App

हैरी केन के तूफान में पीछे रह गए मेसी, एम्बाप्पे और यमाल: बैलन डी'ओर जीत इंग्लैंड को 25 साल बाद दिलाया सम्मान

हैरी केन के तूफान में बाकी सभी खिलाड़ी पीछे छूट गए. उन्होंने इस साल फुटबॉल का सबसे प्रतिष्ठित व्यक्तिगत पुरस्कार 'बैलोन डी'ओर' जीत लिया है. 25 साल के लंबे इंतजार के बाद इंग्लैंड के किसी प्लेयर ने Ballon d'Or जीता है.

हैरी केन के तूफान में पीछे रह गए मेसी, एम्बाप्पे और यमाल: बैलन डी'ओर जीत इंग्लैंड को 25 साल बाद दिलाया सम्मान
Image Credit: हैरी केन ने जीता बैलन डी'ओर पुरस्कार (AI Graphic)

इंग्लैंड के स्टार फुटबॉलर हैरी केन के तूफान में दुनिया के कई बड़े खिलाड़ी पीछे छूट गए हैं. सोमवार को लंदन में आयोजित एक समारोह में, हैरी केन ने किलियन एम्बाप्पे और लामिन यमाल को पीछे छोड़ते हुए फुटबॉल का सबसे प्रतिष्ठित व्यक्तिगत पुरस्कार 'बैलोन डी'ओर' जीता. इसके साथ ही वो 2001 में माइकल ओवेन के बाद, यह सम्मान पाने वाले पहले इंग्लिश फुटबॉलर बन गए हैं. हैरी केन के कारण इंग्लैंड को 25 साल के लंबे इंतजार के बाद यह सम्मान मिला है.

हैरी केन भले ही 2026 में इंग्लैंड को फीफा वर्ल्ड चैंपियन बनाने से चूक गए थे, लेकिन बायर्न म्यूनिख के 33 वर्षीय स्ट्राइकर ने 2025-26 सीजन में शानदार प्रदर्शन किया है. उन्होंने इस सीजन अपने क्लब और देश के लिए 65 मैचों में 73 गोल किए. साथ ही, यूरोप की घरेलू लीगों में सबसे ज्यादा गोल करने वाले खिलाड़ी के तौर पर उन्होंने 'यूरोपियन गोल्डन शू' भी जीता.

हैरी केन बने 'बैलोन डी'ओर' विजेता

'बैलोन डी'ओर' अवॉर्ड जीतना हर फुटबॉलर का सपना होता है. इसे फुटबॉल का सबसे प्रतिष्ठित व्यक्तिगत पुरस्कार माना जाता है. अर्जेंटीना के स्टार खिलाड़ी और फुटबॉल के 'जादूगर' कहे जाने वाले लियोनेल मेसी ने सबसे अधिक 8 बार ये स्पेशल अवॉर्ड जीता है. पुर्तगाल के धुरंधर स्ट्राइकर क्रिस्टियानो रोनाल्डो ने 5 बार 'बैलोन डी'ओर' अपने नाम किया है. हैरी केन की जिंदगी में ये पुरस्कार जीतने का लम्हा पहली बार आया है.

बैलोन डी'ओर जीतने वाले पांचवें अंग्रेज बने केन

हैरी केन बैलोन डी'ओर जीतने वाले पांचवें अंग्रेज बन गए हैं. उनसे पहले सर स्टेनली मैथ्यूज, सर बॉबी चार्लटन, केविन कीगन और ओवेन यह सम्मान पा चुके हैं. उनकी जीत ने इस पुरस्कार के इतिहास में चले आ रहे एक खास ट्रेंड को भी बरकरार रखा है. लियोनेल मेसी, जिन्होंने 2012 में 25 साल की उम्र में यह पुरस्कार जीता था, वे 27 साल या उससे कम उम्र के आखिरी खिलाड़ी हैं जिन्होंने पुरुषों का यह खिताब अपने नाम किया है.

हैरी केन ने क्या कहा?

'बैलोन डी'ओर' विजेता बनने के बाद हैरी केन ने स्वीकार किया कि ये अवॉर्ड जीतने से पहले वो काफी नर्वस थे. केन लंदन पैलेडियम पहुंचे तो उन्हें पता था कि वो इस पुरस्कार के प्रमुख दावेदारों में से एक हैं, लेकिन उन्होंने माना कि नतीजों का इंतजार करना उनके लिए एक नया अनुभव था, क्योंकि एक खिलाड़ी के तौर पर वो हमेशा मैचों के परिणाम को प्रभावित करने के आदी रहे हैं.

'बैलोन डी'ओर' जीतने के बाद हैरी केन ने भावुक स्पीच दिया. इंग्लैंड के कप्तान ने कहा, ''मेरे पास शब्द ही नहीं हैं. अच्छी बात है कि मेरे पास यहां यह लिस्ट है. इस शानदार आयोजन के लिए फ्रांस फुटबॉल और बैलोन डी'ओर का धन्यवाद. लंदन में होना इसे और भी खास बनाता है. आज रात मेरे लिए यह एक अच्छा शगुन लग रहा है, इसलिए आप सभी का बहुत-बहुत धन्यवाद. मुझे वोट देने वाले सभी लोगों का धन्यवाद. मैं समझ सकता हूं कि इस साल मुकाबला वाकई बहुत कड़ा था, क्योंकि मेरे सामने कुछ बेहतरीन खिलाड़ी थे. जिनमें मेरे कुछ साथी खिलाड़ी और आज रात यहां मौजूद कुछ विश्व-स्तरीय प्लेयर्स भी शामिल हैं.''

हैरी केन का तूफानी फॉर्म

फ्रांस के स्टार स्ट्राइकर किलियन एम्बाप्पे और 2026 फीफा वर्ल्ड चैंपियन स्पेन टीम का हिस्सा रहे लामिन यमाल को पीछे छोड़ हैरी केन ने 'बैलोन डी'ओर' जीता. केन ने 2025-26 सीजन के दौरान बायर्न के लिए सभी प्रतियोगिताओं में 61 गोल किए, जिससे इस जर्मन क्लब को बुंडेसलिगा, DFB-पोकल और फ्रांज बेकेनबाउर सुपरकप जीतने में मदद मिली. उन्होंने चैंपियंस लीग में 14 गोल किए और टूर्नामेंट के सबसे ज़्यादा गोल करने वाले खिलाड़ियों में शामिल रहे.

उनकी सफलता केवल क्लब फ़ुटबॉल तक ही सीमित नहीं रही. केन ने 2026 विश्व कप में छह गोल किए, जहां इंग्लैंड तीसरे स्थान पर रहा. इस टूर्नामेंट के गोलों को मिलाकर उनके कुल विश्व कप गोलों की संख्या 14 हो गई. इसके साथ ही, उन्होंने गैरी लिनेकर को पीछे छोड़ दिया और विश्व कप के इतिहास में इंग्लैंड की पुरुष टीम के लिए सबसे ज्यादा गोल करने वाले खिलाड़ी बन गए.

बैलोन डी'ओर 2026: विजेताओं की पूरी लिस्ट

पुरुष बैलोन डी'ओर: हैरी केन (बायर्न म्यूनिख, इंग्लैंड)
महिला बैलोन डी'ओर: एलेक्सिया पुटेलस (बार्सिलोना, स्पेन; अब लंदन सिटी लायनेसेस)
पुरुष 'यंग टैलेंट ऑफ द ईयर': लामिन यमाल (बार्सिलोना, स्पेन)
महिला 'यंग टैलेंट ऑफ द ईयर': विकी लोपेज (बार्सिलोना, स्पेन)
पुरुष 'गोलकीपर ऑफ द ईयर': उनाई सिमोन (एथलेटिक क्लब, स्पेन)
महिला 'गोलकीपर ऑफ द ईयर': काटा कोल (बार्सिलोना, स्पेन)
पुरुष कोच ऑफ द ईयर: लुइस डे ला फुएंते (स्पेन)
महिला कोच ऑफ द ईयर: पेरे रोमेउ (बार्सिलोना, स्पेन)
पुरुष क्लब ऑफ द ईयर: पेरिस सेंट-जर्मेन (फ्रांस)
महिला क्लब ऑफ द ईयर: बार्सिलोना (स्पेन)
पुरुष स्ट्राइकर ऑफ द ईयर: हैरी केन (बायर्न म्यूनिख, इंग्लैंड)
महिला स्ट्राइकर ऑफ द ईयर: चार्लिन कोराल (सीएफ पचुका, मैक्सिको)

 

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Ritesh Kumar

Ritesh Kumar

रितेश कुमार स्पोर्ट्स न्यूज करने के लिए 24 घंटे तैयार रहते हैं क्योंकि इसी से सबसे ज्यादा प्यार करते हैं. पत्रकारिता में 5 साल का अनुभव. The Lallantop से सफर शुरू हुआ और R Bharat के रास्ते अब Zee News तक पहुंचा है. स्पोर्ट्स क्षेत्र में एक सफल पत्रकार बनने का सपना है. भारतीय क्रिकेटर्स, ओलंपिक और पैरालंपिक मेडलिस्ट का इंटरव्यू करने करने का अनुभव. ट्रेडिंग खबरों में डूबे रहने का शौक है.
Read More