)
World News In Hindi: सर्बिया में राजधानी बेलग्रेड में स्थित इजरायली दूतावास के एक सिक्योरिटी गार्ड पर मंगलवार ( 27 अक्टूबर 2026) देर रात चाकू से जोरदार हमला किया गया. पुलिस की ओर से दी गई जानकारी के मुताबिक, बाद में अज्ञात हमलावर को मार गिराया गया.
लोकल मीडिया आउटलेट 'N1' की रिपोर्ट के मुताबिक, मामले को लेकर सर्बिया के उप प्रधानमंत्री और आंतरिक मामलों के मंत्री इवित्सा दचिच ने बताया कि पुलिस घटना को आतंकवादी हमला मान रही है. इस घटना के बाद से आतंकी खतरे के देखते हुए कई प्रमुख जगहों पर पुलिस की मौजूदगी बढ़ा दी गई है.
दचिच के मुताबिक, एक अज्ञात नाबालिग ने जेंडरमेरी (सर्बिया की एक तरह की अर्धसैनिक पुलिस) के सदस्य पर 2 चाकुओं से हमला किया गया. उन्होंने कहा,' कल आधी रात को बेलग्रेड में एक आतंकवादी हमला हुआ. इस हमले में इजरायली दूतावास की सुरक्षा में तैनात जेंडरमेरी के एक जवान को निशाना बनाया गया. इस घटना के बाद, आतंकवादी खतरे के स्तर को उच्चतम स्तर तक बढ़ा दिया गया है और महत्वपूर्ण जगहों पर पुलिस की मौजूदगी बढ़ा दी गई है.' दचिच ने बताया कि हमलावर नाबालिग था. उसे जेंडरमेरी अधिकारी ने मार गिराया.
दचिच ने अज्ञात हमलावर को आतंकी संगठन इस्लामिक स्टेट का समर्थक बताते हुए कहा,' सर्बिया की सुरक्षा एजेंसियां हमलावर पर नजर रख रही थीं. अपनी पड़ताल के आधार पर एजेंसियों ने कहा कि वह इस्लामिक स्टेट समूह का समर्थक था. हमलावर ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर इस्लामिक स्टेट के समर्थन में काला झंडा रखा था.' मंत्रालय के एक बयान के मुताबिक, अज्ञात नाबालिग के शबाक इलाके से होने का संदेह है. उसने धर्म विशेष का नारा लगाते हुए 2 चाकुओं से जेंडरमेरी गार्ड पर हमला किया था.
दचिच ने स्पष्ट किया कि मामले की जांच चल रही है और पूरी जानकारी बुधवार ( 28 अक्टूबर 2026) की रात तक मिल जाएगी. उन्होंने कहा,' क्योंकि हमारे क्षेत्र में आतंकवादी हमला हुआ है और आंतरिक मामलों के मंत्री के रूप में मेरी जिम्मेदारी है, इसलिए मैंने आतंकवादी खतरे के स्तर को उच्चतम स्तर यानी 'रेड लेवल' तक बढ़ा दिया है.' आंतरिक मंत्री ने बताया कि इसका अर्थ है कि सुरक्षा जांच को और कड़ा कर दिया गया है. महत्वपूर्ण बुनियादी ढांचे और उन जगहों पर, जहां बड़ी संख्या में लोग इकट्ठा होते हैं वहां पुलिस की मौजूदगी बढ़ा दी गई है. सर्बियाई मंत्री के अनुसार वह और पुलिस महानिदेशक जनरल ड्रैगन वासिलजेविच हमले में घायल जेंडरमेरी अधिकारी से मिलने गए थे. सुरक्षाकर्मी की हालत ठीक है और उसे बुधवार को अस्पताल से छुट्टी देकर घर भेज दिया जाएगा. ( इनपुट- IANS)