)
ग्रेटर नोएडा के पंजाब नेशनल बैंक (PNB) की ऐच्छर गांव शाखा में खाताधारकों की करीब 35 करोड़ रुपये की रकम में कथित हेराफेरी का मामला सामने आया है. आरोप है कि बैंक के कर्मचारियों ने कई खाताधारकों की FD समय से पहले तोड़कर रकम दूसरे खातों में ट्रांसफर कर दी. कई लोगों ने खातों से रकम गायब होने और FD खत्म होने की शिकायत की है. वहीं, बैंक मैनेजर ने 5 कर्मचारियों को सस्पेंड कर दिया है. बैंक के बाहर भारी भीड़ जुटी है.
मामला सामने आने के बाद पीएनबी क्षेत्रीय कार्यालय एक्शन में आया. क्षेत्रीय कार्यालय ने बैंक के पांच कर्मचारियों को सस्पेंड कर पुलिस से शिकायत दर्ज कराई है. हालांकि, बैंक की ओर से अभी तक इस संबंध में आधिकारिक रूप से विस्तृत जानकारी नहीं दी गई है. वहीं, बीटा-2 कोतवाली पुलिस ने भी शिकायतों के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है. बुधवार को बैंक के बाहर सैकड़ों लोगों की भीड़ जमा हो गई और इसको देखते हुए मौके पर भारी फोर्स तैनात कर दी गई है.
बुधवार सुबह से ही बैंक के बाहर लोगों की भीड़ जुटनी लगी. दोपहर तक सैकड़ों लोग जमा हो गए. लोग अपने खातों की जांच की मांग पर अड़े रहे. कई लोगों के खातों की रकम भी जीरो मिली, हालांकि, कुछ लोगों की रकम सुरक्षित थी. ज्यादातर लोगों कहना है कि जेवर एयरपोर्ट में जमीन का मुआवजा मिला था. वह रकम इन्होंने बैंक में FD के तौर पर जमा की थी, लेकिन जब वह पैसे निकलने गए तो पैसे गायब थे और जीरो बैलेंस था. उनकी रकम को अलग अलग खातों में ट्रांसफर किया गया था.
ऐच्छर गांव निवासी ट्रांसपोर्टर विनीत भाटी ने बीटा-2 कोतवाली में तहरीर देकर बैंक कर्मचारियों की भूमिका की जांच और 25 लाख रुपये वापस दिलाने की मांग की. उनका कहना है कि वह जय शिव ट्रांसपोर्ट नाम से फर्म चलाते हैं और उनका बैंक में करंट अकाउंट है. उन्होंने म्यूचुअल फंड में निवेश के लिए बैंक कर्मचारियों से संपर्क किया था. ब्रांच मैनेजर के कहने पर उन्होंने चेक और संबंधित ब्रोशर पर हस्ताक्षर किए थे. आरोप है कि रकम उनके सेविंग अकाउंट में ट्रांसफर किए जाने के बजाय किसी अन्य खाते में भेज दी गई.
खाता विनीत भाटी के नाम से बताया गया, लेकिन वह उनका अपना खाता नहीं था. एक अन्य खाताधारक ने बताया कि उनकी मां के खाते में नोएडा एयरपोर्ट के लिए जमीन जाने के बाद करीब 1 करोड़ 29 लाख रुपये का मुआवजा आया था. इसमें से केवल 15 लाख रुपये ही निकाले थे. अब 1 करोड से ज्यादा की रकम गायब है. वहीं, बैंक से जुड़े लोगों ने सभी लोगों को भरोसा दिया है कि उनके पैसे कल तक उनके खाते में वापस आ जाएंगे, लापरवाही और गड़बड़ी करने वाले लोगों की जांच की जा रही है. पुलिस से बैंक के खिलाफ 16 लोगों ने शिकायत की है. एंटी करप्शन टीम भी जांच कर रही है.
(ग्रेटर नोएडा से भूपेश प्रताप की रिपोर्ट)