सिर्फ 2 रन और... सचिन तेंदुलकर के धाकड़ रिकॉर्ड की बराबरी कर लेंगे रोहित शर्मा, इतिहास में दर्ज हो जाएगा नाम
वेस्टइंडीज के खिलाफ तीसरे ODI मैच में रोहित शर्मा एक बड़ा रिकॉर्ड अपने नाम कर सकते हैं. दरअसल, हिटमैन की एंट्री सचिन तेंदुलकर के एक बेहद खास क्लब में हो जाएगी.
भारत और वेस्टइंडीज के बीच तीन मैचों की वनडे इंटरनेशनल सीरीज का तीसरा और आखिरी मुकाबला आज 2:00 दोपहर बजे से न्यू चंडीगढ़ के महाराजा यादवेंद्र सिंह पीसीए स्टेडियम में खेला जाएगा. भारत शुरुआती दो ODI मैच जीतकर पहले ही सीरीज पर कब्जा जमा चुका है. तीन मैचों की इस ODI सीरीज में भारत ने 2-0 से बढ़त बना रखी है. टीम इंडिया का अब अगला टारगेट तीसरा वनडे मैच जीतकर वेस्टइंडीज का 3-0 से सूपड़ा साफ करना है. रोहित शर्मा ने वेस्टइंडीज के खिलाफ दूसरे वनडे में शानदार शतक (101 रन) जड़कर एक बार फिर अपनी बल्लेबाजी का दम दिखाया था. तीसरे ODI मैच में एक बार फिर फैंस की नजरें टीम इंडिया के दिग्गज ओपनर रोहित शर्मा पर होंगी.
रोहित शर्मा के पास शनिवार (3 अक्टूबर) को न्यू चंडीगढ़ में होने वाले तीसरे ODI मुकाबले में एक ऐसा रिकॉर्ड बनाने का मौका है, जो ODI क्रिकेट के इतिहास में अब तक सिर्फ तीन बल्लेबाजों के नाम है. अगर रोहित शर्मा तीसरे वनडे में कम से कम 2 रन बना लेते हैं, तो बतौर ओपनर वनडे क्रिकेट में उनके 10,000 रन पूरे हो जाएंगे. इसके साथ ही वह यह उपलब्धि हासिल करने वाले सिर्फ दूसरे भारतीय बल्लेबाज बन जाएंगे. रोहित ने भारत के लिए बतौर ओपनर 203 वनडे मैचों में 201 पारियां खेली हैं. इन पारियों में उनके नाम 9,998 रन दर्ज हैं. 10000 रन के आंकड़े तक पहुंचने के लिए उन्हें सिर्फ दो रन की जरूरत है.
सचिन तेंदुलकर के धाकड़ रिकॉर्ड की बराबरी कर लेंगे रोहित शर्मा
भारत के महान बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर इस खास क्लब में पहले से मौजूद हैं. सचिन तेंदुलकर ने 1994 से 2012 के बीच भारत के लिए ओपनिंग करते हुए 344 वनडे मैचों में 15,310 रन बनाए थे. वनडे में ओपनर के तौर पर सबसे ज्यादा रन बनाने वालों की लिस्ट में सचिन तेंदुलकर सबसे ऊपर हैं. सचिन तेंदुलकर के बाद श्रीलंका के सनथ जयसूर्या और वेस्टइंडीज के क्रिस गेल का नंबर आता है. सनथ जयसूर्या ने 383 वनडे पारियों में ओपनिंग करते हुए 12740 रन बनाए थे. वहीं, क्रिस गेल के नाम बतौर ओपनर 274 पारियों में 10179 रन हैं. रोहित शर्मा अब इस लिस्ट में शामिल होने के बेहद करीब हैं.
वनडे इंटरनेशनल क्रिकेट में ओपनर के तौर पर सबसे ज्यादा रन
1. सचिन तेंदुलकर (भारत) - 15310 रन
2. सनथ जयसूर्या (श्रीलंका) - 12740 रन
3. क्रिस गेल (वेस्टइंडीज) - 10179 रन
4. रोहित शर्मा (भारत) - 9998 रन
5. एडम गिलक्रिस्ट (ऑस्ट्रेलिया ) - 9200 रन
तीसरे वनडे में सिर्फ रोहित शर्मा ही रिकॉर्ड के करीब नहीं हैं. विराट कोहली के पास भी वेस्टइंडीज के खिलाफ एक बड़ा रिकॉर्ड अपने नाम करने का मौका होगा. विराट कोहली अगर न्यू चंडीगढ़ में 103 रन बना लेते हैं, तो वह कैरेबियाई टीम के खिलाफ इंटरनेशनल क्रिकेट में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज बन जाएंगे. विराट कोहली ने वेस्टइंडीज के खिलाफ इंटरनेशनल क्रिकेट में अब तक 75 मैचों की 77 पारियों में 4018 रन बनाए हैं. दूसरी तरफ साउथ अफ्रीका के दिग्गज ऑलराउंडर जैक कैलिस ने कैरेबियाई टीम के खिलाफ 66 मैचों की 85 पारियों में 4120 रन बनाए थे. जैक कैलिस का रिकॉर्ड तोड़ने के लिए विराट कोहली को तीसरे वनडे में 103 रन की पारी खेलनी होगी. विराट कोहली वेस्टइंडीज के खिलाफ अब तक इंटरनेशनल क्रिकेट में 13 शतक लगा चुके हैं. इस मामले में विराट कोहली फिलहाल भारत के महान बल्लेबाज सुनील गावस्कर के साथ बराबरी पर हैं.
इंटरनेशनल क्रिकेट में वेस्टइंडीज के खिलाफ सबसे ज्यादा रन
1. जैक कैलिस (साउथ अफ्रीका) - 4120
2. विराट कोहली (भारत) - 4018
3. एलन बॉर्डर (ऑस्ट्रेलिया ) - 3598
4. मार्क वॉ (ऑस्ट्रेलिया ) - 3566
5. रिकी पोंटिंग (ऑस्ट्रेलिया) - 3452