खेल जगत से दर्दनाक खबर: एशियन पैरा गेम्स में 3 बार गोल्ड मेडल जीतने वाले नीरज यादव की मौत
Neeraj Yadav Suicide: भारतीय खेल जगत से दुखद खबर सामने आई है. रिपोर्ट के मुताबिक एशियन पैरा गेम्स में गोल्ड मेडल जीतने वाले नीरज यादव ने कथित तौर पर आत्महत्या कर ली है. नवंबर 2023 में उन पर 'एंटी-डोपिंग नियम के उल्लंघन' (ADRV) का आरोप लगाया गया और 2024 में उन्हें अस्थायी रूप से निलंबित कर दिया गया.
Neeraj Yadav Suicide: भारतीय खेल जगत से दुखद खबर सामने आई है. 'द टाइम्स ऑफ इंडिया' की एक रिपोर्ट के अनुसार, भारतीय पैरा-एथलीट ने मंगलवार रात कथित तौर पर आत्महत्या कर ली. उनकी मौत के हालात अभी स्पष्ट नहीं हैं. नीरज ने 2018 एशियन पैरा गेम्स में पुरुषों की जैवलिन F55 स्पर्धा में गोल्ड मेडल जीता था और 2022 एशियन पैरा गेम्स में दो और गोल्ड मेडल अपने नाम किए थे.
रिपोर्ट के अनुसार, पैरालंपिक चैंपियन सुमित अंतिल और उनके साथी पैरा-एथलीट विपिन कसाना अस्पताल में मौजूद थे. भारत के मुख्य पैरा-एथलेटिक्स कोच एस. सत्यनारायण ने अखबार को बताया कि डोपिंग के कारण लगे प्रतिबंध की वजह से जापान के नागोया में होने वाले एशियाई पैरा खेलों में हिस्सा न ले पाने के कारण, नीरज शायद मानसिक उथल-पुथल से गुजर रहे थे.
कथित तौर पर नीरज यादव ने की आत्महत्या
सत्यनारायण ने TOI को बताया, "हां, नीरज ने आत्महत्या कर ली है. मुझे भी यही जानकारी मिली है. बताया गया है कि उन्होंने कल रात अपने फ्लैट पर जहर खा लिया था. यह बेहद दुर्भाग्यपूर्ण और दुखद घटना है.''
सात साल की उम्र में 'पोस्ट-पोलियो रेसिडुअल पैरालिसिस' (पोलियो के बाद होने वाला लकवा) से पीड़ित होने के बावजूद, नीरज ने पैरा जैवलिन और डिस्कस थ्रो की F55 श्रेणी में हिस्सा लिया. उत्तर प्रदेश के रहने वाले 42 वर्षीय नीरज ने 2018 के जकार्ता एशियन पैरा गेम्स और 2022 के हांगझोऊ एशियन पैरा गेम्स में जैवलिन थ्रो में गोल्ड मेडल जीता था. इसके अलावा, उन्होंने हांगझोऊ में डिस्कस थ्रो में भी स्वर्ण पदक हासिल किया.
हांगझोऊ में छीन गया था गोल्ड मेडल
रिपोर्ट के अनुसार, डोपिंग के कारण सस्पेंड होने की वजह से इस महीने की शुरुआत में आइची-नागोया में हुए एशियन पैरा गेम्स में हिस्सा न ले पाने के बाद, नीरज काफी मानसिक तनाव में थे. उनकी मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसका अभी पता नहीं चल पाया है. पैरा-एथलेटिक्स में आने से पहले, उन्होंने 2005 से 2012 के बीच व्हीलचेयर टेनिस खेला था.
अक्टूबर 2023 में, बेंगलुरु के SAI सेंटर में नेशनल एंटी-डोपिंग एजेंसी (NADA) द्वारा लिए गए एक सैंपल में नीरज यादव एनाबॉलिक स्टेरॉयड 'स्टैनोजोलोल' के लिए पॉजिटिव पाए गए थे.
इसके बाद, नवंबर 2023 में उन पर 'एंटी-डोपिंग नियम के उल्लंघन' (ADRV) का आरोप लगाया गया और 2024 में उन्हें अस्थायी रूप से निलंबित कर दिया गया. इस मामले का हांगझू एशियन पैरा गेम्स में भारत के प्रदर्शन पर गहरा असर पड़ा, क्योंकि देश के खाते से दो स्वर्ण पदक (गोल्ड मेडल) छीन लिए गए.
नतीजतन, भारत के पदकों की कुल संख्या 111 से घटकर 108 रह गई, जिसमें स्वर्ण पदकों की संख्या 29 से घटकर 27 हो गई. इससे अंतिम रैंकिंग में भारत पांचवें स्थान से खिसककर छठे स्थान पर आ गया.
हालांकि, पूरी प्रक्रिया के दौरान नीरज ने खुद को निर्दोष बताया. उन्होंने दावा किया कि सैंपल में कोई गड़बड़ी हुई है या टेस्टिंग प्रक्रिया में कोई गलती हुई है. साथ ही, उन्होंने सैंपल की असलियत की पुष्टि करने के लिए DNA टेस्ट कराने की मांग भी की थी.