)
मधेपुरा जिला में जननायक कर्पूरी ठाकुर मेडिकल कॉलेज में इलाज करा रहे दो कैदी कारागृह से फरार हो गए. दोनों ने पांचवीं मंजिल की ग्रिल का पाइप तोड़कर रास्ता बनाया और बेडशीट को रस्सी की तरह इस्तेमाल कर नीचे उतर गए. घटना की सूचना मिलते ही सक्रिय हुई पुलिस ने दोनों को अलग-अलग जगहों से गिरफ्तार कर लिया.
सूत्रों के अनुसार, शंकरपुर प्रखंड के मधेली बाजार वार्ड नंबर 12 निवासी मो. इस्लाम उर्फ मो. जुगनू, पिता मो. कलाम, पिछले 11 दिनों से मेडिकल कॉलेज में इलाज करा रहा था. वहीं, जजहट सबैला पंचायत के वार्ड नंबर पांच निवासी मो. हजर उर्फ अब्बु हजर, पिता अमुन हजर, सोमवार को इलाज के लिए भर्ती हुआ था.
फरार होने के बाद पुलिस ने तलाश अभियान चलाया. एसआई रोशन कुमार ने पुलिस बल के साथ छापेमारी कर मो. जुगनू को टेंगराहा स्थित उसकी बहन के घर से पकड़ लिया. वहीं, मो. हजर को शंकरपुर प्रखंड के चौरा से गिरफ्तार किया गया. दोनों को सिंहेश्वर थाना लाया गया.
बताया जा रहा है कि मो. जुगनू का अगले दिन ऑपरेशन होना था. इस घटना ने मेडिकल कॉलेज के कारागृह की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं. थानाध्यक्ष विनोद कुमार सिंह ने बताया कि फरार दोनों कैदियों को गिरफ्तार कर लिया गया है. मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है.
दूसरी तरफ पटना के मसौढ़ी थाना क्षेत्र के कोर्ट हाल्ट के समीप मुहल्ले में चोरों ने दिन दहाड़े चोरी की वारदात को अंजाम दिया. चोर एक बंद पड़े फ्लैट का ताला तोड़ कर घर में रखे जेवरात और नगद लेकर भाग गए. घर के रहने वाले सभी सदस्य किसी काम से पटना गए थे. इस दौरान घर में ताला बंद था. पीड़ित परिवार ने बताया कि घर के मुख्य दरवाजे का ताला टूटा हुआ था. घर के अंदर सभी समान बिखरे थे. अलमारी को भी तोड़ा गया था. घर में रखे लगभग 40 लाख के जेवरात और दो लाख नगद की चोरी हुई. सूचना पर पुलिस पहुंची और छानबीन में जुटी. फिलहाल, पुलिस घर के बाहर सड़क के रास्ते में लगे सीसीटीवी की जांच में जुटी है, ताकि आरोपियों की पहचान की जा सके.
रिपोर्ट: प्रशांत कुमार