. इन दोनों के बीच 49 गेंदों पर 127 रनों की साझेदारी हुई.
ऐसा नहीं है कि एबी डिविलियर्स ने सिर्फ कंगारुओं को जख्म दिया है. उन्होंने इस टूर्नामेंट को अपना बना लिया है. WCL की पिछली 7 पारियों में से 4 में एबीडी ने शतक जड़ा है, जबकि दो में अर्धशतक ठोका है. वो सिर्फ एक मैच में दहाई का आंकड़ा क्रॉस नहीं कर सके हैं.
WCL में एबी डिविलियर्स की पिछली 7 पारियां
63* (30)
116* (51)
123 (46)
6 (4)
120 (60)
70 (39)
114* (40)
इससे पहले एबी डिविलियर्स ने वेस्टइंडीज चैंपियंस के गेंदबाजों की क्लास लगाते हुए 39 गेंदों पर 70 रन बनाए थे. साउथ अफ्रीका चैंपियंस ने WCL 2026 में अब तक दो मैच खेले हैं और दोनों में जीत दर्ज की है. 4 अंक और +3.823 नेट रनरेट के साथ ये टीम पॉइंट्स टेबल के शिखर पर मौजूद है. साउथ अफ्रीका चैंपियंस का अगला मुकाबला 10 अक्टूबर को इंडिया चैंपियंस से होगा.