SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

19 साल का 'चमत्कारी' तैराक: एशियन गेम्स में अकेले 7 गोल्ड मेडल जीतकर रचा इतिहास, आ गई माइकल फेल्प्स की याद

Asian Games 2026: हर बार की तरह इस बार भी एशियन गेम्स में चीन का दबदबा कायम है. खास बात ये है कि चीन के 19 साल के युवा तैराक झांग झानशुओ ने एक ही संस्करण में 7 गोल्ड मेडल पर कब्जा कर इतिहास रच दिया है. वो ऐसा अद्भुत कारनामा करने वाले पहले एथलीट बन गए हैं.

Written By Ritesh Kumar
Published: Sep 26, 2026, 09:01 PM IST | Updated: Sep 26, 2026, 09:10 PM IST
Image Credit: AI Graphic
Join

Asian Games 2026: भारत के युवा क्रिकेटर वैभव सूर्यवंशी को फैंस 'वंडर बॉय' कहते हैं. ऐसा इसलिए क्योंकि 14 साल की उम्र में ही उन्होंने क्रिकेट के मैदान पर कई ऐसे कारनामे किए, जिसने दुनिया को हैरान कर दिया. छोटी उम्र में बड़ा धमाका करने के मामले में वैभव अकेले नहीं हैं. एशियन गेम्स 2026 में एक 19 साल के लड़के ने करिश्मा कर दिखाया है. ऐसा करिश्मा, जिसके बारे में जानने के बाद फैंस उनकी तुलना महान तैराक माइकल फेल्प्स से कर रहे थे. 

फेल्प्स ऐसे एथलीट रहे हैं, जिनसे किसी की तुलना करने से पहले दस बार सोचने की जरूरत है, लेकिन फिर भी 19 साल के इस लड़के में उनकी झलक दिखी है, जिसे खेल प्रेमी सलाम कर रहे हैं. हर बार की तरह इस बार भी एशियन गेम्स में चीन का दबदबा कायम है. खास बात ये है कि चीन के 19 साल के युवा तैराक झांग झानशुओ ने एक ही संस्करण में 7 गोल्ड मेडल पर कब्जा कर इतिहास रच दिया है. वो ऐसा अद्भुत कारनामा करने वाले पहले एथलीट बन गए हैं.

चीन के 'चमत्कारी' तैराक ने रचा इतिहास

यूं तो अमेरिका के पूर्व महान स्विमर माइकल फेल्प्स के नाम कई वर्ल्ड रिकॉर्ड दर्ज है, लेकिन 2008 बीजिंग ओलंपिक में उन्होंने जो कारनामा किया, उसे हमेशा याद किया जाएगा. फेल्प्स ने 2008 ओलंपिक में अकेले 8 गोल्ड मेडल जीते थे. उन्होंने अमेरिका के ही तैराक रहे मार्क स्पिट्ज का रिकॉर्ड तोड़ा था, जिन्होंने 1972 ओलंपिक में अकेले 7 गोल्ड मेडल जीते थे.

जब माइकल फेल्प्स ने चीन कि राजधानी बीजिंग में 7 गोल्ड मेडल जीतने का अद्भुत कारनामा किया था, तब झांग झानशुओ सिर्फ एक साल के थे. किसने सोचा था की ये छोटा बच्चा 19 साल की उम्र में पानी में ऐसा आग लगाएगा कि लोग उसकी तुलना माइकल फेल्प्स से करेंगे.

शुक्रवार को टोक्यो में हुई तैराकी प्रतियोगिता में, 198 सेंटीमीटर लंबे चीनी तैराक झांग ने 400-मीटर फ्रीस्टाइल में 3 मिनट 41.28 सेकंड के एशियाई खेलों के रिकॉर्ड के साथ अपना सातवां गोल्ड मेडल जीता. रिकॉर्ड बनाने के बाद, वो लेन डिवाइडर पर बैठ गए और अपनी उंगलियों पर अपने सात मेडल गिने. झांग ने इससे पहले 200, 800 और 1500 मीटर फ्रीस्टाइल के साथ-साथ तीन रिले रेस में भी गोल्ड मेडल जीता था.

चीन ने तोड़ा खुद का रिकॉर्ड

बता दें कि एशियन गेम्स 2026 में तैराकी के छह दिनों के दौरान चीन ने रिकॉर्ड 30 गोल्ड मेडल और कुल मिलाकर 54 मेडल जीते. उन्होंने अपने पिछले रिकॉर्ड तो तोड़ दिया, जब 2023 में उन्होंने तैराकी में 28 गोल्ड मेडल जीते थे.

इतिहास रचने के बाद क्या कहा?

एशियन गेम्स के एक संस्करण में 7 गोल्ड मेडल जीतकर अद्भुत रिकॉर्ड बनाने वाले झांग झानशुओ ने कहा, ''यह हफ्ता मेरे लिए पूरी तरह से सफल रहा है. अब मुझे और भी शांत और फोकस्ड रहना होगा, क्योंकि एशियन गेम्स मेरा आखिरी लक्ष्य नहीं हैं. यह आखिरी पड़ाव नहीं है. मेरा लक्ष्य ओलंपिक है. मैं कड़ी मेहनत करता रहूंगा. दुनिया के बेहतरीन खिलाड़ियों के मुकाबले मुझे अभी भी अपनी कमियों को दूर करना है. मुझे जमीन से जुड़े रहना होगा.''

इन इवेंट्स में जीता गोल्ड मेडल

🥇 1500 मीटर फ्रीस्टाइल
🥇 200 मीटर फ्रीस्टाइल
🥇 400 मीटर फ्रीस्टाइल
🥇 800 मीटर फ्रीस्टाइल
🥇 4×100 मीटर फ्रीस्टाइल रिले
🥇 4×100 मीटर मेडले रिले
🥇 4×200 मीटर फ्रीस्टाइल रिले

'स्विमिंग के किंग' क्यों कहे जाते हैं माइकल फेल्प्स?

जब 19 साल के लड़के की तुलना माइकल फेल्प्स से हो ही गई है तो ये भी जानना जरूरी है कि आखिर क्यों उन्हें 'स्विमिंग का किंग' कहा जाता है. माइकल फेल्प्स के नाम कुल 28 ओलंपिक मेडल जीतने का ऑल-टाइम वर्ल्ड रिकॉर्ड है, जिसमें 23 स्वर्ण पदक शामिल हैं. उन्होंने 2008 बीजिंग ओलंपिक में 8 गोल्ड मेडल जीतकर मार्क स्पिट्ज के 1972 के सात गोल्ड मेडल के रिकॉर्ड को तोड़ा था. उन्होंने अपने करियर के दौरान 39 वर्ल्ड रिकॉर्ड तोड़े (29 व्यक्तिगत और 10 रिले में). 200 मीटर व्यक्तिगत मेडले में लगातार चार ओलंपिक गोल्ड मेडल जीते.

 

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

रितेश कुमार स्पोर्ट्स न्यूज करने के लिए 24 घंटे तैयार रहते हैं क्योंकि इसी से सबसे ज्यादा प्यार करते हैं. पत्रकारिता में 5 साल का अनुभव. The Lallantop से सफर शुरू हुआ और R Bharat के रास्ते अब Zee News तक पहुंचा है. स्पोर्ट्स क्षेत्र में एक सफल पत्रकार बनने का सपना है. भारतीय क्रिकेटर्स, ओलंपिक और पैरालंपिक मेडलिस्ट का इंटरव्यू करने करने का अनुभव. ट्रेडिंग खबरों में डूबे रहने का शौक है.
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES