)
चक्रवात 'अर्नब' के प्रभाव से छत्तीसगढ़ के मौसम में बड़ा बदलाव आने वाला है. मौसम विभाग ने राज्य के कई हिस्सों में अगले दो दिनों तक भारी से अति भारी बारिश की चेतावनी जारी की है. साथ ही 50 से 90 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज आंधी-तूफान चलने की भी संभावना है. इस दौरान गरज-चमक के साथ बिजली गिरने की भी आशंका जताई गई है, जिसे देखते हुए प्रशासन ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है.
सोमवार को राज्य की राजधानी रायपुर में अधिकतम तापमान 32.4°C दर्ज किया गया, जबकि अंबिकापुर में न्यूनतम तापमान गिरकर 12.9°C पर आ गया, जिससे वहां ठंड बढ़ गई है. चक्रवात 'अर्नब' के कारण छत्तीसगढ़ के लिए अगले 48 घंटे बहुत संवेदनशील माने जा रहे हैं. किसी भी आपातकालीन स्थिति या अप्रिय घटना से बचने के लिए नागरिकों को सुरक्षित स्थानों पर रहने और बिना जरूरत के बाहर यात्रा करने से बचने की सलाह दी गई है.
मौसम विभाग ने दक्षिण बस्तर के दंतेवाड़ा, सुकमा और बीजापुर जिलों के लिए 28 अक्टूबर को रेड अलर्ट जारी किया है. वहीं 29 अक्टूबर को गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, बिलासपुर, मुंगेली और कबीरधाम जिलों में बारिश का रेड अलर्ट जारी किया गया है. इस दौरान कई जिलों में गरज-चमक के साथ बिजली गिरने और 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है.
मौसम विभाग ने आज 27 अक्टूबर को 21 जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है. इनमें बस्तर, दंतेवाड़ा, सुकमा, बीजापुर, कोंडागांव, कांकेर, नारायणपुर, रायपुर, बलौदाबाजार, गरियाबंद, धमतरी, महासमुंद, रायगढ़, सारंगढ़-बिलाईगढ़, सक्ती, जांजगीर-चांपा, जशपुर, सूरजपुर, बलरामपुर और सरगुजा शामिल हैं. वहीं, राजधानी रायपुर में आसमान में बादल छाए रहने की संभावना है. साथ ही बारिश, आंधी-तूफान और तेज हवाएं चलने के आसार हैं. यहां अधिकतम तापमान 31°C और न्यूनतम तापमान 22°C रहने की संभावना है.
28 अक्टूबर के लिए तीन जिलों दंतेवाड़ा, सुकमा और बीजापुर के लिए रेड अलर्ट जारी किया गया है. इसके अलावा 15 जिलों दुर्ग, बालोद, बेमेतरा, खैरागढ़-छुईखदान-गंडई, राजनांदगांव, मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी, रायपुर, बलौदा बाजार, गरियाबंद, धमतरी, महासमुंद, बस्तर, कोंडागांव, कांकेर और नारायणपुर के लिए ऑरेंज अलर्ट है. साथ ही सरगुजा, जशपुर, सूरजपुर, बलरामपुर, कोरिया, मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, बिलासपुर, मुंगेली, कोरबा, रायगढ़, सारंगढ़-बिलाईगढ़, सक्ती, जांजगीर-चांपा और कबीरधाम के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है.
इस बीच 29 अक्टूबर के लिए चार जिलों गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, बिलासपुर, मुंगेली और कबीरधाम के लिए रेड अलर्ट जारी किया गया है. इसके अलावा कोरबा, कोरिया, मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर, सूरजपुर, बेमेतरा, खैरागढ़-छुईखदान-गंडई और राजनांदगांव के लिए ऑरेंज अलर्ट प्रभावी रहेगा.
चक्रवात 'अर्नब' के कारण छत्तीसगढ़ के लिए अगले 48 घंटे काफी चुनौतीपूर्ण रहने की आशंका है. तेज हवाओं, भारी बारिश और बिजली गिरने के खतरों को देखते हुए मौसम विभाग और स्थानीय प्रशासन द्वारा जारी चेतावनियों का पालन करना बहुत जरूरी है. मौसम विभाग ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है.