App

चल गया हंटर... ICC ने निकाली पाकिस्तानी क्रिकेटर की हेकड़ी, हारिस रऊफ के साथ इंग्लैंड टीम पर भी एक्शन

इंग्लैंड के खिलाफ वनडे मैच में विल जैक्स से बहस और मैदान पर व्यवहार के कारण हारिस रऊफ पर ICC ने 20% जुर्माना लगाया. इंग्लैंड की टीम पर भी स्लो ओवर रेट के लिए कार्रवाई हुई है.

चल गया हंटर... ICC ने निकाली पाकिस्तानी क्रिकेटर की हेकड़ी, हारिस रऊफ के साथ इंग्लैंड टीम पर भी एक्शन
Image Credit: ICC Fined Haris Rauf and England Cricketers

पाकिस्तान के तेज गेंदबाज हारिस रऊफ पर इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (ICC) का हंटर चल गया है. हारिस रऊफ ने क्रिकेट के मैदान पर एक ऐसी हरकत की जिससे ICC ने उन पर कड़ा एक्शन लिया है. सिर्फ इतना ही नहीं इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (ICC) ने इंग्लैंड क्रिकेट टीम के खिलाड़ियों पर भी कड़ी कार्रवाई की है. दरअसल, लाहौर में रविवार को इंग्लैंड के खिलाफ खेले गए वनडे मैच के दौरान मैदान पर अपने बर्ताव के लिए पाकिस्तान के तेज गेंदबाज हारिस रऊफ पर उनकी मैच फीस का 20 प्रतिशत जुर्माना लगाया गया है और उन्हें एक डिमेरिट पॉइंट दिया गया है. 

इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (ICC) ने इसके अलावा तय ओवर-रेट बनाए रखने में नाकाम रहने पर इंग्लैंड की टीम पर भी जुर्माना लगाया है. इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (ICC) ने पुष्टि की है कि हारिस रऊफ ने खिलाड़ियों और सपोर्ट स्टाफ के लिए बने 'कोड ऑफ कंडक्ट' (आचार संहिता) के आर्टिकल 2.2 का उल्लंघन किया है, जो खेल की भावना के खिलाफ किए गए बर्ताव से जुड़ा है. उन्हें आधिकारिक तौर पर चेतावनी दी गई है. 24 महीने के भीतर यह उनका तीसरा अपराध है, जिसके बाद उनके कुल डिमेरिट पॉइंट्स की संख्या पांच हो गई है.

ICC ने निकाली पाकिस्तानी क्रिकेटर की हेकड़ी

यह घटना पाकिस्तान की पारी के अंत में, 46वें ओवर के बाद हुई, जब हारिस रऊफ नॉन-स्ट्राइकर एंड पर थे. इस तेज गेंदबाज ने 'वाइड' गेंद की अपील की और फिर इंग्लैंड के ऑलराउंडर विल जैक्स के साथ बहस करने लगे. बहस के दौरान हारिस रऊफ ने अपना बल्ला ऊपर उठाया और अंपायर शरफुद्दौला इब्ने शाहिद की चेतावनी के बावजूद बहस जारी रखी. इसके बाद, जैक्स की ओर जाते समय वे अंपायर के काफी करीब से गुजरे.

हारिस रऊफ के साथ इंग्लैंड टीम पर भी एक्शन

इंग्लैंड की टीम पर भी अलग से जुर्माना लगाया गया है. तय समय में ओवर पूरे न कर पाने के कारण उनके खिलाड़ियों पर मैच फीस का 15 प्रतिशत जुर्माना लगाया गया है. यह कार्रवाई ICC कोड ऑफ कंडक्ट के आर्टिकल 2.22 के तहत की गई है, जिसके अनुसार अगर कोई टीम तय ओवर-रेट से पीछे रहती है, तो हर कम ओवर के लिए खिलाड़ियों की मैच फीस पर 5 प्रतिशत जुर्माना लगाया जाता है.

हारिस रऊफ और इंग्लैंड के कप्तान हैरी ब्रूक, दोनों ने अपने ऊपर लगे आरोपों और ICC एलीट पैनल के मैच रेफरी जेफ क्रो द्वारा तय किए गए जुर्माने को स्वीकार कर लिया है. नतीजतन, किसी भी मामले में औपचारिक सुनवाई की जरूरत नहीं पड़ी. दोनों टीमों के खिलाफ ये आरोप मैदानी अंपायर राशिद रियाज और शरफुद्दौला, थर्ड अंपायर वेन नाइट्स और चौथे अंपायर नासिर हुसैन ने लगाए थे.

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Tarun Verma

Tarun Verma

तरुण वर्मा ज़ी न्यूज़ हिंदी डिजिटल में स्पोर्ट्स डेस्क में कार्यरत हैं. तरुण वर्मा फरवरी 2021 से ज़ी न्यूज का हिस्सा हैं. तरुण वर्मा किसी भी मैच का बारीकी से विश्‍लेषण करने में माहिर हैं. तरुण वर्मा को क्रिकेट व अन्य खेलों से जुड़ी ख़बरों के विभिन्न एंगल्स पर साइड स्टोरीज़ करने के अलावा खिलाड़ियों पर स्‍पेशल पैकेजेस बनाने में बहुत रुचि है. क्रिकेट व अन्य खेलों से जुड़ी हर छोटी-बड़ी जानकारी ज़ी न्यूज़ के पाठकों तक पहुंचाने की ज़िम्मेदारी तरुण वर्मा बख़ूबी निभाते हैं. तरुण वर्मा को क्रिकेट खेलने, किताबें पढ़ने और घूमने का बहुत शौक है. तरुण वर्मा साल 2016 में गौतम गंभीर के कोच संजय भारद्वाज का इंटरव्यू कर चुके हैं. तरुण वर्मा खेलों के कई बड़े-बड़े इवेंट्स को कवर करने का अनुभव रखते हैं. ज़ी न्यूज़ से जुड़ने से पहले तरुण वर्मा इंडिया टुडे ग्रुप मीडिया (Aajtak.in) संस्थान का भी हिस्सा रह चुके हैं. आप Tarun.Verma@India.com पर सीधे ईमेल कर इनसे जुड़ सकते हैं. तरुण वर्मा एक दशक से पत्रकारिता में सक्रिय हैं.
Read More